Weekly numerology (18- 24 January): जानें, आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Jan 18, 2021 - 12:58 AM (IST)

 शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। आप कार्यक्षेत्र पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। ऑफिस में बॉस से तारीफ मिलेगी। अपनी सफलता को अभिमान में न बदलने दें। अपनी वाणी पर संयम रखें। यह सप्ताह आपके लिए शुभ फल लेकर आया है। अपने ही कारण अपने कार्य बिगाड़ने से बचें। सप्ताह में आगे बढ़ने के साथ-साथ आपके मनोबल में वृद्धि होगी। किसी को दी हुई धन राशि वापस मिल सकती है। इस सप्ताह आपका मनोबल और आपकी इच्छा शक्ति आपका हथियार बनेगी। सप्ताह के अंत में खर्चें अधिक होंगे। कार्य की अधिकता के कारण जीवनसाथी को कम समय दे पाएंगे। यह चीज़ आपके निजी जीवन में परेशानी का कारण बन सकती है।
उपाय:- वस्त्रों का दान न करें।
पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले जातकों को इस सप्ताह शुभ फलों की प्राप्ति होगी। कार्यलय में उच्च अधिकारियों से सहयोग प्राप्त होगा। पिता की सलाह से काम बनेंगे। मंगलवार के दिन आप काफी ऊर्जावान महसूस करेंगे। किसी को उधार दी हुई धनराशि वापस मिल सकती है। विद्यार्थियों की एकाग्रता में वृद्धि होगी। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। कारोबार अथवा व्यापार में लाभ प्राप्ति के योग बनते हैं। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। आप मानसिक तनाव से ग्रस्त हो सकते हैं। अनिंद्रा परेशान कर सकती है। घर में मां एवं पत्नी के बीच अनबन हो सकती है। मन अशांत रहेगा।
उपाय:- चांदी का दान न करें।
खीर का सेवन करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह उत्तम फल लेकर आया है। प्रतियोगिता में सफलता प्राप्ति के योग बनते हैं। आप किसी समाज कल्याण कार्य में भाग ले सकते हैं। साहसिक कार्य में सफलता प्राप्त होगी। विद्यार्थियों को मेधावी प्राप्त हो सकती है। सप्ताह के मध्य में चीजों में संपूर्णता ढूंढने का आपका स्वभाव विलंब का कारण बन सकता है। यदि आप किसी शोध के कार्य पर कार्यरत हैं तो शुक्रवार का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आपकी सोच अथवा कल्पना शक्ति एक अलग स्तर पर कार्य करेगी। सप्ताह के अंत का समय आपके अनुकूल नहीं है। किसी बड़े नुकसान से बचने के लिए संयम से काम लें।
उपाय:-  विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
पीला रुमाल अपने पास रखें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं।  मूलांक 4 वालों के लिए इस सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। ऑफिस में बॉस के साथ बहस हो सकती है। आप किसी नए काम को शुरू करने की योजना बनाएंगे परंतु सरकारी अड़चनों का सामना करना पड़ेगा। पिता की सेहत का ख्याल रखें। आपके विचारों पर घर के बड़ों की सहमति मिल पाना थोड़ा मुश्किल है। सप्ताह के मध्य में स्वास्थ्य का ख्याल रखें। कोई सांस संबंधित तकलीफ हो सकती है। सप्ताह के अंत में परिस्थितियां पहले से बेहतर होंगी। अपनी योजनाओं अथवा कार्यों को पूरा करने का यह सही समय है परंतु किसी प्रलोभन में आने से बचें। सप्ताह के अंत में अधिक व्यय के कारण आर्थिक स्थिति में मंदी हो सकती है।
उपाय:- धर्म स्थान में सेवा करें।
चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह मिलेजुले फल लेकर आया है। इस सप्ताह आपको बुद्धि अथवा साहस दोनों से काम लेना होगा। अपनी वाणी में अहं को स्थान न दें। कार्यालय में उच्च अधिकारियों से लाभ प्राप्त होगा। नकदी धन की स्थिति अच्छी बनी रहेगी। व्यापार में साझेदारी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। सप्ताह के मध्य का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा है। शुक्रवार का दिन सावधानी से बिताएं। किसी प्रकार के लांछन में फंस सकते हैं। सप्ताह के अंत में कोई प्रेम संबंध जीवन में दस्तक दे सकता है। जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे बनेंगे।
