Yearly Ank Jyotish 2021- जन्म तारीख से जानें, कैसा रहेगा ये साल

punjabkesari.in Saturday, Jan 02, 2021 - 11:27 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक 1 – मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातक को स्वतन्त्र रूप से काम करना पसंद होता है, इनको हमेशा आगे बढ़ते रहना पसंद होता है। नेतृत्व करने का स्वभाव इनमें बचपन से ही होता है। इनमें दूरदर्शिता का गुण होता है इसी के सहारे ये सफलता प्राप्त करते हैं। 2021 आप के बुद्धि और साहस में बढ़ोतरी प्रदान करेगा। मनोबल में वृद्धि होने के कारण आप इस वर्ष कुछ रुके कार्यों को पूर्ण करने में सक्षम होंगे। इस वर्ष आप अपने करियर में नई सफलतायें प्राप्त करेंगे। अपनी संकल्प शक्ति के बल पर मुश्किल कार्यों को आसानी से पूर्ण कर पाएंगे। व्यापार की नई शुरुआत करने के लिए यह वर्ष उत्तम है। सोच-समझ कर किए गए निवेश से आप अपने व्यापार में वृद्धि कर पाएंगे। इस वर्ष व्यापार में रखी नींव का आप भविष्य में भरपूर लाभ उठा पाएंगे। इस वर्ष के अंत में पैतृक सम्पति से बड़ा लाभ हो सकता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए खुद को अनुशासित रखने की आवश्यकता है। जनवरी, फरवरी और अक्टूबर महीने में आप अपने को उर्जा से भरा पाएंगे। आर्थिक रूप से यह महीना बेहतर रहेगा। आप व्यापार में कुछ नए अवसर प्राप्त करेंगे, जिनको अपनी मेहनत के बल से आप और अधिक निखारेंगे। कोई समस्या आपको परेशान कर सकती है। आप को इस बात कर ध्यान रखना चाहिए कि जब-जब आप स्वतन्त्र रूप से निर्णय लेते हैं तब-तब आप समस्याओं का हल निकाल पाते हैं। दूसरों का अनुसरण करने से आपको परेशानियों के आलावा कुछ भी नहीं मिल पाएगा। मार्च, मई और नवम्बर महीने विद्यार्थियों के लिए विशेष फलदायक रहेंगे। अपनी मेहनत अनुसार उनको परिणाम की प्राप्ति होगी। व्यापार के विस्तार के लिए भरसर प्रयास करेंगे, जिसके चलते आप जल्द ही अपनी इच्छाओं को प्राप्त कर पाएंगे। अविवाहित पुरुषों के लिए विवाह का प्रस्ताव आ सकता है। अप्रैल महीने में अनुसन्धान से जुड़े व्यक्तियों को सफलता प्राप्त हो सकती है। अपने क्रोध पर संयम रखने का प्रयास करें। सरकारी कार्यों में रूकावटे आ सकती हैं। पारिवारिक जीवन में कुछ परेशानियां उठानी पड़ सकती हैं। व्यापार में भी कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। मई और जुलाई महीने में व्यापार में आई परेशानियों का हल पाएंगे। व्यावसायिक यात्रा करनी पड़ेगी, जो आपके लिए लाभप्रद सिद्ध होगी। अगस्त में पिता के साथ वैचारिक मतभेद होने की सम्भावना है अपनी वाणी में संयम रखने की बहुत आवश्यकता है अविवाहित पुरुषों के लिए विवाह का प्रस्ताव आ सकता है। भूमि या वाहन खरीदने पर विचार करेंगे। सितम्बर में सभी कार्यों को आसानी से पूर्ण कर पाएंगे, जिस से आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए सूर्य नमस्कार करें, गाय को रोटी दें, गायत्री मंत्र का पाठ करें, सोना धारण करें, पिता का आशीर्वाद लें, ताम्बे के लोटे में सूर्य को जल अर्पित करें, लाल रोली धारण करें, गुड़ का सेवन करें।


