जानिए, 10 अप्रैल को शुक्र का राशि परिवर्तन किन राशियों को देगा अच्छी खबर

punjabkesari.in Saturday, Apr 03, 2021 - 01:16 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
ज्योतिष में ऐश्वर्या, सौंदर्य, ग्लैमर, प्रेम, विलासिता और सुख समृद्धि का प्रतीक माने जाने वाले शुक्र ग्रह 10 अप्रैल को अपनी उच्च मीन राशि से निकलकर मंगल की मेष राशि में गोचर करेंगे और 4 मई तक इसी राशि में रहेंगे। इसके बाद शुक्र अपनी वृषभ राशि में आ जाएंगे । 10 अप्रैल से जब 25 दिन के लिए  शुक्र का गोचर मंगल की राशि में रहेगा तो कई राशियों के लिए अच्छी खबर भी लेकर आएगा।

शुक्र को नैसर्गिक भोग विलास व दाम्पत्य का कारक भी माना जाता है। अंग्रेजी में इसे वीनस कहा गया है। यानी सौंदर्य की देवी। वृषभ राशि व तुला राशि शुक्र की अपनी राशियां है जबकि मीन राशि में वह उच्च के होते हैं। कन्या राशि में शुक्र नीच के माने जाते हैं।  जिस किसी व्यक्ति की कुंडली में शुक्र मजबूत स्थिति में होते हैं, उसे जीवन में प्रेम और धन दोनों चीजें प्रदान करते हैं और जीवन में सुख सुविधाओं की बरसात करते हैं। प्रेम रस से लेकर जीवन के सारे रस हमें प्रदान करते हैं। शुक्र एक ऐसे ग्रह हैं जो हमारे जीवन को सर्वाधिक प्रभावित करते हैं।  

हमें आर्टिस्टिक नेचर देते हैं। हमें सौंदर्य प्रेमी बनाते हैं। हमें स्त्री सुख , वाहन सुख  और धन का सुख प्रदान करते हैं। यानी पूरी विलासिता देते हैं लेकिन यही शुक्र अगर खराब स्थिति में हों या नीच के हों तो हमें नीरसता प्रदान करते हैं। 10 अप्रैल को शुक्र अपनी उच्च मीन राशि से निकल कर जब 25 दिन के लिए मंगल की मेष राशि में गोचर करेंगे तो 5 राशि वालों को अच्छी खबरें प्रदान करेंगे। 

यह भाग्यशाली राशियां हैं- 
मेष राशि जिसमें शुक्र का गोचर होगा और जो मंगल की राशि है।
मिथुन राशि जो बुध की राशि है।
तुला राशि जो शुक्र की राशि है।
धनु राशि जो देव गुरु बृहस्पति की राशि है
और कुंभ राशि जो शनि की राशि है 


शुक्र के इस गोचर से 4 राशियों - कर्क राशि, सिंह राशि, कन्या और वृश्चिक राशि वालों को थोड़ा सावधान रहना होगा। अपने स्वास्थ्य पक्ष का भी ख्याल रखना होगा और गुप्त शत्रुओं से भी सावधान रहना होगा। अभी इन्वेस्टमेंट से भी बचना होगा जबकि वृष, मकर व मीन राशि वालों को मिले जुले परिणाम मिलेंगे। अब उन 5 राशियों की बात करते हैं जिन्हें शुक्र के इस गोचर का काफी लाभ मिलने वाला है।

मेष राशि वालों को शुक्र के  इस गोचर का  विशेष लाभ मिलने वाला है।  मेहनत का अच्छा फल मिलेगा। यह समय आपके लिए अच्छा है, इसका लाभ उठाने की कोशिश करें।

मिथुन राशि वालों के लिए समय शुभ रहेगा और अच्छी खबरें मिलने से परिवार में खुशी का माहौल बनेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। रोमांस के मौके भी मिलेंगे।

तुला राशि वालों को मेहनत का पूरा फल मिलेगा।  बिजनेस में फायदा होगा। रोमांस के मौके मिलेंगे। 

धनु राशि वालों का प्रभाव व सुख-समृद्धि बढ़ेगी। सोचे हुए प्रोजेक्ट सिरे चढ़ जाएंगे।  परिवार में खुशियां आएंगी। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा।  

कुंभ राशि वालों पर शुक्र देव काफी मेहरबान रहेंगे। नया वाहन या प्रॉपर्टी खरीदने का संयोग भी बनाएंगे। आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी। धन लाभ भी होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jyoti

Recommended News

Related News