उपाय:-  तुलसी के पौधे को जल दें।
पक्षियों को हरी मूंग की दाल का दाना डालें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों को सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ी सूझबूझ के साथ बिताना होगा। सोमवार के दिन अपने क्रोध पर काबू रखें। जीवनसाथी से बहस हो सकती है परंतु क्रोधवश बात को बढ़ावा न दें। कार्यालय में काम की अधिकता मानसिक तनाव का कारण बन सकती है। जिसका असर आपके वैवाहिक जीवन पर नकारात्मक होगा। कामकाज संबंधी परेशानियों के चलते जीवनसाथी को अपशब्द न कहें। सप्ताह के अंत का समय आपके अनुकूल होगा। आप स्वयं को समय दे पाएंगे। कार्य भार कम होगा। परिवार के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे। जीवनसाथी के साथ खरीदारी के लिए जा सकते हैं।
उपाय:-  रात्रि में गुड़ का सेवन न करें।
मां लक्ष्मी की आराधना करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए यह सप्ताह मिलाजुला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में आप संतान को लेकर चिंतित हो सकते हैं। मंगल कार्य का आयोजन करना चाहते हैं तो कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सरकारी काम बनने के योग बनते हैं। सरकारी नौकरी हेतु आवेदन भेजने के लिए मंगलवार का दिन शुभ रहेगा परंतु ऊपर-नीचे चलती परिस्थितियों में मन अशांत रहेगा। मानसिक तनाव उत्पन्न हो सकता है। आपका मन अध्यात्म अथवा ज्योतिष की तरफ आकर्षित हो सकता है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग का सहारा लें। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा मंदा रहेगा। पिता की सेहत का ख्याल रखें। व्यापार में कोई बड़ा बदलाव करने से बचें। जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे होंगे।
उपाय:- काला-सफेद कंबल मंदिर में दान दें।
भगवान गणेश की स्तुति करें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों को सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ा सावधानी से बिताना चाहिए। सप्ताह की शुरूआत थोड़ी मंदी रहेगी। जमीन संबंधी किसी मामले में पुलिस विभाग के संपर्क में आना पड़ सकता है। घर में पिता के साथ वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। जल्दबाजी में कोई भी निर्णय लेने से बचें। मानसिक तौर पर असंतुलन महसूस करेंगे। हालांकि सप्ताह बीतने के साथ-साथ परिस्थितियों में सुधार आने लगेगा। आपको मेहनत के अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे परन्तु फिलहाल किसी नए कार्य की शुरुआत से बचें। सरकारी सहायता मिलने में अड़चनें आएंगी। आप अधिक खर्च के कारण अपने व्यय पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे होंगे।
उपाय:- शनि देव जी के मंदिर में अपनी भूलों की क्षमा याचना करें। बजरंग बाण का पाठ करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए यह पूरा सप्ताह औसत रूप से सकारात्मक रहेगा। आप साहसिक कार्य में भाग ले सकते हैं। आपको अपने क्रोध पर काबू रखना होगा। व्यर्थ के लड़ाई-झगड़े में न फंसे। कार्यालय में उच्च अधिकारी आपके कार्य की प्रशंसा करेंगे। माता-पिता का साथ प्राप्त होगा। किसी नए कार्य की शुरुआत में घर के बड़ों की सहमति आपको प्राप्त होगी। गुरुवार का दिन आपके लिए विशेष शुभ है। किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं तो सफलता प्राप्ति के प्रबल योग बनते हैं। आप किसी विदेशी तकनीक को सीखने के लिए अग्रसर हो सकते हैं। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी के साथ संबंधों में आपके क्रोधी स्वभाव के कारण कुछ खटास उत्पन्न हो सकती है। अपनी वाणी पर संयम रखें। रिश्तो की मधुरता को बनाए रखें व अपशब्द का प्रयोग ना करें।
उपाय:-  चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।
हनुमान जी की प्रतिमा से सिंदूर लेकर मस्तक पर तिलक लगाएं।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News