 मूलांक 2– मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले जातक मानसिक रूप से बहुत सबल होते हैं। आप स्वभाव से दयालु होते है और दूसरों के कार्य को प्रसन्नतापूर्वक करते हैं। सौन्दर्य के प्रति आपकी रूचि अधिक होती है। आपके धैर्य की कमी होती है इस कारण कभी कभी गलत निर्णय ले कर बाद में पछताना पड़ता है। इस वर्ष अपने रिश्तों पर ध्यान केन्द्रित करने की आवश्यकता है। रिश्ते आप को नई सीख देंगे। दूसरों के प्रति संवेदनशील और भावुक होना आपके स्वभाव में है। पर ध्यान रहे कोई आपके इस स्वभाव का गलत फायदा न उठा सकें। आप के साफ़ दिल का होना आप के लिए नुकसानदायक सिद्ध हो सकता है। भाग्य और उन्नति के रास्ते प्रबल होंगे। माता से सलाह ले कर किये गए कामों में हमेशा सफलता प्राप्त करेंगे। विक्रेता, राजनीति, अभिनेता, कवि, जज, शिक्षक, शोधकर्ता और शिल्पकला से जुड़े व्यक्तियों के लिए यह वर्ष शुभ फल प्रदान करने वाला है। जनवरी और अक्टूबर में आर्थिक स्थिति उत्तम होगी। व्यापार में लिए गए निर्णय आपके हक में आयेंगे। विद्यार्थी अपनी नियमित पढ़ाई के बल से नौकरी से जुड़ी प्रतियोगिता को पार कर पाने में सक्षम होंगे। फरवरी और नवम्बर किसी बात को ले कर पारिवारिक कलह हो सकता है पर आप अपनी समझ-बूझ के बल से स्थिति को नियंत्रित कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारी आप की प्रशंसा करेंगे। नौकरी में पदोन्नति के अवसर प्रबल होंगे। मार्च और दिसम्बर में आर्थिक स्थिति आप के अनुकूल होगी। व्यापार में किये गए निवेश से आप को लाभ की प्राप्ति होगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह महीने थोड़ा परेशान कर सकते हैं। अप्रैल में पैसों के लेन-देन से बचें, आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। अपने लक्ष्यों को निर्धारित कर के कार्य करने से सफलता निश्चित ही प्राप्त होगी। युगल प्रेमियों के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा। मई में अपनी प्रतिभाओं को निखारने के लिए उत्तम महीना है। छोटी-छोटी आर्थिक परेशानियां उठानी पड़ सकती हैं पर धीरे-धीरे आप उनको पार कर पाने में सक्षम होंगे। जून में अपनी व्यक्तिगत समस्याओं को सुलझाने में निकलेंगे। अगर विदेश जाने के लिए आप प्रयासरत हैं तो यह महीना खुशखबरी लेकर आ सकता है। जुलाई महीना दुबारा परेशानियों भरा रहेगा। माता की सेहत का ध्यान रखने की बहुत आवश्यकता है। नौकरी पेशा व्यक्तियों को संभल कर काम करने की आवश्यकता है, सहकर्मियों के सहयोग की कमी के कारण कुछ महत्वपूर्ण कार्यों को अपूर्ण छोड़ सकते हैं, जिससे उच्च अधिकारीयों के रोष का सामना करना पड़ेगा। सितम्बर महीने में पिछले महीने हुए नुकसान की भरपाई कर पाएंगे। छोटी यात्राएं करेंगे जिस से लाभ प्राप्त होगा। समाज सेवा से जुड़े व्यक्तियों के मान-सम्मान में वृद्धि होगी।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए शिवलिंग का दूध से अभिषेक करें, शिव चालीसा का पाठ करें, माता का आशीर्वाद लें, चांदी धारण करें, रात्रि को दूध का सेवन न करें, “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें।

मूलांक  3– मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। आप स्वभाव से बहुत स्वाभिमानी हो, इसी कारण किसी के आगे झुकना आप को पसंद नहीं है। धार्मिक स्वभाव होने के कारण आप धार्मिक यात्रायें बहुत करते हैं। विदेश यात्रा से भी लाभ प्राप्त करते हैं। 