म्यांमार में आंग सान सू की को 4 साल की जेल, सेना के खिलाफ हिंसा भड़काने व कोविड नियम तोड़ने पर दोषी करार

punjabkesari.in Monday, Dec 06, 2021 - 01:31 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: म्यांमार की एक अदालत ने म्यांमार की अपदस्थ नेता आंग सान सू की को कोरोना नियमों के उल्लंघन और तख्तापलट कर सत्ता पर काबिज होने वाली सेना जुंटा के खिलाफ उकसाने के आरोप में चार साल जेल की सजा सुनाई है। सू की के खिलाफ भ्रष्टाचार, आधिकारिक गुप्त अधिनियम का उल्लंघन, दूरसंचार कानून और कोविड नियमों के उल्लंघन सहित कुल 11 आरोप लगाए गए हैं। म्यांमार बेहद कम समय के लिए रहे लोकतंत्र को खत्म करते हुए सेना जुंटा ने बीते 1 फरवरी को तख्तापलट कर देश की बागडोर अपने हाथ में ले ली थी और इसके साथ ही शीर्ष नेता सू की और उनकी पार्टी के अन्य नेताओं को जेल में बंद कर दिया था।

 

अब सू की को सोमवार को सेना के खिलाफ उकसाने के लिए दो साल और कोविड से संबंधित प्राकृतिक आपदा कानून का उल्लंघन करने के लिए दो साल की सजा सुनाई गई। सू की ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। इन आरोपों में जेल में 100 साल से अधिक की संयुक्त सजा मिलने का संभावना है। पूर्व राष्ट्रपति विन मिंट को भी इसी आरोप में चार साल की जेल हुई है, लेकिन दोनों नेताओं अभी जेल नहीं ले जाया जाएगा।

 

पिछले कुछ हफ्तों में सू की की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी पार्टी के कई सदस्यों के खिलाफ सुनवाई पूरी हुई है और जुंटा उन्हें सख्त सजा सुना रहा है। इसी महीने एक पूर्व मुख्यमंत्री को 75 साल जेल की सजा सुनाई गई थी, जबकि सू की के एक करीबी को 20 साल की जेल हुई थी। दुनियाभर में मानवाधिकार के लिए लड़ने वाली अंतर्राष्ट्रीय संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल ने सू की के खिलाफ सजा की निंदा की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News