हरियाणा आई.ए.एस. कैडर में 2019 बैच के डॉ. बलप्रीत सिंह होंगे शामिल

punjabkesari.in Saturday, Feb 05, 2022 - 02:58 PM (IST)

चंडीगढ़, (अर्चना सेठी) । हरियाणा के आई.ए.एस. (भारतीय प्रशासनिक सेवा ) कैडर में जल्द ही एक और अधिकारी शामिल हो रहा है। हालांकि इस अधिकारी का  न तो हरियाणा  सिविल सेवा (एच.सी.एस. ) से और न ही  गैर राज्य सिविल सेवा (नॉन-एस.सी.एस.)  कोटे से आई.ए.एस. में प्रोमोशन या चयन हुआ है बल्कि 2019 बैच  का यह  आई.ए.एस. अधिकारी जिसका नाम डॉ. बलप्रीत सिंह   है, का  हरियाणा कैडर की 2017 बैच की महिला आई.पी.एस. उपासना  से विवाह होने के बाद केरल  कैडर  से हरियाणा कैडर  में इंटर-कैडर  (एक प्रदेश कैडर से दूसरे प्रदेश कैडर में) ट्रांसफर किया गया है।

 


इस संबंध में  आधिकारिक जानकारी एकत्रित कर  सांझा करते हुए पंजाब एवं हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि इसी सप्ताह  2 फरवरी को ही केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डी.ओ.पी.टी.) द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है जिसमें उल्लेख है कि आई.ए.एस. कैडर नियमो,1954 के नियम 5 (2) के अंतर्गत डॉ. बलप्रीत सिंह, आई.ए.एस. को  हरियाणा कैडर की आई.पी.एस. उपासना से विवाह के कारण केरल कैडर से हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया जा रहा है एवं इस विषय पर केरल सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा सहमति प्रदान की जा चुकी है। बलप्रीत  मूल रूप से पंजाब के निवासी हंै, जबकि उपासना का गृह राज्य हरियाणा ही है एवं वह  वर्तमान में सोनीपत  में ए.एस.पी. के तौर पर तैनात है।

 


इससे पूर्व अक्तूबर, 2021  में इसी प्रकार 2015 बैच के असम-मेघालय कैडर के आई.ए.एस.  शांतनु शर्मा का हरियाणा कैडर की 2020 बैच की महिला  आई.ए.एस. सी. जयशरधा  से विवाह कारण असम-मेघालय कैडर से हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया गया था। शांतनु मूल रूप से झारखंड के निवासी हंै  जबकि जयशरधा तमिलनाडु से हैं जो वर्तमान में कुरुक्षेत्र में असिस्टैंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) के तौर पर तैनात है।
गत माह ही हरियाणा सरकार द्वारा शांतनु को सोनीपत जिले का ए.डी.सी. (अतिरिक्त उपायुक्त)  तैनात किया गया।
उससे पहले वर्ष 2021 में ही 2015 बैच की एक   महिला आई.ए.एस. अधिकारी नेहा सिंह भी हरियाणा आई.ए.एस. कैडर में सम्मिलित हुई थीं क्योंकि उनका हरियाणा कैडर के 2015 बैच के आई.ए.एस. राहुल हुड्डा से विवाह के कारण गुजरात से हरियाणा में  ट्रांसफर किया गया था। नेहा मूल रूप से बिहार की निवासी हैं।  कुछ सप्ताह  पूर्व ही नेहा को सिरसा जिले में डिस्ट्रिक्ट म्यूनिसिपल कमिश्नर तैनात किया गया। राहुल गत वर्ष नवंबर से सिरसा में एडीसी के पद पर तैनात हैं। 

 


गत वर्ष ही  मार्च 2021  में  सिक्किम कैडर के 2019 बैच के आई.ए.एस. आनंद कुमार शर्मा द्वारा हरियाणा कैडर की  2018 बैच की आई.पी.एस.  पूजा वशिष्ठ से विवाह के फलस्वरूप आनंद का कैडर सिक्किम से बदलकर उनकी पत्नी का अर्थात हरियाणा कैडर कर दिया गया। आनंद का गृह राज्य दिल्ली है। वर्तमान में आनंद सफीदों (जींद ) में बतौर एस.डी.एम. तैनात हैं।
बहरहाल,  हेमंत ने राहुल हुड्डा, आई.ए.एस. के कैडर ट्रांसफर  मामले में एक  रोचक जानकारी देते हुए बताया कि राहुल हुड्डा, जिनका आधिकारिक रिकॉर्ड अनुसार गृह-राज्य दिल्ली है एवं जिन्हें  प्रारम्भ में आई.ए.एस. का हिमाचल प्रदेश कैडर अलॉट किया गया था, उनका दिसंबर, 2015 में हरियाणा कैडर में ट्रांसफर हो  गया था,क्योंकि उन्होंने तब हरियाणा कैडर की 2011 बैच की एक महिला  आई.पी.एस. अधिकारी  मनीषा चौधरी   से विवाह किया था कुछ वर्षों बाद राहुल और  मनीषा का   तलाक हो गया था  जिसके बाद राहुल ने  2015 बैच की गुजरात कैडर की नेहा से विवाह कर लिया जिसके फलस्वरूप  नेहा का हरियाणा कैडर में ट्रांसफर हो गया।

 


वहीं मनीषा वर्तमान में यू.टी. चंडीगढ़ में तीन वर्षों  के लिए बतौर डैपुटेशन पर एस.एस.पी. पद पर तैनात  हैं।   
इसी प्रकार मार्च, 2015 में असम-मेघालय कैडर  के 2012 बैच के आई.ए.एस. अजय सिंह तोमर को हरियाणा में ट्रांसफर किया  गया चूंकि उन्होंने 2013 बैच की हरियाणा कैडर की आई.ए.एस. संगीता तेतरवाल से विवाह किया था। अजय का गृह राज्य दिल्ली जबकि संगीता का राजस्थान है। हरियाणा में ऐसे कई  आई.ए.एस. और आई.पी.एस. अधिकारी हंै जिन्हें उनके  विवाह के फलस्वरूप  हरियाणा कैडर अलॉट किया गया। 
हेमंत ने बताया कि अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों को आबंटित प्रदेश कैडर में परिवर्तन संबंधी केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए एवं मौजूदा  लागू दिशा-निर्देशों  के अनुसार   आई.ए.एस., आई.पी.एस. और आई.एफ.एस. (भारतीय वन सेवा) अधिकारियों द्वारा आपस में (उक्त तीनों सेवाओं के अधिकारियों के मध्य) विवाह करने के फलस्वरूप संबंधित अधिकारी को मूल तौर पर  आबंटित प्रदेश कैडर में बदलाव/परिवर्तन  किया जा सकता है एवं उस अधिकारी को  उसकी  पत्नी (या उसके पति) को  आबंटित प्रदेश कैडर में स्थायी तौर पर केंद्र सरकार द्वारा ट्रांसफर किया जा सकता है जिसे इंटर-कैडर ट्रांसफर कहा जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News