उत्तर कोरिया का एजैंट ऑस्ट्रेलिया में गिरफ्तार,  इरादे थे खतरनाक

punjabkesari.in Sunday, Dec 17, 2017 - 11:59 AM (IST)

मेलबर्नः ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने उत्तर कोरिया के एक खतरनाक एजैंट को गिरफ्तार किया है जो मिसाइल के कलपुर्जे और कोयले की कालाबाजारी करने की फिराक में था। ऑस्ट्रेलयाई संघीय पुलिस के सहायक आयुक्त नील गॉगन ने बताया कि आरोपी चान हान चोई (59) कोरियाई मूल का नागरिक है और वह 30 वर्ष से अधिक समय से ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है।
PunjabKesari
उसे सिडनी के उपनगर ईस्टवुड से कल गिरफ्तार किया गया और आज अदालत में पेश किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि यह व्यक्ति उत्तर कोरिया का वफादार एजेंट था और उसे लगता था कि वह देश हित में ऐसा कर रहा है। आरोपी पर  बैलिस्टिक मिसाइल में इस्तेमाल किए जाने वाले पुरजों सहित अन्य चीजों की बिक्री के लिए प्योंगयांग के पक्ष में दलाली करने का मामला दर्ज किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दलाली के लिए एन्क्रिप्टेड संचार का इस्तेमाल किया और जनसंहार वाले हथियारों की आपूर्ति पर बातचीत भी की।

पुलिस ने बताया कि यह व्यक्ति अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में मिसाइलों, पुर्जे और विशेष चीजों की बिक्री का प्रबंध कर प्योंगयांग के लिए करोड़ों डॉलर जुटा रहा था। वह देश से कोयला इंडोनेशिया और वियतनाम पंहुचाने की कोशिश भी कर रहा था। यह पहला व्यक्ति है जिसपर ऑस्ट्रेलिया के ‘वेपंस ऑफ मास डिस्ट्रिक्शन एक्ट’ के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें अधिकतम 10 साल तक की कैद हो सकती है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News