किसान और गरीब की कायापल्ट की जाएगी: जेपी दलाल

punjabkesari.in Saturday, Feb 19, 2022 - 07:47 PM (IST)

चंडीगढ,  (अर्चना सेठी): कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। ऐसे में किसान और गरीब लोगों का कायापल्ट की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र के रेगिस्तानी क्षेत्र में आगामी कई सालों के लिए पर्याप्त सिंचाई व पेयजल का पक्का प्रबंध किया जाएगा।

 

कृषि मंत्री दलाल शनिवार को लोहारू विधानसभा क्षेत्र के गांव सैनीवास, मोतीपुरा, माधोपुरा, झुप्पा कलां व खुर्द, ढाणी भाकरा, बिधवान तथा गोपलवास में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्हींने ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनी और अधिकारियों को निर्देश देकर मौके पर समस्याओं का समाधान किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान कृषि मंत्री श्री दलाल का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। 

 

अपने संबोधन में कृषि मंत्री श्री दलाल ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए शूक्ष्म सिंचाई पद्धति पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपने खेतों में टैंक बनवा कर एवं सोलर प्लेट लगाकर शूक्ष्म सिंचाई की तकनीक को अपनाएं।  इससे जहां एक तरफ पानी की बचत होगी, वहीं दूसरी ओर पैदावार भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि शूक्ष्म सिंचाई के उपकरणों पर सरकार द्वारा खासा अनुदान दिया जा रहा है, जिसका किसानों को लाभ उठाना चाहिए।

 

कृषि मंत्री ने कहा कि न केवल फिलहाल किसानों को पूरा मिलेगा, बल्कि आगामी कई सालों तक खेती के लिए पर्याप्त पानी का पक्का प्रबंध किया जाएगा। किसानों को सिंचाई के पानी के लिए किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान और गरीब लोगों की कायापल्ट की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे एक सेवक बनकर जनता के बीच में काम कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि यो राज थारा दिया हुआ है और थारी ही सेवा में लगाऊंगा। उन्होंने कहा कि वे लोहारू क्षेत्र की जनता से एक पल भी दूर नहीं है। 

 

कृषि एवं पशुपालन मंत्री  दलाल ने कहा कि  भिवानी में 25 से 27 फरवरी तक लगने वाली राज्य स्तरीय पशु-प्रदर्शनी ऐतिहासिक होगी। उन्होने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रदेश में अब तक लगी प्रदर्शनियों से सबसे शानदार होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के महामहिम राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय राज्य प्रदर्शनी का 25 फरवरी को सुबह दस बजे शुभारंभ करेंगे। इसी दिन दोपहर के सत्र में 12 बजे पुशपालन मंत्री भारत सरकार पुरुषोत्तम रूपाला मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को प्रात. दस बजे केंद्रीय पशुपालन राज्य मंत्री डॉ. संजीव बाल्यान मुख्य अतिथि होंगे तथा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़  विशेष अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को प्रदर्शनी के समापन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगे। प्रदर्शनी के दौरान पशुपालकोंं/किसानों के लिए भोजन व रहने की आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गांवों के लिए स्पेशल बसें जाएंगी, जिसमें सवार होकर पशुपालक/किसान प्रदर्शनी में जाएंगे और बसों के माध्यम से ही वे वापस अपने घर पर आएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों/पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News