छठ पूजा में शामिल हुए CM केजरीवाल, श्रद्धालुओं के साथ दिया सूर्य देव को अर्घ्य

punjabkesari.in Thursday, Nov 11, 2021 - 12:54 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को ईस्ट किदवई नगर और डीआईजेड सेक्टर-4 राजा बाजार पहुंचकर छठ पूजा में शामिल हुए।  मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मइया की पूजा की और पूरे देशवासियों के स्वास्थ्य व समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है। सभी लोग अपना ख्याल रखें और घर से बाहर निकलते वक्त मास्क जरूर पहनें। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि छठी मइया का आशीर्वाद लीजिए और सभी के सुख की कामना कीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वक्त राजनीति का नहीं है और सभी लोगों के सुख की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि अपने विरोधियों की भी सुख की कामना करता हूं। 

केजरीवाल ने कहा कि सभी के अंदर सकारात्मकता होनी चाहिए और छठ पर्व में किसी भी किस्म की राजनीति नहीं होनी चाहिए। वहीं,मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन,गोपाल राय,कैलाश गहलोत और विधायक राघव चड्ढ़ा ने भी छठ घाटों पर पहुंचकर व्रतियों के साथ पूजा की। कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में धूमधाम और भव्यता के साथ छठ पर्व का आयोजन कराने के लिए 800 से अधिक घाटों को तैयार कराया है। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार से पहले 2015 तक दिल्ली में छठ पर्व के लिए केवल 80-90 घाट ही तैयार किए जाते थे और ये घाट आम जनता के लिए नहीं, बल्कि भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए होते थे। केजरीवाल सरकार ने इन घाटों की संख्या को बढ़ाकर 800 से अधिक कर दी है। अब यह घाट किसी खास पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली की सभी आम जनता के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार में सभी को हक है कि वे सरकार के सहयोग से समिति बनाकर छठ महापर्व का भव्य आयोजन कर सकें।

कोरोना महामारी से राहत ने बढ़ाया पर्व का उत्साह 
छठ के महापर्व पर राजधानी में हर तरफ भक्ति का रंग कुछ अलग ही दिखाई पड़ा। कोरोना महामारी के कारण जहां पिछले वर्ष महिलाओं ने सीमित रूप में ही व्रत किया था, वहीं इस बार कोरोना से राहत मिलने की स्थिति में पूरे उत्साह और जोश के साथ छठ का पर्व मनाया गया। जगह-जगह कृत्रिम घाट बनाकर व्रतधारी महिलाओं ने पूजन किया और सूर्य देव को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jyoti

Recommended News

Related News