बहरीन के प्रधानमंत्री सलमान अल खलीफा का निधन, क्राउन प्रिंस सलमान बिन हमाद बने नए PM

punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2020 - 09:55 AM (IST)

 मनामा: बहरीन के प्रधानमंत्री खलीफा बिन सलमान अल खलीफा का बुधवार को निधन होने के बाद शाह हमाद बिन इसा अल खलीफा ने क्राउन प्रिंस सलमान बिन हमाद अल खलीफा को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। बहरीन की सरकारी समाचार एजेंसी बीएनए ने शाही परिवार की ओर से  जारी एक कार्यकारी आदेश के हवाले से यह जानकारी दी। 

 

  84 वर्षीय खलीफा बिन सलमान अल खलीफा लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अमेरिका में अपना इलाज करवा रहे थे। उनके नाम दुनिया में किसी भी सरकार के सबसे लंबे समय तक प्रमुख रहने का रिकॉर्ड है। बहरीन ने उनके निधन पर एक सप्ताह के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।  मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बहरीन के शाह ने क्राउन प्रिंस सलमान बिन हमाद अल खलीफा को तत्काल प्रभाव से देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।

 

बहरीन के शाही परिवार के पास संसद की सलाह लिए बिना ही देश के प्रधानमंत्री की नियुक्ति करने का अधिकार है। क्षेत्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि बहरीन के आंतरिक धार्मिक कलह को शांत करने के लिए ही युवा क्राउन प्रिंस को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। बहरीन के शिया मुसलमानों ने दिवंगत प्रधानमंत्री पर उनके अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News