अफगान-पाक के बीच सीमा पर सैन्य संघर्ष जारी, 3 नागरिकों की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Oct 29, 2019 - 02:35 PM (IST)

काबुलः अफगानिस्तान और पाकिस्तानी बलों के बीच मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी सीमा पर संघर्ष जारी। इससे पहले पाकिस्तानी बलों ने सीमा पार मोर्टार के गोले और रॉकेट दागे थे, जिससे कुनार प्रांत में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही दोनों के बीच संघर्ष जारी है। कुनार प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता अब्दुल गनी मूसामेम ने बताया कि अफगानिस्तान और पाकिस्तानी बलों के बीच रविवार को गोलीबारी हुई थी।

 

इससे पहले पाकिस्तान ने सीमावर्ती जिले नरी के नजदीक विवादित सीमा पर सैन्य प्रतिष्ठान बनाने की कथित तौर पर कोशिश की। मूसामेम ने कहा कि अफगान बलों और स्थानीय मिलिशिया ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ओर से गोलियां चलीं और चार नागरिक घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह यह झड़प फिर से शुरू हो गई लेकिन अभी के हालात के बारे में कोई जानकारी नहीं है। क्षेत्र दुर्गम है और वहां संपर्क मुश्किल है।

 

पूर्वी सीमा पर बलों के अफगान कमांडर जनरल मोहम्मद अयूब हुसैनखेल ने बताया कि सोमवार को सुबह गोलीबारी शुरू होने के बाद पाकिस्तानी बलों ने अफगानिस्तान के गांवों में फिर से मोर्टार दागे। उन्होंने कहा, ‘‘ कई लोग वहां से विस्थापित हो गए हैं।'' पाकिस्तान ने इस पूरी घटना पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News