इजराइल में यहूदियों के धार्मिक पूजा के दौरान मची भगदड़, 44 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

punjabkesari.in Friday, Apr 30, 2021 - 11:35 PM (IST)

यरुशलम : उत्तरी इजराइल में यहूदियों के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान शुक्रवार तड़के भगदड़ मचने से कम से कम 44 लोगों की मौत हो गई तथा 150 से अधिक लोग घायल हो गए। मीडिया ने यह जानकारी दी।
PunjabKesari
माउंट मेरोन में वार्षिक धार्मिक आयोजन ‘लाग बी’ओमर’ में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। इस दौरान पूरी रात अलाव जलाया जाता है, प्रार्थनाएं होती हैं और नृत्य का आयोजन होता है। इसी शहर में दूसरी सदी के संत रब्बी शिमोन बार योचाई का मकबरा है और इसे यहूदियों के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है।
PunjabKesari
इजराइल में बड़े पैमाने पर सफल टीकाकरण अभियान के बाद हाल में अनिवार्य रूप से मास्क पहनने में ढील दी गई थी। टीकाकरण अभियान के बाद इजराइल में संक्रमण के मामलों में कमी आई।
PunjabKesari
इसके परिणामस्वरूप ‘‘कुछ पाबंदियों के साथ जनजीवन सामान्य’’ हुआ और बृहस्पतिवार को कई युवाओं खासकर स्कूली बच्चों समेत हजारों की तादाद में लोग आयोजन स्थल पर जुटे। आयोजन के लिए हजारों रूढ़िवादी यहूदी भी रब्बी शिमोन बार योचाई के मकबरे पर आए।

इजराइल की राष्ट्रीय आपात सेवा मेगन डेविड एडम (एमडीए) के अधिकारी ने घटना में कम से कम 38 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है और मृतक संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कर्मी हजारों लोगों का उपचार कर रहे हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक है। सभी घायलों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’घटना में करीब 150 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ कि कुछ लोग सीढ़ियों से फिसल गये जिसके बाद भगदड़ मच गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार आयोजकों का अनुमान है कि बृहस्पतिवार रात करीब एक लाख लोग आयोजन स्थल पहुंचे थे और कई लोग शुक्रवार को आने वाले थे। देश के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे ‘‘बड़ी त्रासदी’’ बताते हुए हर किसी से पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। इजराइल के राष्ट्रपति रुवेन रिवलिन ने पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News