बर्बाद हुए नशे से परिवार, कहीं छीन गई मर्चेंट नेवी की नौकरी तो कहीं छीन गया 3 बहनों से भाई

punjabkesari.in Thursday, Dec 23, 2021 - 12:20 PM (IST)

ऊना (विशाल स्याल) : नशे ने कई परिवारों की जिंदगियां तबाह की हैं। आंकड़े तो चौंकाने वाले हैं हीं वहीं परिवारों की व्यथा भी एक बार सोचने को मजबूर कर देती है। कई परिवार ऐसे हैं जिन्होंने नशे का दंश झेला है और उनके परिवार के नौजवान नशे की गर्त में धंसे हैं। 

नशे ने लील डाले पति व बेटा, महिला रह गई अकेली

नशे ने एक महिला की जिंदगी इस तरह बर्बाद कर डाली कि एक पूरा परिवार होने के बावजूद अब वह अकेली हो गई है। फौजी परिवार से संबंधित युवती को एक युवक से प्रेम हो गया और परिवार की रजामंदी के बिना दोनों की शादी हो गई। कुछ समय ठीक रहा लेकिन पेशे से चालक पति शराब के नशे में खोने लगा। पहले रात को अधिक सेवन करता रहा और कुछ समय बाद वह दिन रात शराब के नशे में चूर रहने लगा। इसी बीच एक बेटे ने जन्म लिया। परिवार में झगड़े बढ़े तो पति अचानक सब छोडक़र कहीं चला गया। नन्हे बेटे को उस महिला ने जैसे तैसे करके पाला और सोचा की अब वह उसका सहारा बनेगा। बेटा जवान होते होते नशे की लत में पड़ गया। इसी बीच बेटे ने भी प्रेम विवाह कर लिया। बेटा नशे की गर्त में ऐसा धंसा की ओवरडोज से एक दिन उसकी मौत हो गई। नशे ने इस महिला को एक बार फिर से अकेला कर दिया। अब महिला अपनी जिंदगी तो ढो रही है लेकिन नशे ने उसका पूरा परिवार लील डाला है।

नशे ने छुडवाई मर्चेंट नेवी की नौकरी

जिला में एक नौजवान आंखों में बड़े सारे सपने लेकर मर्चेंट नेवी में शामिल हो गया। इसी दौरान जहां उसका जीवन अभी यौवन पर आना शुरू हुआ कि वह नशे की चपेट में आ गया। नशे में ही ड्यूटी की जगह पर एक एक्सीडेंट का शिकार हो गया। नशे की लत में वह ऐसा फंसा कि उसको जॉब से हटा दिया गया और वह घर वापस आ गया। लगभग एक माह के लिए नशे की लत छुडवाने के लिए नशा निवारण केंद्र में भी गया लेकिन वहां से निकलने के कुछ समय बाद दोबारा वह नशे में फंस गया। कुछ समय बाद वह इतने बुरे हालात में पहुंच गया कि मवेशियों को लगाने वाले इंजेक्शन खुद को लगाने लग गया। पूरा परिवार व्यथित हो गया और परिवार के हालात खराब हो गए। 

नशे में फंसा मॉडल और बॉडी बिल्डर युवा 

ऐसा नौजवान भी नशे के जाल में फंस गया जो न केवल अपने स्वर्णिम दौर में मॉडलिंग करता था बल्कि बॉडी बिल्डिंग का भी शौकीन था। यहां तक कि ठेकेदारी भी करता था। नशे की लत में वह ऐसा फंसा कि उसका कैरियर तो चौपट हुआ ही बल्कि परिवार भी बिखर गया। पिता पैरेलाइज के मरीज हो गए और बेटा नशे में चूर रहने लगा। पूरा परिवार नशे से लबरेज रहने वाले अपने बेटे से परेशान रहने लगे। नशे ने इस परिवार पर भी मुसीबतों का पहाड़ ढा दिया।

नशे ने छीना विधवा मां और 3 बहनों का सहारा

कुछ समय पहले एक युवक की नशे के चलते मौत हो गई थी। हालांकि यह मौत सरकारी आंकड़ों में दर्ज नहीं हुई लेकिन नशे से हुई इस मौत ने 3 बहनों से उनका भाई और विधवा मां से उसका बेटा जरूर छीन लिया। लगभग 24 वर्षीय उस युवक से न केवल उसकी विधवा मां को बड़ी आशाएं थीं बल्कि तीनों बहनों को भी बड़ी उम्मीदें थीं लेकिन कुछ कमाने से पहले ही वह नशे की गर्त में धंस गया। बहनों ने उसका नशा छुडवाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहीं। आखिरी समय में भाई की हालत देखकर बहनों ने एक नशा निवारण केंद्र को उसके भाई को ले जाने और नशा छुड़वाने का आग्रह किया लेकिन जब तक नशा निवारण केंद्र प्रबंधन वहां पहुंचा तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

एस.पी. अर्जित सेन ठाकुर की माने तो पुलिस विभाग ने ड्रग फ्री हिमाचल एप और हैल्पलाइन नंबर 9317205100 जारी किए गए हैं जिन पर नशे के कारोबारियों के संबंध में सूचनाएं दी जा सकती है। इन पर कुछेक सूचनाएं तो आती हैं लेकिन अधिकतर सूचनाएं काम की नहीं होतीं। लोग नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस को खास सहयोग नहीं करते। यूं तो सब कहते हैं कि नशा बढ़ रहा है लेकिन कहां सप्लाई हो रहा है और कौन कर रहा है इसको लेकर कोई जानकारी पुलिस के साथ शेयर नहीं करता। हालांकि पुलिस द्वारा उनके नाम पते और नंबर गुप्त रखे जाते हैं। एस.पी. ने आग्रह किया कि पुलिस के साथ सूचनाएं शेयर करें ताकि नशे को खत्म किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Surinder Kumar

Recommended News

Related News