भाजपा के जोशुआ डिसूजा गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए

punjabkesari.in Friday, Jul 22, 2022 - 02:06 PM (IST)

पणजी, 22 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जोशुआ डिसूजा शुक्रवार को गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को सदन के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान मतदान हुआ। इसमें 24 विधायकों ने डिसूजा के पक्ष में मतदान किया, जबकि 12 सदस्यों ने अपना वोट कांग्रेस उम्मीदवार डेलियाला लोबो को दिया।

आम आदमी पार्टी (आप) के दो सदस्यों और रेवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी (आरजीपी) के एकमात्र विधायक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। ये तीनों विधायक विपक्षी खेमे से जुड़े हुए हैं।

गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश तावडकर और अन्य ने डिसूजा को उनकी जीत पर बधाई दी।

33 वर्षीय डिसूजा उत्तर गोवा की मापुसा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह 2019 में अपने पिता फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे। फ्रांसिस डिसूजा तत्कालीन गोवा सरकार में मंत्री थे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News