संत नरकेवल बेदी महाराज ने भौतिक चोला त्यागा

punjabkesari.in Thursday, May 04, 2017 - 11:48 AM (IST)

श्री स्वामी सत्यानंद जी महाराज के परम शिष्य एवं श्री प्रेम जी महाराज के प्रमुख कृपा पात्र श्री रामशरणम् श्रीराम पार्क के प्रमुख संत नरकेवल बेदी महाराज कल दोपहर पंच भौतिक चोला त्यागकर श्रीराम के चरणों में विलीन हो गए।  जैसे ही महाराज के चोला त्यागने की खबर श्रद्धालुओं तक पहुंची, देश-विदेश में बसे राम भक्तों में शोक की लहर दौड़ गई। भारी संख्या में श्रद्धालु महाराज के अंतिम दर्शनों को आश्रम में उमड़ पड़े। इस अवसर पर संत बेदी के सुपुत्र अश्विनी बेदी के साथ श्रद्धालुओं ने संवेदना प्रकट की। संत बेदी ने अपना सारा जीवन गुरुदेव के आदेशानुसार राम नाम के प्रचार हेतु लगा दिया।


इस अवसर पर श्री रामशरणम् गोहाना के प्रमुख परम श्रद्धेय श्रीकृष्ण जी महाराज ने फोन पर अश्विनी बेदी से सांत्वना व्यक्त की।  श्री रामशरणम् किचलू नगर के नरेश सोनी ने महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका परलोक सिधार जाना श्री रामशरणम् की सभी संस्थाओं के लिए कभी न पूरी होने वाली क्षति है। बेदी महाराज ने गृहस्थ जीवन का कर्तव्य पालन करते हुए सारा जीवन राम कार्यों में लगा दिया। 


महाराज के अंतिम दर्शन 4 मई दोपहर 2 बजे तक आश्रम में होंगे। तत्पश्चात अंतिम यात्रा सिविल लाइन श्मशानघाट (आर्य कालेज के पीछे) के लिए रवाना होगी। इस अवसर पर विधायक सुरिंद्र डाबर, शिव प्रसाद मित्तल, चैतन्य प्रकाश, राजन कपूर, सुनील मेहरा सहित भारी संख्या में राम भक्तों ने महाराज को पुष्पांजलि भेंट की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News