आज रात अंतरिक्ष में दिखेगा अद्भुत नज़ारा, एक सीध में होंगे तीन ग्रह

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2020 - 03:22 PM (IST)

 शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Triple conjunction: अक्टूबर महीना ज्योतिष की दृष्टि से तो खास चल ही रहा है लेकिन खगोल विज्ञान की दृष्टि से भी इस महीने सौरमंडल में कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम और विलक्षण नजारे देखने को मिल रहे हैं। अभी 13 अक्टूबर को ही धरती और सूर्य के साथ मंगल ग्रह एक सीध में दिखाई दिए थे और हाई क्वालिटी टेलीस्कोप के जरिए बहुत से लोग अंतरिक्ष में इस अद्भुत नजारे के गवाह बने थे। इस अद्भुत खगोलीय घटना को विज्ञान की भाषा में "मार्स एट अपोजिशन " का नाम दिया गया था।

PunjabKesari  grah

अब एक और अद्भुत नजारा आज 22 अक्टूबर की रात को देखने को मिलेगा। खगोल विज्ञान में जो लोग रुचि रखते हैं और सौरमंडल के रहस्यों को जानना चाहते हैं , उनके लिए आज 22 अक्टूबर का दिन भी एक यादगार दिन रहेगा, जब चंद्रमा के साथ शनि और बृहस्पति सीधी रेखा में नजर आएंगे और यह विलक्षण व अद्भुत नजारा दक्षिण एवं दक्षिण पश्चिम दिशा के बीच में नजर आएगा। जिसमें सबसे नीचे चंद्रमा, उसके ऊपर बृहस्पति और उसके ऊपर शनि ग्रह एक सीध में होंगे और इन सभी ग्रहों को आसानी से पहचाना भी जा सकेगा।

यह नजारा आज सूर्यास्त होने के बाद रात 9:00 बजे तक दिखाई देगा और 9:00 बजे नवग्रहों में सेनापति का दर्जा प्राप्त मंगल ग्रह दक्षिण दिशा में काफी ऊंचाई लिए चमकते हुए नजर आएंगे। इस दुर्लभ खगोलीय घटना को खगोल विज्ञान में "ट्रिपल कंजंक्शन विद मून" के नाम से भी जाना जाता है।

आज बृहस्पतिवार को यानी 22 अक्टूबर को चंद्रमा और देव गुरु बृहस्पति के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी और यह दोनों ग्रह कंजक्शन की अवस्था में आ जाएंगे। यही नहीं, कल 23 अक्टूबर को  चंद्रमा और शनि ग्रह के बीच की कोणीय दूरी भी काफी कम हो जाएगी, जिससे शनि और चंद्रमा बहुत  करीब नजर आएंगे। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए इन तीनों खगोलीय पिंडों की फोटोग्राफी करने का एक शानदार मौका होगा और खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोग चंद्रमा के पास स्थित इन ग्रहों को अपनी नंगी आंखों से भी देख सकेंगे और रात में आकाश में पहचान भी सकेंगे।

ज्योतिष में चंद्रमा को हमारे मन का कारक कहा गया है। बृहस्पति ग्रह को नवग्रहों में देव गुरु का दर्जा दिया गया है और शनि ग्रह को न्याय के देवता के नाम से पुकारा गया है। आज 22 अक्टूबर की रात को तीनों ग्रह एक सीध में आ रहे हैं और इस अद्भुत नजारे को आप देखना मत भूलिएगा क्योंकि ऐसे विलक्षण और अद्भुत दृश्य सौरमंडल में वर्षों बाद ही बनते हैं।

गुरमीत बेदी
gurmitbedi@gmail.com

PunjabKesari grah

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News