NCC कैडेट्स व NSS वालंटियर सम्मानित

punjabkesari.in Wednesday, Feb 05, 2020 - 10:47 AM (IST)

चंडीगढ़(बंसल) : हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने युवाओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.) व राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) का प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें ताकि वे अनुशासित बनकर कुशल नेतृत्व प्रदान करने मे सक्षम हों। आर्य आज एन.सी.सी. कैडेट्स तथा एन.एस.एस. स्वयंसेवकों के सम्मान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। 

इस समारोह में एन.सी.सी. के उन सभी 32 कैडेट्स व एन.एस.एस. के नौ स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने इस वर्ष 2020 में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में आयोजित परेड व प्रधानमंत्री रैली में भाग लिया था, इनमें दस गर्ल्स कैडेट्स भी शामिल हैं। हरियाणा की एन.सी.सी. की इस टुकड़ी ने लगातार चौथी बार परेड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह से एन.एस.एस. के नौ स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया जिनमें चार गल्र्स स्वयंसेवक शामिल हैं। इन्होंने भी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया। 

उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में एन.एस.एस. की टुकड़ी का नेतृत्व करने वाले हिसार (हरियाणा) के स्वयंसेवक चेतन गुप्ता को विशेष बधाई दी। उन्होंने कैडेट्स व स्वयंसेवकों को स्मृति चिन्ह के साथ-साथ 21-21 हजार की राशि का चैक दिया। उन्होंने सभी कैडेट्स व स्वयंसेवकों को 5100-5100 रुपए की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि एन.सी.सी. व एन.एस.एस. को और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए अधिक सुविधाएं देने का प्रयास किया जाएगा। 

और सुविधाएं देंगे :
कंवरपाल ने घोषणा की कि प्रदेश के युवाओं में राष्ट्रीय सेवा योजना को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा पांच राष्ट्रीय एकीकृत शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार से राज्य सरकार के खर्च पर ही स्वयंसेवकों के लिए दस एडवैंचर कैंप आयोजित होंगे। जिला स्तरीय एन.एस.एस. शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के खर्च का वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News