नि:शुल्क रेमडेसिविर वितरण के लिए गुजरात भाजपा के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया जाए : कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Apr 12, 2021 - 10:24 PM (IST)

अहमदाबाद, 12 अप्रैल (भाषा) सूरत में कोविड-19 से जुड़ी दवा रेमडेसिविर की पांच हजार खुराकें नि:शुल्क वितरित करने के लिए गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सी. आर. पाटिल विपक्ष के निशाने पर हैं। विपक्षी दल कांग्रेस ने अवैध रूप से दवा को खरीदने और इसके भंडारण के लिए सोमवार को उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।


गुजरात कांग्रेस ने पाटिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की, जिन्होंने अपने गृहनगर सूरत में रेमडेसिविर की कमी के बीच इस दवा की 5000 खुराकें वितरित करने की घोषणा कर विवादों को जन्म दिया था।

दवा का नि:शुल्क वितरण दस अप्रैल से भाजपा के सूरत कार्यालय में शुरू हुआ।


कांग्रेस ने जहां उनकी गिरफ्तारी की मांग की है वहीं पिछले तीन दिनों में दवा की तीन हजार शीशियों का वितरण हो चुका है, जिसमें करीब एक हजार इंजेक्शन सोमवार को जरूरतमंद रोगियों के रिश्तेदारों को नि:शुल्क दिया गया। यह जानकारी सूरत भाजपा के एक पदाधिकारी ने दी।


सूरत इकाई के प्रमुख अमित चावडा के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की और ‘‘नियमों का उल्लंघन’’ करने के लिए पाटिल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


चावडा ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोई नहीं जानता कि पाटिल ने रेमडेसिविर के पांच हजार इंजेक्शन कैसे खरीदे। क्या उनके पास इस तरह की दवा को खरीदने और अपने परिसर में भंडारण करने का लाइसेंस है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘कितना धन खर्च हुआ (दवा की खरीद पर) और किस कानून के तहत इसे खरीदा गया? इस बारे में कोई सूचना उपलब्ध नहीं है।’’

प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य सदस्यों में राज्यसभा के सदस्य शक्ति सिंह गोहिल, विपक्ष के नेता परेश धनानी और गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी थे।


सूरत से भाजपा विधायक हर्ष सांघवी सोमवार को पाटिल के समर्थन में उतरे और कहा कि सभी इंजेक्शन दूसरे राज्यों से धन देकर खरीदा गया।


सत्तारूढ़ दल के विधायक ने कांग्रेस पर प्रहार भी किया।


सांघवी ने कहा, ‘‘हमने ये इंजेक्शन दूसरे राज्यों से खरीदे हैं जहां ये अधिक संख्या में उपलब्ध हैं। हम इसे कतार में खड़े लोगों को नि:शुल्क दे रहे हैं।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘क्या जरूरतमंद लोगों की मदद करना अपराध है? क्या चावडा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में एक भी इंजेक्शन नि:शुल्क दिया है?’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News