2021 आप को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए उत्तम वर्ष साबित होगा। गत वर्ष की गयी मेहनत का इस वर्ष उचित परिणाम प्राप्त करेंगे। विद्यार्थियों के लिए यह वर्ष उनकी उज्जवल भविष्य की नींव रखने के लिए अनुकूल है। व्यवसाय और व्यापार के लिए भी यह वर्ष अच्छा रहेगा। अपने मिलनसार व्यवहार के कारण कुछ नए मित्र बनेंगे, जो आप के व्यवसाय को बढ़ाने में आपके मददगार साबित हो सकते हैं। इस वर्ष वैसे तो अपने सभी कार्यों को आसानी से पूर्ण कर पाएंगे पर अपनी महत्वकांक्षाओं पर संयम रखने की आवश्यकता है। लेखक, शिक्षक, डॉक्टर, वकील आदि से जुड़े व्यक्तियों को इस वर्ष लाभ की प्राप्ति होगी। जनवरी और अक्टूबर में कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तियों के संपर्क में आयेंगे। नौकरी में कुछ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलेंगी, जिनको आप अच्छे से निभाएंगे। फरवरी और नवम्बर में विधार्थी वर्ग अपनी पढ़ाई के प्रति अधिक जागरूक देखेंगे। प्रॉपर्टी से सम्बंधित किसी भी प्रकार की खरीद-बेच में न पड़ें। मार्च और दिसम्बर महीने में आपको अपने महत्वपूर्ण मामलों में घर के वरिष्ठ सदस्यों की सलाह मिलेगी, जो आपके लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगी। विद्यार्थियों के लिए अच्छा समय है। परीक्षा में अनुकूल परिणाम प्राप्त करेंगे। अप्रैल महीने में विदेश जाने वाले जातकों के लिए अच्छी खबर आ सकती है। समाज सेवा से जुड़े कार्यों के लिए कुछ यात्रायें करनी पड़ेंगी, जिस से समाज में आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी। मई महीने में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे पर धैर्य और संयम से आप अपनी उलझन से भरी परिस्थितयों को उत्तम बना पाएंगे। जून महीने में अधिक संवेदनशीलता से कार्य करने से आर्थिक नुकसान की स्थिति उत्तम होगी। अपने खर्चीले स्वभाव के कारण कुछ अनचाहे खर्चे करेंगे, जो आपके बजट पर भारी पड़ सकते हैं। जुलाई महीने में धार्मिक कार्यों से जुड़ने का मौका मिलेगा। परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर जा सकते हैं। नौकरी में स्थानांतरण और पदोन्नति दोनों के योग बनते हैं। अगस्त महीने में किसी भी गैर कानूनी काम में न पड़ें वर्ना कोर्ट-कचहरी तक की बात की जा सकती है। व्यापार में साझेदार के कारण लाभ मिलेगा।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लें, पीपल के वृक्ष की सेवा करें, पीले रंग का रुमाल हमेशा अपने पास रखें, केसर के तिलक लगायें, चने की दाल जल में प्रवाहित करें,  पीले रंग का धागा हाथ में बांधे, केले के पौधे पर ताम्बे के लौटे से जल अर्पित करें, तुलसी या चन्दन की माला धारण करें, पीले कपड़े धारण करें, विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

मूलांकं 4- मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहु देव करते हैं। मूलांक 4 वाले जातकों को पुराने रीति-रिवाजों से काम करना पसंद नहीं होता, इसी कारण परिवारवालों के साथ आप की कम बनती है। आप स्वतन्त्र सोच के मालिक हैं। अहंकार आप के स्वभाव में है। 2021 वर्ष में आप अपनी मेहनत के बल पर अपने द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होंगे। उतार-चढ़ाव वाले इस वर्ष में निराशावादी बन कर समय न व्यतीत करें वर्ना कुछ अच्छे अवसरों से भी हाथ धोना पड़ सकता है। छोटी बातों में उत्तेजित होने से बनी बात बिगड़ सकती है इसलिए आपको चाहिए की अपनी वाणी और क्रोध में संयम अवश्य रखें।

