Ramleela Utsav 2022: सजा राम दरबार, प्रभु का हुआ राजतिलक

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2022 - 11:44 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म ेके साथ
नई दिल्ली: लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम श्रीअयोध्या नगरी लौटे तो मानो खुशियों की बरसात हो गई। एक-एक अयोध्यावासी प्रफुल्लित हो उठा। लीला के मंचों पर श्रीराम दरबार सजाया गया और प्रभु का राजतिलक विधिविधान से किया गया। दर्शकों ने राम दरबार के समक्ष शीश झुकाया और आशीर्वाद लिया। अंतिम दिवस पर दर्शकों को मंचन के दौरान भरत मिलाप के दृश्य ने अत्यंत भावुक किया। हर तरफ सियापति रामचंद्र की जय का घोष हो रहा था और भक्ति की गंगा बह रही थी।

राजसी परिधान में प्रभु दर्शन कर दर्शक हुए धन्य
श्री धार्मिक लीला कमेटी, माधवदास पार्क लालकिला मैदान में जब प्रभु श्रीराम और सीता देवी ने राजसी परिधान में दर्शन दिए तो दर्शक धन्य हो गए। लंका विजय के बाद जब श्रीराम-सीता, लक्ष्मण, भगवान हनुमान आदि अयोध्या पहुंचे तो भरत की अगुवाई में अयोध्यावासियों ने शानदार स्वागत किया। इस अवसर पर राम-भरत का मिलन देखने लायक रहा। इसके बाद गुरु वशिष्ठ ने श्रीराम का राजतिलक किया व राजा राम सिंहासन पर विराजमान हुए। लीला के महामंत्री धीरजधर गुप्ता, मंत्री प्रदीप शरन व प्रवक्ता रवि जैन ने बताया कि लीला में शुक्रवार को कमेटी की ओर से भव्य शोभायात्र भी निकाली जाएगी। जोकि चांदनी चौक, नई सड़क, चावड़ी बाजार से होते हुए लालकिला मैदान पहुंचेगी।

द्वारका में दर्शन को उमड़े आस्थावान
द्वारका श्रीरामलीला सोसायटी सेक्टर 10 की तरफ से अलौकिक श्रीराम दरबार सजाया गया। लंका विजय के बाद जब भगवान राम, सीता के साथ लौट रहे थे तो रामलीला मैदान में बैठे दर्शक भावों से भर गए। अयोध्या लौट कर श्रीराम जब भरत के गले मिले तो मानों तीनों लोक के देवता और इंसानों की आंखें नम हो गईं। श्रीराम लीला सोसायटी के मुख्य संरक्षक और चेयरमैन राजेश गहलोत का ने अत्यंत भावपूर्ण संबोधन किया। उन्होंने कहा कि द्वारका रामलीला का मंचन देखने के जितने दर्शकों में श्रद्धा का भाव खूब दिखाई दिया। लाखों लोगों ने श्रीराम लीला के दर्शन किए। सोसायटी के तीन सौ सदस्य दिनरात रामलीला को सफल बनाने में लगे रहे।

मनोरम झांकी देखकर हर्षित हुए आस्थावान
श्री रामलीला कमेटी रामलीला मैदान (अजमेरी गेट) की लीला में श्रीराम दरबार की मनोरम झांकी के दर्शन हुए। लीला के अंतिम दिन भरत मिलाप का भवपूर्ण मंचन किया गया। लीला के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, महासचिव राजेश खन्ना, कोषाध्यक्ष ललित मित्तल, संरक्षक नितिन अग्रवाल व राजेश कुमार अनुष्ठान में सक्रियता से लगे रहे। अजय अग्रवाल ने बताया कि इस साल 11 दिनों तक 22 दिन झांकियां निकाली गईं। अंतिम दिन मनोरम झांकी को देखकर दर्शक बहुत हर्षित हुए। रोजाना रामलीला से पहले राष्ट्रगान किया गया। आजादी के अमृत महोत्सव को लीला के मंच पर भी मनाया गया। रामलीला मैदान को तिरंगा के रंग में सजाया गया।

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं । अपनी जन्म तिथि अपने नाम , जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर वाट्स ऐप करें

