मशीनों से धान की खेती का विस्तार करने के मिशन पर गोवा के पादरी

punjabkesari.in Sunday, Jul 31, 2022 - 12:12 PM (IST)

पणजी, 31 जुलाई (भाषा) गोवा के डॉन बॉस्को के पादरी जॉर्ज क्वाड्रोस वर्ष 2015 से राज्य में मशीनों के माध्यम से धान की खेती का विस्तार करने के लिए काम कर रहे हैं।

फादर क्वाड्रोस को गोवा में कृषि के लिए मशीनों का उपयोग करने का विचार 2012 में तब आया जब उन्होंने डॉन बॉस्को की कौशल विकास पहल के तहत दिल्ली के प्रगति मैदान में एक प्रदर्शनी का दौरा किया।

फादर क्वाड्रोस ने कहा कि उन्हें याद है कि 10 साल पहले उन्हें इन जापान-निर्मित मशीनों से प्यार हो गया था। 66 वर्षीय पादरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने पणजी से 45 किलोमीटर दूर दक्षिण गोवा के कर्टोरिम गांव में एक खेत में धान ट्रांसप्लांटर मशीन का इस्तेमाल किया। पादरी ने कहा, ‘‘2015 में मशीनों का उपयोग करके हम एक दिन में 4,000 वर्ग मीटर भूमि पर धान बोते थे। 2022 में हम एक दिन में 50,000-60,000 वर्ग मीटर को कवर कर रहे हैं।’’ क्वाड्रोस खुद को ‘‘सेवा प्रदाता’’ कहते हैं, जो साल्सेट, क्यूपेम और आसपास के तालुकों में ट्रांसप्लांटर मशीन के जरिए खुद ही धान की देखरेख या रोपण करते हैं।

गोवा में ‘रियल एस्टेट’ में उछाल और धान के खेतों के कम होने की पृष्ठभूमि में फादर क्वाड्रोस ने कहा कि वह किसानों को अपने धान के खेतों को परती नहीं रखने के लिए मनाने के मिशन पर हैं। जब ‘पीटीआई-भाषा’ ने पादरी से संपर्क किया तो उन्होंने मौजूदा सीजन में 50 दिनों के लिए धान की रोपाई पूरी कर ली थी।

पादरी ने कहा, ‘‘हम बिना छुट्टी के 50 दिनों से खेतों में काम कर रहे हैं। हम रविवार को भी काम करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम एक दिन भी गंवा देते हैं, तो रोपण मुश्किल हो जाता है।’’ प्रगति मैदान प्रदर्शनी में अपने अनुभव को याद करते हुए क्वाड्रोस ने कहा, ‘‘जापानी लोग इन मशीनों के साथ आए थे। मुझे इन मशीनों से प्यार हो गया। मुझे एहसास हुआ कि हम प्रौद्योगिकी को उपयोग में ला सकते हैं। गोवा में, लोग खेत छोड़ रहे थे।’’ फादर क्वाड्रोस को अपने सपने को हकीकत में बदलने में और दो साल लग गए।

किसानों से मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में पहली बार वह एक धान ट्रांसप्लांटर के साथ खेत में गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘गोवा के कृषि निदेशालय ने इन मशीनों को खरीदने में सहायता की।’’ फादर क्वाड्रोस ने कहा कि मशीन खरीदकर कोई भी सेवा प्रदाता बन सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘आप किसानों को सेवा प्रदान कर सकते हैं। किसान को मशीन खरीदने की जरूरत नहीं है। हम गोवा में सेवा प्रदाता बनाने के लिए काम कर रहे हैं। मेरी तरह पांच अन्य सेवा प्रदाता काम कर रहे हैं।’’ पादरी ने पेशेवरों के एक समूह को सेवा प्रदाता बनने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ऑस्ट्रेलिया के एक भूविज्ञानी को प्रशिक्षित किया है और हर मौसम में वह यहां आते हैं.....।’’ फादर क्वाड्रोस ने कहा कि ट्रांसप्लांटर मशीन चलाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बल्कि यह कंप्यूटर को संभालने जैसा है। उन्होंने कहा, ‘‘आप कितने पौधे लगाए जाने हैं, वृक्षारोपण का क्षेत्र और बुवाई की गहराई को तय कर सकते हैं।’’ मशीनीकृत खेती के प्रति किसानों के इतने उत्साहित नहीं होने के कारणों के बारे में फादर क्वाड्रोस ने कहा कि कई परिवार हाथ से धान लगाना पसंद करते हैं जबकि कई किसान अब भी संदेह में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग भावनात्मक रूप से अपने खेतों से जुड़े होते हैं....।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News