ठेकेदार, आर्किटेक्ट, मेनेजर, ऑडिट, ड्राफ्टमैन, मैकेनिक जैसे कार्य करने वाले व्यक्तियों के लिए लाभ प्रदान करने वाला वर्ष है। जनवरी और अक्टूबर के महीने में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार में गत वर्ष लिए गए कुछ निर्णय गलत साबित होंगे। जिस कारण आपको आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। फरवरी और नवम्बर महीने में माता के स्वास्थ्य को लेकर कुछ चिंतित हो सकते हैं। पैसा आय से अधिक व्यय होगा, जो आपकी चिंता का कारण बन सकता है। मार्च और दिसम्बर महीने में विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए अधिक मेहनत करने की जरुरत है। अप्रैल महीने में विदेश जाने को प्रयासरत व्यक्तियों के लिए शुभ समाचार आ सकता है। शोध से जुड़े व्यक्तियों के लिए यह महीना बहुत ही उत्तम है। करियर के क्षेत्र में आप अच्छा करेंगे और आपकी प्रतिभा निखर कर बाहर आयेगी, जिस से आपके उच्च अधिकारियों का ध्यान आप की ओर आकर्षित होगा। मई में व्यापार में प्रतिद्वंदी परेशान करने का प्रयास करेंगे पर आप निश्चित रहें आपका सांझेदार इन सभी परिस्थितियों को आसानी से निपटा लेगा। जून महीने में ससुराल से किसी कीमती उपहार की प्राप्ति हो सकती है। व्यापार के विस्तार की योजनायें तो बनायेंगे पर किसी भी योजना को कार्यरत नहीं कर पाएंगे। जुलाई महीने में आपके कार्य की व्यस्तता के कारण परिवार को समय कम दे पाएंगे। जिस से पारिवारिक सुख में कमी देखने को मिलेगी, जिस कारण मन उदास रहेगा। अगस्त महीने में पैतृक सम्पति के मामले से परिवार के सदस्यों के बीच चर्चा हो सकती है। किसी करीबी रिश्तेदार के साथ चल रहा विवाद इस महीने समाप्त होगा और घर में दुबारा शांति का वातावरण बनेगा। सितम्बर महीने में कुछ बनते कार्यों के रुक जाने से आत्मविश्वास में कमी आयेगी। संतान की संगत पर नज़र रखने की जरुरत है, वो गलत साथी का साथ चुन सकते हैं। आप का यह फ़र्ज़ और कर्तव्य भी है की आप उनको सही राह दिखाएं।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए जौ जल प्रवाह करें, सरस्वती माता की आराधना करें, तुलसी की माला धारण करें, नीले-काले रंग का परहेज करें, शराब, तम्बाकू और मदिरा का सेवन न करें, कुत्ते को रोटी दें, चांदी धारण करें, बिजली का ख़राब सामान घर में न रखें, मूली मंदिर में दान करें।

मूलांक 5 –  मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। सरलता से मित्र बना लेना इनका स्वभाव होता है। आपको अधिक व्यस्त रहना पसंद है। यात्रा करने का आपको शौक होता है और यात्राओं से लाभ उठाना आपको आता है। समय पर उचित निर्णय लेने में आप माहिर है। परिस्थितियों के हिसाब से ढलना इनको बखूबी आता है। 2021 आपके लिए नई शुरुआत का वर्ष है। कुछ वर्षों से जिन योजनाओं का विचार बना रहे थे। यह वर्ष उन योजनाओं पर अमल करने का है। व्यापार में वृद्धि और विकास के लिए अनुकूल समय है। शिक्षक, होटल, शेयर बाज़ार, प्रकाशन, कमीशन, स्कूल, आदि से जुड़े व्यक्तियों के लिए लाभ प्राप्ति का वर्ष है। जनवरी और अक्टूबर में किसी सौदे को पाने के लिए किये गए निरंतर प्रयास सफल होते नज़र आयेंगे। नौकरीपेशा व्यक्तियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति होने से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। इतना ही नहीं अधिकारियों द्वारा उनको प्रोत्साहन राशि से भी सम्मानित किया जा सकता है। फरवरी और नवम्बर महीने में आय में वृद्धि होगी पर खर्चों पर नियंत्रण न होने के कारण कुछ बजट नहीं कर पाएंगे। मार्च और दिसम्बर महीने में कुछ परेशानियों से भरे रह सकते हैं। व्यापार में मेहनत के बावजूद लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं होगी। नकारात्मकता को अपने ऊपर हावी न होने दें, वर्ना अवसाद में जा