एनएचएम कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों का दिपावली का तोहफा : स्वास्थ्य मंत्री

punjabkesari.in Wednesday, Nov 03, 2021 - 03:35 PM (IST)

चंडीगढ़, (अर्चना सेठी)  हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा (एनएचएम) के अनुबंध कर्मचारियों को सर्व शिक्षा अभियान के कर्मियों की तर्ज पर दीपावली के त्यौहार के अवसर पर सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का तोहफा दिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सातवें वेतन आयोग को लागू करने की ‘सैद्धांतिक’ मंजूरी भी दे दी है।


स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 7वें वेतन आयोग के लागू होने से एनएचएम के 11476 अनुबंधित कर्मियों को 535.22 करोड़ रूपए का लाभ होगा जिसके तहत 5 साल से कम सेवा वाले 2151 कर्मियों को 84.74 करोड़ रूपए, 5 साल से अधिक सेवा वाले 6220 कर्मियों को 296.73 करोड़ रूपए और 10 वर्ष से अधिक सेवा वाले 3105 कर्मियों को 153.74 करोड़ रूपए का लाभ प्राप्त होगा।


उन्होंने बताया कि इन कर्मियों में 1600 रूपए ग्रेड-पे से लेकर 5400 रूपए ग्रेड-पे के कर्मचारी शामिल है जिसके तहत 1600 ग्रेड-पे के पांच कर्मचारी, 1650 ग्रेड-पे के 321 कर्मचारी,1900 ग्रेड-पे के 1118 कर्मचारी, 2000 ग्रेड-पे के 19 कर्मचारी, 2400 ग्रेड-पे के 4594 कर्मचारी, 2800 ग्रेड-पे के 1065 कर्मचारी, 3200 ग्रेड-पे के 902 कर्मचारी, 3600 ग्रेड-पे के 109 कर्मचारी, 4000 ग्रेड-पे के 142 कर्मचारी, 4200 ग्रेड-पे के 2422 कर्मचारी, 4600 ग्रेड-पे के 51 कर्मचारी, 4800 ग्रेड-पे के 708 कर्मचारी और 5400 ग्रेड-पे के 20 कर्मचारी है। 


विज ने एनएचएम के अनुबंध कर्मचारियों द्वारा विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ देने का काम किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान एनएचएम के अनुबंधित कर्मियों ने अपने स्वास्थ्य, परिवार व जीवन की परवाह किए बिना दिन-रात स्वास्थ्य सेवाएं देने का काम किया और महामारी की चुनौती से निपटने के लिए हरियाणा में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई। 


उन्होंने बताया कि उनके द्वारा किए गए प्रयासों से एनएचएम के कर्मियों के सेवा नियमों को भी तैयार कर क्रियान्वित करने का काम किया गया है ताकि ये कर्मी भी उत्साही होकर अपना बेहतर से बेहतर प्रदर्शन अपनी सेवा के दौरान दें सकें। इसी प्रकार, उन्होंने बताया कि हरियाणा में एनएचएम के कर्मियों को अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर मानदेय दिया जा रहा हैं जबकि अन्य राज्य अपने यहां पर एनएचएम कर्मियों को दी जाने वाली सुविधाएं हेतू हरियाणा का अनुसरण कर रहे हैं। 
उल्लेखनीय है कि एनएचएम के कार्यक्रम के तहत मातृत्व एवं बाल देखभाल, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम और नॉन कम्यूनिकेबल बीमारियों के संबंध में कार्यक्रम चलाए जाते है। एनएचएम के तहत अवसरंचना, लोजिस्टिक, मानव संसाधन और नवीनता को अपनाया जाता है और एनएचएम प्राथमिक तौर पर लोगों को स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं उपलब्ध कराने का काम करता है। 


गौरतलब है कि एनएचएम के कर्मियों में खुशी लहर हैं और इन कर्मियों ने स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया है कि उनको दीपावली पर 7वें वेतन आयोग का तोहफा दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News