Review: भव्य VFX, दमदार एक्टिंग और शानदार म्यूजिक के साथ दिल जीतती है ‘रामायण पार्ट 1’
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 04:39 PM (IST)
फिल्म- रामायण: पार्ट 1 (Ramayana Part 1)
स्टारकास्ट- रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), साई पल्लवी (Sai Pallavi), यश (Yash), रवि दुबे (Ravi Dubey), अरुण गोविल (Arun Govil), लारा दत्ता (Lara Dutta), रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh), काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal) आदि
डायरेक्शन- नितेश तिवारी
निर्माता- नमित मल्होत्रा
रेटिंग- 4.5*
Ramayana Part 1: भारतीय सिनेमा में रामायण की कहानी को कई बार अलग-अलग अंदाज में पर्दे पर दिखाया गया है लेकिन इस बार नितेश तिवारी इसे एक बिल्कुल भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में लेकर आए हैं। करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'रामायण पार्ट 1' सिर्फ अपनी स्टारकास्ट ही नहीं, बल्कि शानदार VFX, भव्य सेट और दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक को लेकर भी चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, अरुण गोविल, रवि दुबे, लारा दत्ता और काजल अग्रवाल जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देते हैं। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी रामायण के मूल प्रसंगों पर आधारित होने के बावजूद कुछ नए पहलुओं और घटनाओं को भी सामने लाती है। ए.आर. रहमान और हंस जिमर का संगीत, ऑस्कर विजेता VFX कंपनी DNEG का काम और कलाकारों की अदाकारी फिल्म को बड़े पर्दे पर एक अलग पहचान देते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या इतने बड़े बजट और दर्शकों की भारी उम्मीदों पर 'रामायण पार्ट 1' खरी उतरती है? क्या फिल्म अपनी कहानी, अभिनय और तकनीकी पक्ष के दम पर दर्शकों को बांधे रखने में सफल होती है? आइए जानते हैं नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का पूरा रिव्यू।

कहानी
फिल्म की कहानी की शुरुआत दशानन के रावण बनने के सफर से होती है, जहां वह घोर तपस्या करके भगवान ब्रह्मा को प्रसन्न करता है और उनसे अमरता का वरदान मांगता है। वरदान मिलने के बाद रावण की शक्ति और अहंकार दोनों बढ़ने लगते हैं। वह अपनी स्वर्ण नगरी लंका का निर्माण करता है और धीरे-धीरे तीनों लोकों पर अपना आधिपत्य जमाने की कोशिश करता है। कई राजाओं और शक्तिशाली योद्धाओं को हराने के बाद अब उसका लक्ष्य भगवान विष्णु को पराजित करना होता है। दूसरी ओर, अयोध्या में राजा दशरथ के घर भगवान राम का जन्म होता है। राम के साथ उनके भाइयों लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का भी जन्म होता है। समय बीतने के साथ चारों भाई बड़े होते हैं। इसके बाद राम और लक्ष्मण ऋषि विश्वामित्र के साथ वन में जाते हैं, जहां वे राक्षसों का संहार करते हैं। आगे चलकर राम का विवाह मिथिला की राजकुमारी सीता से होता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब कैकेयी राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगती हैं और राम को 14 वर्षों का वनवास मिल जाता है।

वनवास के दौरान रावण की बहन शूर्पणखा की मुलाकात राम और लक्ष्मण से होती है। इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदलता है और रावण बदला लेने के लिए मारीच की मदद से सोने के हिरण का रूप धारण करवाता है। सीता उस हिरण को देखकर राम से उसे लाने का आग्रह करती हैं। राम हिरण के पीछे जाते हैं और उनके स्वर में मदद की पुकार सुनकर लक्ष्मण भी कुटिया छोड़कर चले जाते हैं। इसी मौके का फायदा उठाकर रावण साधु का वेश धारण करके सीता के पास पहुंचता है और उनका हरण कर अपनी लंका ले जाता है। अब इसके आगे की कहानी आपको पार्ट 2 में पता चलेगी जो अगले साल रिलीज होगा।

