कोविड-19 : श्रीलंका ने रात्रि यात्रा पर लगाया प्रतिबंध

punjabkesari.in Wednesday, May 12, 2021 - 06:36 PM (IST)

 कोलंबो: श्रीलंका ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के प्रयास के तहत वह देश भर में रात को गाड़ियों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर रहा है। इस द्वीपीय राष्ट्र में महामारी से अब तक 800 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। कोविड के खिलाफ अभियान का नेतृत्व कर रहे सेना प्रमुख जनरल शावेंद्र सिल्वा ने मीडिया को बताया कि रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक गाड़ियों की आवाजाही पर प्रतिबंध आज रात से 31 मई तक प्रभावी रहेगा।

 

उन्होंने कहा कि इस दौरान हालांकि आवश्यक सामान की आपूर्ति और खाद्य सामग्री के परिवहन की इजाजत होगी। यह कदम देश भर में अंतर प्रांतीय यात्रा प्रतिबंध को 30 मई तक लागू करने के बाद उठाया गया है। इसके अलावा लंबे सप्ताहांत और शुक्रवार को ईद पड़ने के मद्देनजर बृहस्पतिवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह चार बजे तक पूर्ण यात्रा प्रतिबंध रहेगा।

 

श्रीलंका कोविड-19 की तीसरी लहर से जूझ रहा है और स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक बीते 10 दिनों में देश में 149 से ज्यादा लोगों की महामारी से जान गई है। अमेरिका के जॉन्स हॉप्किंस विश्वविद्यालय द्वारा संकलित कोरोना वायरस आंकड़ों के मुताबिक श्रीलंका में कोविड-19 के 131,098 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 850 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News