कोविड-19 : चीन के शंघाई में दो महीने बाद लॉकडाउन में मिलेगी ढील

punjabkesari.in Tuesday, May 31, 2022 - 02:50 PM (IST)

बीजिंग: चीन का सबसे बड़ा शहर शंघाई कोविड-19 के कारण दो महीने के लॉकडाउन के बाद पाबंदियों में ढील देने की दिशा में बुधवार को कुछ बड़े कदम उठाएगा। शंघाई के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लॉकडाउन के कारण शहर के लाखों लोगों को अपने-अपने घरों में कैद रहना पड़ा था। शंघाई के उप-महापौर जोंग मिंग ने मंगलवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चीन के बाकी हिस्सों के साथ बुनियादी रेल संपर्क के अलावा बस और मेट्रो सेवा पूरी तरह से बहाल की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि स्कूल आंशिक रूप से छात्रों के लिए स्वैच्छिक आधार पर दोबारा खुलेंगे और शॉपिंग मॉल, सुपरमार्केट, बाजार व दवा की दुकानों को 75 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति होगी। हालांकि, सिनेमाघर और जिम फिलहाल बंद रहेंगे। अधिकारियों ने लॉकडाउन में ढील के लिए एक जून की तिथि निर्धारित की थी और अब पाबंदियों में धीरे-धीरे कमी लाने की तैयारी की जा रही है। शंघाई में कुछ मॉल और बाजार एक बार फिर खुल गए हैं।

 

वहीं, कुछ निवासियों को एक बार में कुछ घंटों के लिए घर से बाहर निकलने की अनुमति दी गई है। शंघाई में सोमवार को कोविड-19 के 29 नए मामले आए। चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष अधिकारी ली कियांग ने सोमवार को एक बैठक में कहा कि शहर ने महामारी के प्रकोप से लड़ने में लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं, राजधानी बीजिंग ने मंगलवार को कुछ जिलों में प्रतिबंधों में और ढील दी। बीजिंग में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 18 नए मामले दर्ज किए गए।  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News