सकते हैं। इस महीने आप को बहुत ही धैर्य और सूझबूझ से काम लेना होगा। अप्रैल में विद्यार्थियों के लिए कोई उपलब्धि की प्राप्ति हो सकती है। व्यापार में साझेदार के साथ चल रही ग़लतफहमी दूर होगी, जिस से आपको मानसिक राहत मिलेगी। मई में नौकरी कर रहे जातकों को अपनी प्रतिभा देखने का अवसर मिलेगा, जिसको आप अच्छे से उपयोग करेंगे। जून में किसी पर भी जरुरत से अधिक भरोसा न करें। आप की वाक्पटुता और बुद्धिमता से प्रभावित हो कर व्यापार में आप के प्रतिद्वंदी आप से सलाह मांगने आयेंगे। युगल प्रेमियों को अपने प्रेम के बारे में अपने परिवार को बताने का सही समय है वर्ना उनको बदनामी का सामना भी करना पड़ सकता है। जुलाई महीने में संतान के भविष्य को लेकर कुछ चिंतित हो सकते हैं और उसकी उच्च शिक्षा के लिए पॉलिसी में पैसा निवेश कर सकते हैं। अगस्त महीने में कोर्ट-कचहरी के कामों में विजय प्राप्त कर पाएंगे। अपने मकान की मरम्मत में पैसा व्यय करेंगे। अपने स्वास्थ्य को ले कर यह महीना थोड़ा ढीला रहने वाला है इसलिए आप को सलाह दी जाती है की बाहर के खान-पान से बचें। सितम्बर में बच्चों का पढ़ाई में मन नहीं लगेगा अपितु खेल-कूद, मोबाइल और टेलीविज़न में अपना समय अधिक बितायेंगे। कोई करीबी मित्र आप के लिए परेशानियां खड़ी कर सकता है पर आप सभी परेशानियों को आसानी से पार कर पाने में सक्षम हैं॔।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए साबुत मूंग जल में प्रवाहित करें, छोटी कन्याओं को भोजन करवायें और उनका आशीर्वाद लें, फिटकरी से दांत साफ़ करें, दुर्गा माता की आराधना करें, चांदी का छत्तर दुर्गा मां को अर्पित करें, दुर्गा चालीसा का जाप करें, व्यर्थ के वाद-विवाद से बचें।

मूलांक 6 – मूलांक 6 वाले जातक सौंदर्य की तरफ गहरा आकर्षण रखते हैं। इन लोगों के स्वयं के चेहरे पर भी एक सुंदर आभा होती है। ये लोग सदैव साज सज्जा, सुंदरता, बेहतरीन रख-रखाव, सुंदर वस्त्र गहने, आभूषण इत्यादि चीजों की ओर आकर्षित रहते हैं। ये लोग स्वयं भी साफ-सुथरे कपड़े पहन कर बन-ठन कर रहना पसंद करते हैं। इन लोगों के चेहरे से इनकी उम्र का पता लगाना मुश्किल होता है। मूलांक 6 वाले काफी जिंदादिल किस्म के लोग होते हैं। ये लोग जीवन के हर पल को भरपूर जीने की कोशिश करते हैं। ये लोग बहुत ही खुश मिजाज होते हैं। इनके मित्रों की संख्या अधिक होती है। मूलांक 6 वाले अपने समूह की जान होते हैं। ये लोग एक अच्छा जीवनसाथी साबित होते हैं। इन लोगों का वैवाहिक जीवन मुख्यतः सुखमय बीतता है।  मूलांक 6 वाले विवाह योग्य जातकों को इस वर्ष वैवाहिक जीवन का सुख मिलेगा। विवाह के लिए प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। इस वर्ष कोई महिला सहकर्मी या महिला मित्र विशेष मददगार साबित हो सकती है। आपके स्वभाव में मौज-मस्ती, घूमना-फिरना, भोग-विलास की आदतें बढ़ सकती हैं। जिन को संतुलित रखना आवश्यक है अन्यथा जीवन के अन्य पहलुओं में आपको विफलताओं का सामना करना पड़ सकता है। जनवरी के महीने में अपनी वाणी पर संयम रखें, कुछ ऐसा न कहें जो बाद में आपके लिए मानहानि का कारण बने। फरवरी के महीने में घर में माहौल कुछ बिगड़ सकता है। मां व पत्नी के बीच संबंध खराब हो सकते हैं। किसी को धनराशि उधार न दें। मार्च के महीने का समय शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा है। बच्चे पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अप्रैल व मई के महीने में युवा जातकों के जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। वैवाहिक युग्ल किसी वहम के चलते अपने रिश्तों को खराब न करें। जून के महीने में गुप्त रोग आपकी चिंताओं का कारण बन सकता है। जुलाई के महीने में यात्राएं संभव हैं। आप जीवन साथी के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते है। अपने मन की बातों को अपने साथी के साथ साझा करें यही आपके वैवाहिक जीवन के सुख के लिए बेहतर होगा। अगस्त के महीने में वाहन खरीदने के योग बनते हैं। आप स्वयं की साज-सज्जा व खरीदारी पर भी अधिक व्यय करेंगे। सितंबर के महीने में कोई प्रेम संबंध जीवन में दस्तक दे सकता है। अपने गुस्से पर काबू रखें। अक्टूबर के महीने में त्वचा विकार उत्पन्न होने की संभावना बनती है, समय पर चिकित्सक से सलाह लें। नवंबर के महीने में नकदी धन की कमी महसूस हो सकती है। दिसंबर के महीने में घर के किसी बड़े को स्वास्थ्य संबंधित कोई तकलीफ हो सकती है। आर्थिक स्थिति कमजोर रहेगी।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए जीवनसाथी को इत्र उपहार स्वरूप दें। मंदिर में दही का दान करें। वस्त्रों का दान ना करें। जीवनसाथी को अपशब्द न कहें। गाय को हरा चारा खिलाएं। पक्षियों को हरी मूंग दाल का दाना डालें। गाय की सेवा करें। मां लक्ष्मी की आराधना करें। दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। 

मूलांक 7– मूलांक 7 वाले जातक काफी रहस्यमयी स्वभाव के होते हैं। इनके चेहरे से इनके मन में चल रही बातों का पता लगाना मुश्किल होता है। मूलांक 7 वाले जातक सात्विक व धार्मिक प्रवृत्ति के होते हैं परंतु धर्म के नाम पर दकियानूसी और रूढ़िवादी सोच को बढ़ावा नहीं देते हैं। ये लोग पुरानी सोच व समाज में लगातार परिवर्तन करने के लिए कार्यरत रहते हैं। मूलांक 7 वालों को घूमना-फिरना बहुत पसंद होता है। इनके जीवन में यात्राएं लगी रहती हैं। नौकरी पेशे से जुड़े लोगों को अपने कार्यकाल में स्थान परिवर्तनों का सामना भी करना पड़ता है। मूलांक 7 वाले जातकों के अपने परिवार में माता के साथ संबंध सामान्य ही रहते हैं। हालांकि पिता से इन्हें भरपूर सहयोग मिलता है। मूलांक 7 वालों के लिए यह वर्ष मिलेजुले फल लेकर आया है। वाणिज्य क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह वर्ष शुभ रहेगा। व्यापार व कारोबार में तरक्की होगी। आप अपनी वाककला के कारण हर बार परिस्थितियों को अपने अनुरूप ढाल पाएंगे। लेखन व संपादन जैसे क्षेत्र से जुड़े लोग इस वर्ष तरक्की करेंगे। आपका रुझान ज्योतिष विद्या सीखने की ओर हो सकता है। सोशल मीडिया अथवा जनसंपर्क इस वर्ष आपकी सफलता में एक अहम भूमिका निभाएगा। जनवरी के महीने में मन थोड़ा अशांत रहेगा। युवा वर्ग नौकरी की प्राप्ति की तलाश में लगा रहेगा। फरवरी के महीने में माता की सेहत का ख्याल रखें। आप मानसिक स्तर पर तनाव महसूस कर सकते हैं। कमर का दर्द परेशान कर सकता है, समय पर चिकित्सक से सलाह लें। मार्च के महीने का समय विद्यार्थियों के लिए शुभ है। प्रतियोगिता में सफलता प्राप्ति के योग बनते हैं। व्यापार व कारोबार से जुड़े लोग भी मार्च के महीने में सफलताओं को प्राप्त करेंगे। अप्रैल के महीने का समय थोड़ा संयम से बिताएं। किसी प्रलोभन व लालच में आकर कोई अनैतिक कार्य न करें। वाणी पर संयम रखें। मई के महीने में मां-बेटी के संबंधों में मधुरता आएगी। आपकी कोई लेखन-रचना प्रकाशित भी हो सकती है। जून के महीने में जीवनसाथी के साथ संबंधों में