Weekly numerology (3rd-9th May): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, May 03, 2021 - 07:02 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह काफी उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन शुभ रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े जातकों को दिन के अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। कारोबार में तरक्की के योग बनते हैं। हालांकि सप्ताह आगे बढ़ने के साथ कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। व्यापार संबंधी विस्तार के लिए पैसा उधार लेना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में बच्चों का मन पढ़ाई में कम लगेगा। रचना कला और संगीत नृत्य आदि में मन ज्यादा आकर्षित होगा। शुक्रवार के दिन सरकारी काम बनने के योग बनते हैं। संतान पक्ष शुभ समाचार सुनाएगी। सप्ताह के अंत में किसी मांगलिक कार्य के आयोजन में अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है।
उपाय:-  पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।
काले और नीले रंग से परहेज करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले जातकों के लिए सप्ताह के परिणाम थोड़े मंदे रहेंगे। हालांकि सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन अच्छा रहेगा। विद्यार्थियों को उत्तम परिणाम प्राप्त होंगे। नकदी धन की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ व्यावसायिक लेन-देन में दस्तावेजों का अच्छे से निरीक्षण कर लें। वाणी पर संयम रखें। भावनाओं में आकर कोई वायदा न करें। सप्ताह के मध्य में जीवनसाथी को लेकर घर वालों से अनबन हो सकती है। खर्चों की अधिकता के कारण आर्थिक परेशानी हो सकती है। मन परेशान रहेगा। अनिंद्रा की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उपाय:-  दूध और चावल का दान न करें।
यथासंभव चांदी के पात्र में जल पिएं।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में व्यापार में अच्छा लाभ प्राप्त करेंगे। रिसर्च के क्षेत्र से जुड़े लोगों को उत्तम परिणाम मिलेंगे। घर में किसी बुजुर्ग को सांस संबंधी तकलीफ हो सकती है। सेहत का ख्याल रखें। सप्ताह के मध्य में संचार माध्यम एवं सोशल मीडिया के प्लेटफार्म से सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। रचना के क्षेत्र से जुड़े लोग अच्छा कार्य करेंगे। सप्ताह के अंत में आपका मन अध्यात्म की और आकर्षित हो सकता है। आपकी मेहनत सफल होगी। बहुत समय से रुका हुआ कोई कार्य सप्ताह के अंत में पिता की सलाह से पूरा हो सकता है।
उपाय:- दूध में हल्दी डालकर सेवन करें।
सूर्य को जल दें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत कारोबार और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छी रहेगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय थोड़ा मंदा है। सेहत का ख्याल रखें। अनुसंधान व रिसर्च के क्षेत्र से जुड़े लोगों को उत्तम परिणाम प्राप्त होंगे। सप्ताह के मध्य में कोई अनैतिक कार्य करने से बचें। वाणी पर संयम रखें। जीवनसाथी के साथ संबंधों में शक की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। सप्ताह के अंत में आपकी योजनाएं सफल होंगी। पिता की सेहत का ख्याल रखें। कुछ अड़चनों एवं संघर्ष के बाद ही सही परंतु सफलता मिलेगी। किसी विदेशी मित्र से सहायता मिल सकती है। दोस्तों की मदद से काम पूरे होंगे।
उपाय:- चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।
मां सरस्वती की आराधना करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वाले जातकों के लिए सप्ताह काफी मिले-जुले फल लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छी रहेगी। व्यापार और वाणिज्य में विस्तार होगा। मंगलवार का दिन सावधानी से बिताएं। किसी की कही सुनी बातों में आकर कोई गलत कार्य करने से बचें। सप्ताह के मध्य का समय परिवार और जीवन साथी के साथ अच्छा बीतेगा। आपका आकर्षण संगीत और नृत्य की और हो सकता है। सप्ताह के अंत में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। संतान पक्ष को लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं। खर्चे अधिक होने के कारण स्वभाव में कंजूसी आ सकती है। छोटे भाइयों के साथ विवाद हो सकता है। क्रोध पर काबू रखें।
उपाय:-  दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
तुलसी के पौधे को जल दें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। आप अधूरे कामों को पूरा करने के लिए नई नई तरकीब निकालेंगे। कार्यभार ज्यादा बना रहेगा। कोई शॉर्टकट अपनाने से बचें, मानहानि का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सप्ताह के मध्य का समय अनुकूल रहेगा। घर-परिवार और जीवन साथी के साथ समय अच्छा बीतेगा। दांपत्य जीवन के सुखों में वृद्धि होगी। आप खरीदारी के लिए जा सकते हैं। जीवन साथी के साथ अपने मन की बातों को साझा करने में खुशी महसूस करेंगे। जमीन संबंधी अथवा प्रॉपर्टी को लेकर चले आ रहे मामले में फैसला आपके हक में होने के योग बनते हैं। सप्ताह के अंत में कार्यक्षेत्र में किसी महिला कर्मी के साथ अपने व्यवहार में विनम्रता और सदाचार को बरतें।
उपाय:- जीवनसाथी को इत्र उपहार स्वरूप दें।
गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत बेहतर रहेगी। आपका मन गुप्त विद्याओं को सीखने की ओर आकर्षित हो सकता है। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। मंगलवार का दिन सावधानी से बिताएं। किसी प्रलोभन में आने से बचें। सप्ताह के मध्य का समय जीवनसाथी और घर-परिवार के साथ अच्छा बीतेगा। मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। शुक्रवार के दिन यात्रा करनी पड़ सकती है। वर्तमान कोरोना महामारी की परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य का ख्याल रखें। किसी औजार को इस्तेमाल करते हुए सतर्कता बरतें। दोस्तों के साथ अनबन हो सकती है।
उपाय:-  जंग लगी हुई लोहे की वस्तु घर में न रखें।
केले का दान मंदिर में करें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों के लिए यह सप्ताह मिलेजुले फल लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन थोड़ा संघर्ष पूर्ण रहेगा। मेहनत के उत्तम परिणाम अवश्य प्राप्त होंगे। आपका मन गुप्त विद्याओं की ओर आकर्षित हो सकता है। अध्यात्म की प्रवृत्ति बढ़ सकती है। हालांकि मंगलवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। आपकी सफलता के कारण ईर्ष्या करने वाले लोग आपको गलत सलाह दे सकते हैं। सप्ताह के मध्य में खर्चों की अधिकता बनी रहेगी। वाणी में कड़वाहट उत्पन्न हो सकती है। सप्ताह के मध्य में कार्यक्षेत्र या अन्य किसी भी स्थान पर किसी महिला से बातचीत में व्यवहार को साफ रखें। व्यर्थ के लांछनों का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह के अंत में मांगलिक कार्यों में कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। संतान पक्ष चिंता का कारण बन सकता है। आलस्य के कारण काम विलंब से पूरे होंगे।
उपाय:-  शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
किसी जरूरतमंद को भोजन करवाएं।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। पिता की सलाह से काम बनेंगे। सोमवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। अभिमान की भावना से दूर रहें। हालांकि सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ परिस्थितियां ऊपर नीचे होने लगेगी। आप सफलता हासिल करने के लिए साम दाम दंड भेद किसी भी तरीके को अपनाने की कोशिश करेंगे। वाणी और क्रोध पर संयम रखें। वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें। पैरों का दर्द परेशानी का कारण बन सकता है। जमीन संबंधी विवाद में फंस सकते हैं। सप्ताह के अंत में अग्नि संबंधी कार्य करते हुए सावधानी बरतें। दुर्घटना के योग बनते हैं।
उपाय:-  बजरंग बाण का पाठ करें।
रोज सुबह शहद का सेवन करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News