ताइवान के सुरक्षा क्षेत्र में फिर घुसे चीनी लड़ाकू विमान, एक माह में 12वीं बार की घुसपैठ

punjabkesari.in Saturday, Apr 17, 2021 - 12:26 PM (IST)

ताइपे: चीन की ताइवान को उकसाने वाली हरकते लगातार जारी हैं। गुरुवार दोपहर को फिर दो चीनी सैन्य विमानों ने  ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में घुसपैठ की। चीन द्वारा ताइवान के क्षेत्र में एक महीने में 12वीं बार घुसपैठ की गई है। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) के अनुसार,   पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फ़ोर्स (PLAAF) के 2 शेनयांग J-16 फाइटर जेट्स ने ताइवान के ADIZ के दक्षिण-पश्चिम कोने में उड़ान भरी। प्रतिक्रिया में  ताइवान ने भी अपने विमानों को भेजा, रेडियो चेतावनियों का प्रसारण किया और  PLAAF  विमानों को ट्रैक करने के लिए वायु रक्षा मिसाइल सिस्टम तैनात किया।

 

वायु रक्षा पहचान क्षेत्र प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली है जो देशों को उनके हवाई क्षेत्र में घुसपैठ का पता लगाने में मदद करती है। इस महीने ये चीन की तरफ से 12वीं घुसपैठ है। पिछले कुछ महीनों में  ताइवान ने चीनी युद्धक विमानों द्वारा लगभग रोजाना ADIZ में घुसपैठ की। ताइवान न्यूज के मुताबिक पिछले महीने चीनी विमानों को 1, 2, 3, 8, 10, 11, 12, 14, 15, 17, 20 और 22 मार्च को ताइवान के डिफेंस एरिया में देखा गया था। इससे पहले सोमवार को चीन ने अमेरिकी विदेश मंत्री की चेतावनी के बाद ताइवानी एयरस्पेस में अबतक की सबसे बड़ी घुसपैठ को अंजाम दिया था।

 

सोमवार को चीनी वायु सेना के 25 लड़ाकू विमानों ने एक साथ ताइवान के एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन में प्रवेश किया। चीन के परमाणु बॉम्‍बर H-6K समेत 25 लड़ाकू विमानों के घुसने से ताइवानी वायु सेना भी हरकत में आ गई। एक्शन में आए ताइवान ने भी अपनी मिसाइलों का मुंह चीन के लड़ाकू विमानों की तरफ मोड़ दिया। तनाव बढ़ता देख चीन ने विमान तुरंत ही ताइवान की वायुसीमा के बाहर भाग गए थे। ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह चीन के लड़ाकू विमानों की सबसे बड़ी घुसपैठ है। इससे पहले 27 मार्च को चीनी वायुसेना के 20 लड़ाकू विमानों ने एक साथ ताइवानी वायुसीमा में घुसपैठ की थी।

 

चीन की वायुसेना पिछले कुछ महीने से लगातार ताइवान के इलाके में घुसपैठ कर रही है। चीन की कम्युनिस्ट सरकार ताइवान को अपने देश का अभिन्न अंग मानती है। चीनी विमानों की बढ़ती घुसपैठ को देखते हुए ताइवान ने भी अपने लड़ाकू विमानों को हाई अलर्ट पर रखा हुआ है। बीजिंग में ताइपे पर दबाव बढ़ने के कारण इस क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। चीन ने धमकी दी है कि "ताइवान की स्वतंत्रता" का मतलब युद्ध है। उधर, चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता वू कियान ने 28 जनवरी को "ताइवान की आजादी" चाहने वाले लोगों को आगाह किया और कहा कि "जो लोग इस आग से खेलेंगे, वे खुद को इस आग से जला बैठेंगे और ताइवान की आज़ादी का मतलब युद्ध के अलावा और कुछ नहीं है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News