PunjabKesari

लव कुश लीला में वशिष्ठ बने आदेश
लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से लाल किला मैदान में आयोजित लीला में भरत मिलाप का दृश्य अत्यंत भावपूर्ण रहा। लीला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता गुरु वशिष्ठ बने। विभीषण के राज्याभिषेक, सीता जी का लंका से वापस आने, हनुमान भरत संवाद, राम, सीता, लक्ष्मण का अयोध्या प्रस्थान, श्री राम जी के राज्याभिषेक की लीला देश दर्शक प्रभावित हुए। लीला प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार, चेयरमैन पवन गुप्ता, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सत्य भूषण जैन, सुभाष गोयल, राजन चोपड़ा, सौरभ गुप्ता, संदीप भूटानी, प्रवीन सिंघल, अंकुर गोयल, सुभाष वर्मा, कपिल रस्तोगी आदि ने राम दरबार की पूजा की।

भव्य लेजर आतिशबाजी का लिया आनंद
नव श्री धार्मिक लीला कमेटी, लालकिला में अंतिम दिन राम-भरत मिलाप व प्रभु राम के राज्याभिषेक की लीला का मंचन किया गया। कमेटी के प्रचार मंत्री राहुल शर्मा ने बताया कि भव्य लेजर आतिशबाजी का दर्शकों ने जमकर अंत में आनंद लिया। लीला के बाद वॉलंटिर्स की अलग-अलग संस्थाओं को सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन के लिए पुरस्कृत किया गया, अलग-अलग विभाग में कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 

राम रतन अवार्ड से किया सम्मानित
श्री नवयुवक रामलीला कमेटी, कश्मीरी गेट के महामंत्री जत्थेदार अवतार सिंह ने बताया कि वीरवार को रामलीला में श्रीराम-भरत मिलाप, राम दरबार का मंचन किया गया। राम दरबार में समाज के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक के उन्नत व कल्याणकारी कार्य करने वालों को इस दौरान श्री राम रतन अवार्ड से सम्मानित किया गया। रामलीला के सफल आयोजन के लिए प्रशासन सुरक्षा कर्मियों व रामलीला की कार्यकारिणी को भी सम्मानित किया गया।

श्रीराम के जयघोष से गूंजा लीला स्थल
श्री बालाजी रामलीला कमेटी के प्रधान रमेश शर्मा ने बताया कि लीला के आखिरी दिन गणेश वंदना की गई। लंकापति वध के बाद विभीषण को लंकापति बनाने, रामचंद्र जी के सीता माता व लक्ष्मण संग अयोध्या वापसी, श्रीराम-भरत मिलाप और सीता अग्नि परीक्षा व श्रीराम राज्याभिषेक का मंचन किया गया। इस दौरान श्रीराम-भरत मिलाप देखक दर्शक भाव विभोर हो गए व पूरा लीला स्थल श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। अंत में कलाकारों, सुरक्षाकर्मियों को उनकी उत्तम सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

दक्षिणी दिल्ली में अलौकिक दिखी प्रभु मूरत
दक्षिणी दिल्ली की श्री धार्मिक रामलीला भगवान श्रीराम का भव्य दरबार सजाया गया। श्रीराम, सीता सिंहासन पर विराजमान थे और उनके चरणों में बैठे थे भगवान हनुमान। यह दृश्य देख दर्शकों का मन आस्था से भर गया। लीला समिति के चेयरमैन राकेश गुलिया ने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विश्वगुरु बनाने की ओर अग्रसर हैं। उनके नेतृत्व में भारत की दक्षता और क्षमता विश्वस्तर पर स्थापित हुई है। हमें अपनी संस्कृति का सम्मान करते हुए सही रास्ते पर चलना चाहिए। भगवान राम के जीवन से सीख लेनी चाहिए और मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। लीला के दौरान सोमनाथ मुखर्जी, कपिल शर्मा, धर्मेन्द्र गुलिया, जितेंद्र अहलावत, हर्ष गुलिया, प्रदीप तेवतिया, अमित गोयल, रामलीला के मीडिया प्रभारी भूपेश गुप्ता आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jagdeep Singh

Recommended News

Related News