तालिबान के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, मांगी राजनीति में भागीदारी

punjabkesari.in Monday, Oct 11, 2021 - 12:46 PM (IST)

काबुल: अफगानिस्तान में तालिबान सरकार  महिलाओं और अल्पसंख्यकों के समान अधिकारों का वादा कर दुनिया के सामने अच्छी छवि पेश करने की लगातार कोशिश कर रही है लेकिन सच्चाई बिल्कुल इसके विपरीत है ।  रविवार को दर्जनों अफगान महिला कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक भागीदारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। टोलो न्यूज के अनुसार इन महिलाओं ने तालिबान की कार्यवाहक सरकार में महिला प्रतिनिधित्व की मांग की और कहा कि वो तब तक प्रदर्शन करती रहेंगी जब तक कि नई सरकार में उनकी भूमिका स्पष्ट नहीं हो जाती।

 

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, 'आज 10 अक्टूबर को अफगान महिलाओं के साथ विश्व महिला एकजुटता दिवस है और 100 से अधिक देशों की महिलाएं अफगान महिलाओं के समर्थन में विरोध प्रदर्शन में सहयोग दे रही हैं। एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, 'तालिबान बार-बार दावा करता है कि उनकी सरकार में महिलाओं को शिक्षा, काम और राजनीतिक भागीदारी का अधिकार है लेकिन उन्हें इसे व्यवहार में भी दिखाना चाहिए।'विरोध के दौरान एक पूर्व सरकारी कर्मचारी ने भी तालिबान से निराशा व्यक्त की और कहा कि अगर महिलाओं को निर्णय लेने में शामिल नहीं किया गया तो समूह द्वारा बनाई गई सरकार गिर जाएगी। 

 

बता दें कि तालिबान ने 20 वर्षों के बाद एक बार फिर अफगानिस्तान पर नियंत्रण कर लिया है, ऐसे में विशेषज्ञों का मानना ​​​​है कि समूह के शासन के तहत अफगान महिलाओं को अनिश्चित भविष्य का सामना करना पड़ सकता है। पझवोक अफगान न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिनों पहले अनुभवी महिला अधिकार कार्यकर्ता महबूबा सिराज ने भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से युद्धग्रस्त राष्ट्र में बिगड़ती स्थिति के बीच अफगान महिलाओं का पूरा समर्थन करने का आग्रह किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News