विधानसभा चुनाव: एग्जिट पोल में बहुमत मिलने की संभावना से गुजरात भाजपा इकाई में खुशी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 09:58 AM (IST)

अहमदाबाद, छह दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए गए एग्जिट पोल में बहुमत मिलने की संभावना जताए जाने से खुश है और उसे भरोसा है कि एक बार फिर पार्टी की यहां सरकार बनेगी।
गुजरात प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता यमन व्यास ने दावा किया कि प्रदेश के चुनावी मैदान में नयी दावेदारी पेश कर रही आम आदमी पार्टी (आप) को 182 सदस्यीय विधानसभा की एक भी सीट पर जीत नहीं मिलेगी।
गुजरात विधानसभा के लिए मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।
‘आप’ द्वारा आक्रामक प्रचार और अरविंद केजरीवाल की पार्टी के लुभावने वादों के बावजूद एग्जिट पोल में पार्टी को दो से 13 सीटों पर ही जीत मिलती दिख रही है। गुजरात विधानसभा में बहुमत हासिल करने का जादुई आंकड़ा 92 है।
विधानसभा के लिए मतदान संपन्न होने के बाद जारी सभी एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है और उसे 117 से 151 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है जबकि कांग्रेस को 16 से 51 सीटों पर जीत मिलने की संभावना जताई गई है।
व्यास ने कहा, ‘‘हम शुरू से ही आश्वस्त हैं कि गुजरात की जनता हमारे साथ है और भाजपा शानदार जीत दर्ज करेगी। गुजरात की जनता हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके द्वारा गुजरात और देश में किए गए कार्यों के लिए प्यार करती है। एग्जिट पोल के आंकड़े प्रधानमंत्री के प्रति हमारे प्रेम को प्रतिबिंबित करते हैं। हमारे जमीनी कार्यकर्ताओं ने भी जीत सुनिश्चित करने में योगदान दिया।’’
व्यास ने कहा कि भाजपा कभी आप के गुजरात में प्रवेश करने से चिंतित नहीं हुई और उसका मानना था कि केजरीवाल के मुफ्त बिजली जैसे वादों से बाजी नहीं पलटेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं रिकॉर्ड पर कहना चाहता हूं कि आप को गुजरात में एक भी सीट नहीं मिलेगी क्योंकि वे जमीन पर बिल्कुल नहीं थे और केवल सोशल मीडिया के जरिये लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन जनता जानती है कि भाजपा ही उनके लिए बेहतर काम कर सकती है।’’
गुजरात प्रदेश भाजपा के महासचिव प्रदीपसिंह वाघेला ने दावा किया कि उनकी पार्टी को एग्जिट पोल के आकलन से अधिक सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा अपने सभी पुराने रिकॉर्ड को तोड़ेगी। हमें गुजरात में पूर्व में किसी पार्टी को मिली सीटों और मत प्रतिशत से अधिक सीटें और मत मिलेंगे।’’
वाघेला ने कहा, ‘‘मतों के जरिये गुजरात की जनता ने राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति का समर्थन किया है। हम अगली सरकार प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और (केंद्रीय गृहमंत्री) अमित शाह के मार्गदर्शन और जनता के आर्शीवाद से बनाएंगे।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News