गुजरात : भाजपा आप को तोड़ने की कोशिश कर रही है, गढ़वी का आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Jan 19, 2022 - 08:46 AM (IST)

अहमदाबाद, 18 जनवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘दबाव की रणनीति और प्रलोभन’’ के माध्यम से उसे तोड़ने की कोशिश कर रही है।

आप के दो नेताओं के इस्तीफा देने और उनमें से एक के गुजरात में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के एक दिन बाद आप ने यह आरोप लगाया है। विजय सुवाड़ा और महेश सवानी ने सोमवार को आप छोड़ दिया। इसके बाद सुवाड़ा भाजपा में शामिल हो गए।

आप नेता इसुदान गढ़वी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, ‘‘पार्टी छोड़ने का उनका (दोनों नेताओं का) व्यक्तिगत निर्णय था। भाजपा दबाव डालने की रणनीति के लिए जानी जाती है। वे धमकियों, धन या अन्य प्रलोभनों का उपयोग करके विपक्षी नेताओं को आकर्षित करने की कोशिश करते हैं। अतीत में भाजपा ने हमारे पार्षदों (सूरत में) को अपने पाले में करने कोशिश की थी, लेकिन किसी ने भी आप को नहीं छोड़ा क्योंकि हम सभी क्रांतिकारी हैं।’’
पिछले महीने एक विरोध प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं के भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में घुसने के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में गढ़वी भी शामिल थे। गढ़वी पर कथित तौर पर शराब पीने के कारण मद्य निषेघ कानून के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा हमें धमकाने और परेशान करने की कोशिश कर रही है। हमें 13 दिनों तक सलाखों के पीछे रखा गया था। मुझे शराब पीने के मामले में फंसाया गया था। लेकिन, मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि हम लोगों के लिए लड़ रहे हैं और हम आखिरी सांस तक लड़ते रहेंगे। आम आदमी पार्टी के टूटने का कोई सवाल ही नहीं है। लोग आएंगे और जाएंगे। आप कोई पार्टी नहीं है, यह एक आंदोलन है।’’
इस बीच, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता याग्नेश दवे ने कहा, ‘‘जब उनके अपने नेताओं को पार्टी (आप) पर भरोसा नहीं है, तो लोग उस पर कैसे भरोसा करेंगे? आप नेता अनावश्यक बयान दे रहे हैं। सच्चाई यह है कि आप टूट रही है। भाजपा की बात करने के बजाय आप के नेताओं को अपनी स्थिति की चिंता करनी चाहिए।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News