दिल्ली पुलिस ने 3 घंटे के अंदर 13 साल के बच्चे को बचाया, अपहरणकर्ता का पता लगाने के लिए UPI से भेजे पैसे

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 03:53 PM (IST)

नई दिल्ली : अपहरण का एक मामला UPI के जरिए 5,000 रुपए का ट्रांसफर और 3 घंटे के भीतर गिरफ्तारी - इसी तरह दिल्ली पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 13 साल के एक लड़के को बचाया। पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि आकाश नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर एक लड़के का अपहरण कर लिया था और 40,000 रुपए की फिरौती मांगी थी। घटना की जानकारी मिलने के 3 घंटे के भीतर ही, जब वह फिरौती की रकम लेने पहुंचा, तो उसे करावल नगर के एक साइबर कैफे से पकड़ लिया गया। इससे पहले पुलिस ने UPI के जरिए उसे 5,000 रुपए भेजे थे। 

पुलिस ने रविवार को बताया कि यह मामला 30 अक्टूबर को सामने आया, जब एक महिला शाहदरा के ज्योति नगर पुलिस स्टेशन पहुंची और बताया कि उसका बेटा कुछ सामान खरीदने बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। महिला ने कहा, 'इसके बाद उसे एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने लड़के को छोड़ने के बदले 40,000 रुपये की मांग की।' उन्होंने बताया, 'एक मामला दर्ज किया गया और बच्चे को खोजने तथा आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई।' 

जांच के दौरान अपहरणकर्ता ने महिला से फिर संपर्क किया और फिरौती की रकम UPI के जरिए लेने पर जोर दिया। उसने एक बारकोड भेजा, जिसके बाद पुलिस ने ट्रांजैक्शन को ट्रैक करने के लिए एक पुलिसकर्मी के खाते से 5,000 रुपए ट्रांसफर किए। अधिकारी ने आगे बताया, 'टेक्निकल सर्विलांस की मदद से जांचकर्ता करावल नगर के एक साइबर कैफे तक पहुंचे। वहां कैफे के मालिक ने बताया कि एक व्यक्ति, जो एक नाबालिग लड़के के साथ आया था, उसने 50 रुपए के कमीशन के बदले 5000 रुपए लेने के लिए उसके UPI बारकोड का इस्तेमाल किया था।' 

पुलिस ने साइबर कैफे का CCTV फुटेज खंगाला, जिसमें महिला ने अपने लापता बेटे को पहचान लिया। उन्होंने कहा, 'इसके बाद हमने उसी बारकोड के जरिए 5000 रुपए का एक और ट्रांजैक्शन शुरू किया ताकि आरोपी को उसी जगह पर दोबारा बुलाया जा सके।' इसके बाद आरोपी लड़के को लेकर नकद पैसे लेने के लिए वापस साइबर कैफे आया। पुलिसकर्मियों ने कैफे मालिक की मदद से उसे पकड़ लिया और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया। 

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह सदर बाजार में डिलीवरी हेल्पर के तौर पर काम करता है और अपने चचेरे भाई के जरिए पीड़ित को जानता था। उसने बच्चे को अपनी स्कूटर पर बैठा लिया था और फिर उसकी मां को फोन करके फिरौती मांगी थी। पुलिस ने 5000 रुपए नकद, फिरौती के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कूटर बरामद की है। कैफे मालिक को भी ट्रांजैक्शन में मदद करने के लिए 50 रुपए कमीशन के तौर पर मिले थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। साथ ही बचाए गए बच्चे को उसके परिवार से मिला दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News