थोड़ी खटास आ सकती है। बातों को छुपाने की बजाए अपने साथी के साथ साझा करें, जिससे मन का बोझ हल्का होगा। अगस्त के महीने में आर्थिक स्थिति थोड़ी मंदी हो सकती है। खर्चों पर अंकुश लगाएं। सितंबर के महीने में संतान पक्ष चिंता का कारण बन सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें दुर्घटना के योग बनते हैं। अक्टूबर के महीने में पिता किसी बात पर आप से नाराज हो सकते हैं। सरकारी नौकरी प्राप्त करने में कुछ अड़चनें आ सकती हैं। नवंबर के महीने में मन अकारण ही अशांत रहेगा। नकदी धन की कमी हो सकती है। किसी को धनराशि उधार न दें। दिसंबर के महीने में आपका मन ज्योतिष विद्या अथवा गुप्त विद्याओं की ओर आकर्षित हो सकता है।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए काला सफेद कंबल मंदिर में दान दें। कानों में सोना धारण करें। कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं। केसर का तिलक मस्तक पर लगाएं। शिवलिंग पर जल अभिषेक करें। परनिंदा से परहेज करें। भगवान गणेश की स्तुति कर दूर्वा अर्पित करें। 

मूलांक 8 – मूलांक 8 वाले जातक बहुत ही परिश्रमी होते हैं। ये लोग अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जीवनभर लगातार प्रयासरत रहते हैं। हालांकि इन लोगों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति काफी संघर्षों के बाद कुछ विलम्ब से होती है। मूलांक 8 वाले लोग स्वभाव से थोड़े अंतर्मुखी होते हैं। ये लोग स्वयं में ही चुपचाप रहना पसंद करते हैं। इस वर्ष आप अपने खर्च पर अंकुश साधने की कोशिश करेंगे। कोई भी हिसाब-किताब व लेन-देन देख-परख कर करें। पिता की सेहत का ख्याल रखें। इस वर्ष जनवरी के माह के फल कुछ मंदे रहेंगे। यह समय कोई नया काम शुरू करने के लिए शुभ नहीं है। मांस मदिरा का सेवन न करें। ऑफिस में बॉस के साथ सम्बन्ध बिगड़ सकते हैं। फरवरी के महीने में मानसिक तनाव आपको घेर सकता है। आप कुछ असफलताओं के चलते नकारात्मकता का शिकार हो सकते हैं। अपने मनोबल को कमजोर न होने दें। विषम परिस्थितियों में जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। मार्च के महीने में आपको अपनी मेहनत को बढ़ाना होगा। आपको स्वयं के संघर्ष से ही उद्देश्यों की प्राप्ति होगी। आपका मन ज्योतिष विद्या को सीखने की ओर हो सकता है। कारोबार में आपकी मेहनत रंग लाएगी। अप्रैल के महीने में किसी प्रलोभन में न फंसे। कोई ऐसा कार्य न करें, जिसके कारण पुलिस अथवा कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ें। मई व जून के महीने का समय काफी मौज-मस्ती में बीतेगा। आप दोस्तों के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे। कोई प्रेम संबंध जीवन में दस्तक दे सकता है। जुलाई के माह का समय विद्यार्थियों के लिए शुभ रहेगा। मां-बेटी के सम्बंध अच्छे होंगे। लेखन के क्षेत्र से जुड़े लोग अच्छी रचनाओं को जन्म दे सकेंगे। हालांकि दाम्पत्य जीवन के सुखों में थोड़ी कमी हो सकती है। अगस्त के माह में आप में आलस्य की वृद्धि हो सकती है जिसके कारण कार्य स्थगित होते चले जायेंगे। समय की रफ्तार कुछ धीमी प्रतीत होगी। सितम्बर के महीने में घर में जमीन व प्रापर्टी को लेकर कोई विवाद हो सकता है। अक्टूबर के माह में आपको बहुत सी अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन अंत में परिणाम आपके पक्ष में होंगे। आपको सफलता प्राप्ति होगी परंतु काफी संघर्ष के बाद। नवम्बर के महीने में माता की सेहत का ख्याल रखें। अनिंद्रा से परेशान हो सकते हैं। कार्यों में जल्दबाजी न करें।  दिसम्बर का महीना शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए शनिदेव के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं। छाया दर्शन कर सरसों का तेल दान करें। जरूरतमंद को भोजन करवाएं। भगवान गणेश की आराधना करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें।

