अमेरिका में गिरजाघर व व्यस्त बाजार में गोलीबारी, 3 लोगों की मौत व कई घायल

punjabkesari.in Monday, May 16, 2022 - 10:31 AM (IST)

न्यूयार्कः अमेरिका गोलीबारी घटनाएं बढ़ती  जा रही हैं। रविवार को कैलीफोर्निया व  ह्यूस्टन  में हुई फायरिंग की दो घटनाओं में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल  हो गए। जानकारी के अनुसार  कैलीफोर्निया में रविवार को एक गिरजाघर में एक संदिग्ध ने गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। गिरजाघर में मौजूद लोगों ने मौके पर बंदूकधारी को पकड़ लिया।

 

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध एशियाई मूल का एक व्यक्ति है, जिसकी उम्र 60 से 70 के बीच प्रतीत होती है और जांचकर्ताओं का मानना है कि वह इलाके का रहने वाली नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध ने सुबह की प्रार्थना सभा के बाद गिरजाघर में आयोजित भोज में गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने तक वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया था।

 

अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है और जांचकर्ता 30 से 40 लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। ऑरेंज काउंटी शेरिफ विभाग ने ट्विटर पर बताया कि लगुना वुड्स के ‘जिनेवा प्रेस्बिटेरियन चर्च' में दोपहर डेढ़ बजे के आसपास गोलीबारी हुई। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम के कार्यालय ने कहा कि वह स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।  

 

उधर,  अमेरिका के ह्यूस्टन के एक व्यस्त बाजार में रविवार को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। हैरिस काउंटी के शेरिफ एड गोंजालेज़ ने बताया कि गोलीबारी दो पक्षों के बीच विवाद के बाद शुरू हुई, जिसमें पांच लोग शामिल थे। हालांकि, इस वारदात में किसी ‘‘निर्दोष प्रत्यक्षदर्शी'' को कोई चोट नहीं पहुंची है।  घटनास्थल से दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। गोलीबारी उस सयम हुई, जब बाजार में हजारों लोग खरीदारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बंदूकधारियों ने कई गोलियां चलाईं और घटनास्थल से दो पिस्तौल भी बरामद हुई हैं।  गोलीबारी में शामिल पांचों लोग संभवत: एक-दूसरे को जानते थे और उनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News