दुनिया में कोरोना से 3,33 लाख मौतें, ब्राजील में 24 घंटे में करीब 20 हजार नए मामले मिले

punjabkesari.in Friday, May 22, 2020 - 05:47 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  कोरोना वायरस से दुनिया में अब तक 51 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं व 3,33 लाख लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच 19,51,459 मरीज रिकवर भी हुए हैं।  अमेरिका में कोरोना से सबसे अधिक 95,000 से भी अधिक लोगों की मौत  हुई है और यहां 16 लाख 4 हजार से ज्यादा मामले हैं। अमेरिका के बाद रूस, ब्राजील, स्पेन, ब्रिटेन और इटली भी कोरोना के कहर से कराह रहे हैं।

 

ब्राजील में बीते 24 घंटे में करीब 20 हजार नए मामले मिले। जबकि स्पेन में कोरोना की रोकथाम को लगाए गए लॉकडाउन की अवधि सात जून तक बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। अमेरिका की जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार, कोरोना पीड़ि‍तों का वैश्विक आंकड़ा गुरुवार सुबह 51 लाख की संख्या पार 51 लाख 13 हजार से अधिक हो गई है। संक्रमित लोगों के मामले में अमेरिका के बाद रूस और ब्राजील हैं। रूस में तीन लाख 17 हजार से ज्यादा लोग कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। ब्राजील में दो लाख 96 हजार से अधिक मामले हैं। इन दोनों देशों में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं।  

 

स्पेन, ब्रिटेन और इटली में  2 लाख से ज्यादा पीड़ि‍त
स्पेन, ब्रिटेन और इटली में भी दो लाख से ज्यादा लोग कोरोना से पीड़ि‍त हैं। जबकि यूरोप में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें ब्रिटेन में हुई हैं। इस देश में 35 हजार से अधिक की जान जा चुकी हैं। इस वायरस का पहला मामला गत दिसंबर में चीन के वुहान शहर में सामने आया था। यहां से यह पूरी दुनिया में फैल गया। नेपाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 30 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 487 हो गई है।देश में कोरोना वायरस से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू है। स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि कोविड-19 से 21 और लोगों को पूरी तरह से स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी गई है। इस तरह कोरोना वायरस से अब तक 70 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 

  
पाकिस्तान में  आंकड़ा 50 हजार के पार
पाकिस्तान में रिकॉर्ड 2,603 मामले आने के बाद शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 50,000 के पार चली गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण के कारण 50 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इससे मृतकों की संख्या 1,067 हो गई है। देश में 50,694 मामलों में से सबसे ज्यादा सिंध में 19,924 मामले हैं। इसके बाद पंजाब में 18,455, खैबर-पख्तूनख्वा में 7,155, बलूचिस्तान में 3,074, इस्लामाबाद में 1,326, गिलगित-बाल्तिस्तान में 602 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में158 मामले दर्ज हैं।उसने बताया कि संक्रमण से अब तक 15,201 मरीज ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 1,064 मरीज ठीक हुए हैं।अधिकारियों ने बताया कि 16,387 नमूनों की जांच की गई है। इसके बाद देश में अब तक 445,987 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

 

वुहान में एक दिन में करीब 9 लाख टेस्ट
चीन में कोरोना महामारी का केंद्र रहे वुहान शहर में बुधवार को एक दिन में करीब नौ लाख टेस्ट किए गए। एक दिन पहले करीब साढ़े आठ लाख टेस्ट किए गए थे। कोरोना के दोबारा खतरे को देखते हुए 1.1 करोड़ की आबादी वाले पूरे वुहान का टेस्ट किया जा रहा है। इस बीच चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयेाग ने बताया कि देश में 33 नए मामले पाए गए। इनमें से 31 बिना लक्षण वाले मामले हैं। चीन में ऐसे मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अफ्रीकी महाद्वीप में भी कोरोना पीड़ि‍तों की तादात 91 हजार 598 हो गई है। 2,912 पीड़ि‍तों की मौत हो चुकी है। 55 सदस्यीय अफ्रीकी यूनियन में सबसे ज्यादा 17 हजार 200 मामले दक्षिण अफ्रीका में हैं। मिस्र में 13 हजार 484 लोग संक्रमित हैं। जबकि अल्जीरिया और मोरक्को में सात-सात हजार से ज्यादा मामले हैं।

   

सिंगापुर में कोरोना वायरस के 614 नए मामले
 सिंगापुर में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 614 नये मामले सामने आए जिनमें अधिकतर विदेशी श्रमिक हैं। देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 30,426 हो गयी है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने प्रारंभिक दैनिक अपडेट में कहा कि नये मामलों में चार रोगी या तो सिंगापुर के नागरिक हैं या स्थायी निवासी (विदेशी) हैं, बाकी अधिकतर विदेशी कामगार हैं।बृहस्पतिवार को यहां कोविड-19 से 73 वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 23 हो गयी है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News