मूलांक 9 – मुलांक 9 वाले जातक काफी साहसिक व निडर स्वभाव के होते हैं। इनका शारीरिक गठन भी काफी सुडौल होता है। ये लोग किसी भी काम को करते हुए घबराते नहीं हैं। मूलांक 9 वाले लोगों को इस साल बल व बुद्धि का अच्छा तालमेल साधना होगा। आप काफी स्फूर्ति व चुस्ती से काम करने के लिए जाने जाते हैं। आप में आलस पर विजय प्राप्त कर समय से काम को खत्म करने का हुनर है। इस वर्ष अपने बुद्धि कौशल को भी बराबर का स्थान देकर आप लाभ की प्रतिशतता को दोगुना कर सकते हैं। इस वर्ष यदि आप डॉक्टर अथवा इंजीनियरिंग की परीक्षा देना चाहते हैं तो शुभ योग बनते हैं। जनवरी के महीने का समय मूलांक 9 वालों के लिए शुभ रहेगा। आप हर कठिन परिस्थिति का डटकर सामना कर पाएंगे। किसी महिला मित्र व महिला सहकर्मी से बातचीत करते हुए सावधान रहें, अकारण ही परेशानी उठानी पड़ सकती है। फरवरी के महीने में कार्यों में अड़चनें पैदा हो सकती हैं, जिसके कारण मनसिक तनाव बन सकता है। हालांकि आप साहस की मूर्ति बनकर हर समय अड़िग खड़े रहेंगे। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। मार्च के महीने में आर्थिक स्थिति कुछ मंदी हो सकती है। लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रयास अधिक करने होंगे परन्तु सफलता अवश्य प्राप्त होगी। अप्रैल के महीने में भाई-बहनों से विवाद हो सकता है। किसी की बातों में आकर कोई गलत कार्य न करें। सेहत का ख्याल रखें। मई अथवा जून का समय विवाह योग्य जातकों के लिए शुभ है। घर-परिवार में माहौल खुशनुमा रहेगा। जून के महीने में ध्यान रखें क्रोधवश जीवनसाथी को कोई अपशब्द न कहें। रिश्तों की मधुरता को बनाएं रखें। जुलाई के माह का समय कारोबार व व्यवसाय के लिए उत्तम है। आपको स्थान परिवर्तन का सामना भी करना पड़ सकता है। जो लोग नौकरी में स्थानांतरण चाहते हैं, आवेदन कर सकते हैं। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। अगस्त के माह में आप अधिक व्यय के कारण खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। जमीन-सम्बन्धी कोई विवाद हो सकता है। सितम्बर के समय में आवेश में आकर कोई निर्णय न लें। बल के साथ-साथ एक परिपक्व सोच का सहारा लें। आपके पिछले समय में लिए गए उत्तम निर्णय अक्टूबर के समय को आपके पक्ष में मोड़ सकते हैं। यह समय किसी नए कार्य अथवा नए प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए अनुकूल है। नवम्बर के महीने में नकदी धन की स्थिति अच्छी रहेगी। आपकी एकाग्रता में वृद्धि होगी। दिसम्बर का समय शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए शुभ है। आप वाणिज्यिक क्षेत्र में भी कामयाबी को प्राप्त करेंगे।

नव वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करें। तुलसी के पौधे को जल दें। पक्षियों को हरी मूंग दाल का दाना डालें। आदित्य हृदयस्त्रोत का पाठ करें। पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

आचार्य लोकेश धमीजा

वेबसाइट –www.goas.org.in


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News