Weekly numerology (4th-10thJanuary): जानें, कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Jan 04, 2021 - 02:14 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। पिता के साथ विवाद हो सकता है। सरकारी कामों में अड़चनें आएंगी। पैसा उधार लेने की जरूरत हो सकती है। व्यापारिक स्तर पर कोई वादा न करें, जो बाद में निभाना मुश्किल हो। कार्यभार के चलते जीवनसाथी को कम समय दे पाएंगे। सप्ताह के मध्य में संतान से कोई शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है। सप्ताह के अंत में आपकी लापरवाही के कारण कुछ काम अधूरे रह जाएंगे, जिसके चलते आपको कार्यलय में उच्च अधिकारियों से डांट पड़ सकती है। अपनी वाणी पर संयम रखें। गुस्से पर काबू पाना ही अभी बेहतर होगा।
उपाय:- काले व नीले रंग का परहेज करें।
बंदरों को गुड़ खिलाएं।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए यह सप्ताह तनावपूर्ण रह सकता है। आपको बहुत सोच-समझकर कोई कदम उठाना होगा। आहत मन से कोई निर्णय लेने से बचें। परेशानियां चिरस्थायी नहीं हैं। सप्ताह की शुरुआत में बहन से रिश्ते खराब हो सकते हैं। व्यापारिक लेन-देन में सावधानी बरतें। सप्ताह के मध्य में मां अथवा पत्नी के बीच नोंक-झोंक हो सकती है। घर का माहौल थोड़ा असन्तुलित रहेगा। माता को लेकर चिंतित रहेंगे। सप्ताह के अंत तक परिस्थितियां ठीक होने लगेंगी। आप व्यायाम व योग का सहारा ले सकते हैं। ऑफिस में बॉस से मदद मिलेगी।
उपाय:- दूध व चावल का दान न करें।
चांदी के पात्र में जल पियें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं।  मूलांक 3 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। सरकारी कार्यों में कुछ विघ्न उत्पन्न हो सकते हैं। किसी प्रलोभन में आकर कोई ऐसा कार्य न करें, जो मानहानि का कारण बनें। घर में किसी को सांस संबंधी तकलीफ हो सकती है। बच्चों का मन पढ़ाई से भटक सकता है। आप सप्ताह की शुरूआत का समय काफी मौज-मस्ती में बिताएंगे, जिसके कारण उनकी कार्य क्षमता कम हो सकती है। हालांकि सप्ताह के आगे बढ़ने के साथ-साथ आपको अपनी जिम्मेदारियों का एहसास होगा। आपके कार्य आपकी स्वयं की मेहनत से सफल होंगे। संघर्ष थोड़ा ज्यादा रहेगा परंतु सफलता अवश्य प्राप्त होगी। सप्ताह के अंत का समय शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा है। किसी प्रतियोगिता में भाग लेते हैं तो सफलता प्राप्त होगी।
उपाय:-   विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं।  सप्ताह की शुरुआत में आपके मस्तिष्क में बहुत से विचार जन्म लेंगे। आप किसी नए कार्य की शुरुआत के लिए पैसा उधार ले सकते हैं, हालांकि पिता के साथ मतभेद रहेगा। शीघ्र सफलता प्राप्ति के लिए कोई शॉर्टकट न अपनाएं। आपकी योजना से अधिक धन खर्च होने के संभावना बनती है। जिसके कारण नकदी धन की कमी बन सकती है। बृहस्पतिवार का दिन थोड़ी सावधानी से बिताएं। किसी की बातों में आकर कोई अनैतिक कार्य न करें। सप्ताह के अंत का समय आपके लिए अनुकूल परिणाम लेकर आएगा। आपके कार्य सफल होंगे। हालांकि पिता की सहमति प्राप्त होने में समय लगेगा। सप्ताह के अंत में क्रोध पर काबू रखें। व्यर्थ के लड़ाई-झगड़े में न पड़ें।
उपाय:- सरस्वती मां की आराधना करें अथवा नीले फूल अर्पित करें। चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। आप अपनी उत्तम रचना को आकार दे पाएंगे। इस सप्ताह आपकी कल्पना शक्ति काफी मजबूत रहेगी। फैशन डिजाइन अथवा सौंदर्य के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय शुभ फल प्रदान करेगा। बच्चों का मन संगीत नृत्य आदि कलाओं की ओर हो सकता है। पिता की सलाह विशेष मददगार साबित होगी। आर्थिक स्थिति कुछ मंदी रहेगी, जिसके कारण आप अपने खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के अंत में भावनाओं की जगह आपको अपने अनुभव की परिपक्वता का इस्तेमाल करना होगा।
