‘नई शिक्षा नीति से बनेगा नया भारत’: HRD Minister

punjabkesari.in Saturday, Oct 12, 2019 - 11:47 AM (IST)

वेस्ट दिल्ली(आदित्य पाण्डेय): केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने द्वारका सेक्टर- 23 में सीबीएसई (केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) के नए एकीकृत परिसर की आधारशिला रखी। इस मौके पर सीबीएसई की अध्यक्ष अनीता करवल, सीबीएसई के सचिव अनुराग त्रिपाठी, सूचना प्रौद्योगिकी के निदेशक डॉ. अंतरिक्ष जोशी, एनबीसीसी के परियोजना निदेशक नीलेश शाह व सीबीएसई के कई दूसरे वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। 

यहां पर केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत जल्द ही एक बार पुन: विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मसौदा बनकर पूरी तरह से तैयार है। बस इसे लागू करने की देर है। इसके बाद हमारे देश के बच्चे भारतीय संस्कृति और शिक्षा प्रणाली का अनुसरण कर नए-नए अनुसंधान और वैज्ञानिक खोज करेंगे। 

उन्होंने कहा कि इस देश में 1 हजार से अधिक विश्वविद्यालय हैं। लगभग 45 हजार डिग्री कॉलेज और लगभग 1 करोड़ अध्यापक हैं। देश के अंदर लगभग 15-16 लाख स्कूल हैं और 33 करोड़ छात्र हैं। दुनिया के दर्जनों देशों की जितनी जनसंख्या नहीं होगी, उतने हमारे यहां छात्र-छात्राएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐसे ही नहीं कहते कि हिंदुस्तान दुनिया का सबसे युवा देश है। 

आज पूरी दुनिया भारत की तरफ फिर से देख रही है। लेकिन अब तक हम अपने युवाओं को क्या दिशा देना चाहते हैं, इसके बारे में नहीं सोचा था। लेकिन नई शिक्षा नीति अनुसंधानपरक, रोजगारपरक और प्रौद्योगिकी से युक्त होगी। वह भारत की संस्कृति से ओत-प्रोत होगी। तभी हम दुनिया को कुछ अनोखा दे पाएंगे। वर्ना कोई हमारे पास क्यों आएगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसमें सीबीएसई के तमाम महत्वपूर्ण सुझावों को शामिल किया जाएगा। आशा है कि आने वाले दिनों में सीबीएसई के नए परिसर की एक-एक ईंट से नया-नया विजन निकलेगा। आशा है कि नई शिक्षा नीति, नए भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला रखेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

Riya bawa

Recommended News