नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा से बौखलाया चीन, पढ़ें विदेश की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Aug 04, 2022 - 01:18 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिकी संसद स्पीकर नैंसी पेलोसी के मंगलवार रात ताइवान पहुंचते ही चीन आगबबूला हो गया और ताइवान पर कई प्रतिबंध लगा दिए। इतना ही नहीं चीनी सेना ने  21 सैन्य विमानों से ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में उड़ान भरकर अपनी ताकत दिखाई वहीं द्वीप राष्ट्र के साथ सीमा के पास चीन के बख्तरबंद वाहनों और अन्य सैन्य उपकरणों की भारी आवाजाही को देखा गया।

चीन ने पेलोसी की ताइवान यात्रा पर जताया एतराज
अमेरिका की प्रतिनिधिसभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा से खफा चीन ने अमेरिकी राजदूत को तलब कर मामले पर कड़ा विरोध व्यक्त किया है। चीन ने आगाह किया कि अमेरिका को उसकी ‘‘गलतियों'' की ‘‘कीमत चुकानी होगी''। पेलोसी की यात्रा पर रोष व्यक्त करते हुए चीन ने ताइवान के हवाई क्षेत्र के पास कई चीनी लड़ाकू विमान उड़ाए और ताइवान जलडमरूमध्य में सैन्य अभ्यास किया।

बलूचिस्तान में पाक सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश
बलूचिस्तान प्रांत में बाढ़ राहत अभियान में तैनात पाकिस्तानी सेना के एक हेलीकॉप्टर के क्रैश होने से पाकिस्तानी सेना के एक लेफ्टिनेंट जनरल और पांच वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई। सेना ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हेलीकॉप्टर में 12वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली सवार थे। वह बलूचिस्तान में बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे। यह हिस्सा मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित है।

UN में भारत की पहली महिला प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने संभाला कार्यभार
संयुक्त राष्ट्र में भारत की पहली महिला स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्यभार संभालने वाली राजदूत रुचिरा कंबोज ने कहा कि वह एक ऐसे रचनात्मक कार्यकाल की कामना कर रही हैं, जो देश के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बाकी बचे कार्यकाल में और उसके बाद भी भारत की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को बहुपक्षीय ढांचे का रूप दे पाए। कंबोज (58) ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस को मंगलवार को अपना परिचय पत्र सौंपा था। वह 1987 बैच की भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं और भूटान में भारत की राजदूत के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं।

इमरान की पार्टी ने 351 विदेशी कंपनियों से लिया अवैध धन
पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग (ECP) ने अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान को झटका देते हुए मंगलवार को उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ( PTI) को 34 विदेशी नागरिकों और 351 विदेशी कंपनियों से ‘प्रतिबंधित धन' प्राप्त करने के मामले में ‘कारण बताओ' नोटिस जारी किया। ECP की तीन सदस्यीय पीठ ने PTI के संस्थापक सदस्य अकबर एस बाबर द्वारा दायर एक मामले में सर्वसम्मत फैसले की घोषणा की, जो नवंबर 2014 से लंबित था। 

हिंद-प्रशांत में चीन की गतिविधियों से सतर्क अमेरिका
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच अमेरिका और इंडोनेशिया ने आपसी संबंधों के और मजबूत होने का संकेत देते हुए बुधवार को सुमात्रा द्वीप में वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया, जिसमें पहली बार अन्य देशों ने भी भाग लिया। जकार्ता में अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में बताया कि इस साल इस सैन्य अभ्यास में अमेरिका, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, जापान और सिंगापुर के 5,000 से अधिक जवान हिस्सा ले रहे हैं।

अमेरिका ने पुतिन की  गर्लफ्रेंड पर लगाए नए  प्रतिबंध
अमेरिका ने रूस के अभिजात वर्ग को लक्षित करके नए प्रतिबंध लगाए हैं। नए प्रतिबंधों के दायरे में शामिल लोगों में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड भी शामिल हैं। अमेरिका के वित्त विभाग ने मंगलवार को कहा कि बाइडेन प्रशासन ने पूर्व ओलंपिक जिमनास्ट एवं ‘स्टेट ड्यूमा’ (रूसी संसद का निचला सदन) की पूर्व सदस्य अलीना काबेवा का वीजा फ्रीज कर दिया है और उनकी संपत्तियों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। विभाग ने कहा कि काबेवा रूस की एक मीडिया कंपनी की प्रमुख भी हैं, जो यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का समर्थन करती है।

विक्रमसिंघे बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने हमें बचाया
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है। रानिल ने कहा- हमारा देश अपने इतिहास के सबसे मुश्किल वक्त से गुजर रहा है। इस दौर में भारत और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो जीवन रक्षक सांसें दी हैं, इसके लिए हम उनका शुक्रिया अदा करते हैं।

संयुक्त राष्ट्र को नहीं थी जवाहिरी के ठिकाने की कोई जानकारी
अमेरिका ने आतंकी सरगना अयमान अल-जवाहिरी की मौत के बाद विश्वव्यापी सतर्कता का अलर्ट जारी किया है। इधर, विश्व निकाय ने कहा है कि उसे अलकायदा सरगना अयमान अल-जवाहिरी के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। संयुक्त राष्ट्र ने कहा, सदस्य देशों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए उठाए गए कदम विश्व कानून के तहत अनुकूल हों।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News