एक्टिंग
फिल्म रामायण पार्ट 1 में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल समेत कई मंझे हुए कलाकार मौजूद हैं। फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम का किरदार निभाया है। उन्होंने अपने किरदार को पूरी सहजता के साथ निभाया और हर इमोशन को पर्दे पर बखूबी दिखाया है। वहीं बात करे माता सीता के किरदार की तो साई पल्लवी ने अपनी मासूमियत व अपने हाव भाव से किरदार में जान डाल दी है। दूसरी ओर यश ने रावण के किरदार को बेहद दमदार तरीके से निभाया। उन्होंने अपने एक्सप्रेशन से सभी को चकित कर दिया। इसके अलावा, यश के किरदार के लिए शरद केलकर ने अपनी आवाज देकर शानदार काम किया है। उनकी दमदार आवाज ने किरदार के प्रभाव को और बढ़ा दिया है, जिससे यश का अभिनय पर्दे पर और भी प्रभावशाली नजर आता है।

बात करें लक्ष्मण यानी रवि दुबे की तो उन्होंने राम के छोटे भाई का किरदार ठीक उसी तरह निभाया जैसा आप और हम बचपन से सुनते और टीवी पर देखते हुए आ रहे हैं। लारा दत्ता और काजल अग्रवाल का किरदार भी काफी अच्छा और प्रभावशाली रहा। अरुण गोविल ने राजा दशरथ के किरदार को बेहद खूबसूरती से निभाया है। उनके अभिनय में एक पिता का प्रेम, भावनाएं और अपने पुत्रों के प्रति लगाव साफ नजर आता है। रकुल प्रीत सिंह ने शूर्पणखा के किरदार को बखूबी निभाया।

म्यूजिक
किसी भी फिल्म के लिए उसका म्यूजिक उसकी बड़ी ताकत होता है। तो ठीक वैसे ही इस फिल्म के हर गाने ने लोगों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई है। फिल्म 'रामायण पार्ट 1' का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और मशहूर हॉलीवुड संगीतकार हंस जिमर ने तैयार किया है। फिल्म का इंट्रोडक्शन थीम 'रामायण' दोनों संगीतकारों की शानदार जुगलबंदी को दर्शाता है। वहीं, 'जय जय राम' गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। इसके अलावा, 'रावण तांडव' में विशाल ददलानी और ए.आर. रहमान का योगदान सुनने को मिलता है। वहीं, 'मंगल रंग' को भी अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और गाने इसकी भव्यता के साथ-साथ भावनात्मक दृश्यों को भी प्रभावशाली बनाते हैं।

डायरेक्शन
फिल्म 'रामायण पार्ट 1' का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है जबकि इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। नितेश तिवारी ने कहानी को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में पेश किया है। वहीं, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने हर किरदार के लिए उपयुक्त कलाकारों का चयन किया है जो फिल्म की खासियतों में से एक है। इसके अलावा तांडव गीत में श्यामक डावर की कोरियोग्राफी भी आकर्षित करती है। फिल्म के ग्राफिक्स और विजुअल इफेक्ट्स शानदार हैं जो कहानी को और भव्य बनाते हैं। जटायु और रावण के बीच युद्ध, हवा में उड़ते रथ, भव्य महल, खूबसूरत पर्वत श्रृंखलाएं और युद्ध के शानदार दृश्य ऑस्कर विजेता VFX कंपनी DNEG की बेहतरीन मेहनत को दर्शाते हैं। फिल्म में रामायण के कुछ नए पहलुओं और प्रसंगों को भी दिखाया गया है जिससे दर्शकों को कहानी को एक अलग नजरिए से देखने का मौका मिलता है। अच्छी बात यह है कि फिल्म कहीं से भी खिंची हुई महसूस नहीं होती। इसके अलावा डायरेक्टर ने इस बात का खास ध्यान रखा है कि किसी बी तरीके से तथ्यों के साथ छेड़छाड़ ना हो। इसमें आज की जेनरेशन की पसंद और समझ को भी ध्यान में रखा गया है जिससे यह नई पीढ़ी के दर्शकों से भी जुड़ने में कामयाब हो सकती है।