उपाय:-  फिटकरी से दांत साफ करें।
कन्या को भोजन करवाएं।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं।  मूलांक 6 वालों के लिए यह सप्ताह सामान्यतः शुभ फल प्रदायी रहेगा। आप दोस्तों के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। कोई महिला मित्र विशेष मददगार साबित होगी। जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। आप दोस्तों के साथ बाहर घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। इस सप्ताह आपको आलस्य घेरे रहेगा। आप मौज-मस्ती पर अधिक व्यय करेंगे। सप्ताह के अंत में आप जल्दबाजी में कार्य निपटाने की कोशिश करेंगे। कार्यभार के चलते आप स्वयं के रख-रखाव पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है। ऑफिस में बॉस के साथ बहस हो सकती है।
उपाय:-  गाय का घी मंदिर में दान दें।
लक्ष्मी मां की आराधना करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं।  मूलांक 7 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल लेकर आया है। सोमवार के दिन आपको अपनी समझ से सही और गलत में भेद करना होगा। आपके द्वारा लिया गया कोई गलत निर्णय भविष्य में हानि का कारण बन सकता है। इस सप्ताह आपका मन ज्योतिष विद्या की ओर आकर्षित हो सकता है। सरकारी काम बनेंगे। आपके स्वभाव में अध्यात्म की वृद्धि हो सकती है। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। घर में आयोजित मंगल कार्यों में कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। संतान पक्ष चिंता का कारण बना रहेगा। पिता की सलाह से कार्य करें।
उपाय:-  कानों में सोना धारण करें।
सूर्य को जल दें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं।  मूलांक 8 वालों का इस सप्ताह पिता के साथ कोई मतभेद हो सकता है। कार्यालय में उच्च अधिकारियों के साथ कोई बहस हो सकती है। सप्ताह की शुरुआत में वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें। दुर्घटना के योग बनते हैं। आपको स्वभाव की गंभीरता के साथ-साथ कोई निर्णय लेने में बुद्धि से भी काम लेना होगा। इस सप्ताह वाहन खरीदने के योग बनते हैं। जीवनसाथी के साथ संबंधों में खटास आ सकती है। कोई गुप्त रोग आपकी चिंता का कारण बन सकता है। मानसिक तनाव बढ़ने के कारण गलत संगत की ओर आकर्षित होने से बचें। सप्ताह के अंत में सरकारी कार्यों में अड़चनें उत्पन्न हो सकती हैं।
उपाय:-  काले व नीले रंग का परहेज करें।
छाया दर्शन कर सरसों का तेल शनि मंदिर में दान करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत में भाई से विवाद संभव है। पिता की सलाह से कार्य करें अन्यथा मानहानि उठानी पड़ सकती है। इस सप्ताह आपको बल के साथ-साथ बुद्धि का उपयोग भी करना होगा। अपने क्रोध पर संयम रखें। क्रोधवश जीवनसाथी को अपशब्द न कहें। रिश्तों की गरिमा को बनाए रखें। सप्ताह के मध्य में आप किसी प्रलोभन में आकर अनैतिक तरीके से धन कमाने की ओर अग्रसर हो सकते हैं। जमीन संबंधी किसी विवाद में फंस सकते हैं। सप्ताह के अंत में आप साहसिक कार्यों में भागीदार बनेंगे। आप स्वतंत्र रूप से कार्य करना चाहेंगे। अग्नि संबंधी कार्य करते हुए सावधानी बरतें।
उपाय:-  काले व नीले रंग का परहेज करें।
हनुमान चालीसा का पाठ करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News