नार्वे में अमेरिकी सेना विमान क्रैश, 4 सैनिकों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Mar 19, 2022 - 04:44 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  नार्वे में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के युद्ध अभ्यास के दौरान एक विमान दुर्घटना में चार अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गयी। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इस अभ्यास का यूक्रेन युद्ध से लेना-देना नहीं है। जोनास स्टोर ने ट्वीट कर कहा कि शुक्रवार की रात हुई इस दुर्घटना में अमेरिका के चार सैनिकों की मौत हो गयी। उन्होंने ट्वीट किया, “अमेरिका के यह सैनिक नाटो के एक संयुक्त युद्धाभ्यास में हिस्सा ले रहे थे।

 

हम मारे गए सैनिकों के परिवारों और साथियों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।'' नार्वे की सेना के मुताबिक दुर्घटना का शिकार हुआ विमान अमेरिकी नौसेना का वी-22बी ऑस्प्रे विमान था। नार्वे की सेना की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक विमान में चालक दल के कुल चार लोग सवार थे और यह उत्तर नार्वे के नार्डलैंड काउंटी में एक प्रशिक्षण अभियान में हिस्सा ले रहा था। नॉर्वे ने कहा कि यह विमान ‘कोल्ड रिस्पांस' सैन्य अभ्यास में भाग ले रहा था।

 

इस अभ्यास के तहत नाटो के सदस्य देशों के सैनिक भीषण ठंड के बीच नॉर्वे की सेना के साथ ‘‘प्रशिक्षण और संचालन'' कर रहे थे। नॉर्वे के मुताबिक इस अभ्यास का यूक्रेन युद्ध से कोई संबंध नहीं है और इसकी योजना काफी पहले बना ली गयी थी। विमान बोडो के उत्तर में अपने रास्ते पर था, जहां इसे शुक्रवार शाम छह बजे शाम से पहले उतरना था। लेकिन विमान बोडो के दक्षिण में बेयर्न में ग्रेटाडालेन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

 

पुलिस ने कहा कि तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है। शनिवार तड़के डेढ़ बजे बजे पुलिस मौके पर पहुंची और सैन्य विमान के सभी चार चालक दल की मौत की पुष्टि की। इस साल के अभ्यास में 27 देशों के लगभग 30,000 सैनिक, 220 विमान और 50 जहाज शामिल हैं। गैर-नाटो सदस्य फिनलैंड और स्वीडन भी भाग ले रहे हैं। अभ्यास 14 मार्च को शुरू हुआ और एक अप्रैल को समाप्त होगा। दुर्घटना का कोई कारण नहीं बताया गया था, लेकिन नॉर्वे की सेना ने कहा कि अभ्यास ‘कोल्ड रिस्पांस' योजना के अनुसार जारी रहेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News