नई दिल्ली-अमृतसर के बीच दौड़ेगी तेजस, शताब्दी को करेगी रिप्लेस

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 08:37 AM (IST)

अम्बाला छावनी(हरिंद्रपाल): 2 वर्ष पूर्व की गई घोषणा के बाद नई दिल्ली और चंडीगढ़ के बीच चलने वाली तेजस अब नई दिल्ली से अमृतसर के बीच चलेगी। साप्ताहिक शताब्दी का रैक तेजस एक्सप्रैस से बदल जाएगा। नए रैक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं। 25 अप्रैल को तेजस का पहला ट्रायल शुरू होगा। प्रीमियम लग्जरी ट्रेन तेजस एक्सप्रैस में यात्रियों को हवाई जहाज जैसी सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे जल्द ही नई दिल्ली से अमृतसर के बीच ट्रेन नंबर 12031 /12032 के पुराने रैक को बदलने जा रहा है।

यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को नई दिल्ली और अमृतसर के बीच चलती है। नई दिल्ली से ट्रेन नंबर 12031 सुबह 7.20 पर रवाना होकर लगभग 10 बजे अम्बाला छावनी और दोपहर 1.45 पर अमृतसर पहुंचती है। वापसी में ट्रेन नंबर 12032 अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी अमृतसर रेलवे स्टेशन से शाम 4.50 पर रवाना होकर रात 8.30 पर अम्बाला छावनी और रात लगभग 11 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।रेलवे बोर्ड की तरफ से आदेश मिलते ही उत्तर रेलवे की नई दिल्ली डिवीजन ने तेजस कोच मंगवा लिए हैं।

नई सुविधाओं वाला रैक इंट्रगल कोच फैक्टरी (आई.सी.एफ.) चेन्नई में तैयार किया है। देश में पहली तेजस ट्रेन 2017 में मुंबई से गोवा के बीच चली थी। इसके रैक को रेल कोच फैक्टरी कपूरथला में तैयार किया गया था। नए आधुनिक रैक को नई दिल्ली-अमृतसर-नई दिल्ली के बीच चलाया जाएगा। 

ये हैं खूबियां
पूरी ट्रेन साऊंड प्रूफ  है। ट्रेन के गेट ऑटोमैटिक हैं। वाई-फाई, सीट के पीछे टच स्क्रीन एल.ई.डी., स्मोक डिटेक्टर, सी.सी.टी.वी. लगे हुए हैं। ट्रेन में वीनीशन विंडो लगी है। बेहतर दृश्य, धूप से बचाव के लिए लगे पर्दे पावर से चलेंगे। ट्रेन में बायो वैक्यूम टॉयलेट, इंगेजमैंट बोर्ड, हैंड ड्रायर की सुविधा मुहैया करवाई गई है। एग्जीक्यूटिव क्लास में ज्यादा आराम के लिए सीट के पीछे सिर टिकाने के लिए हैडरैस्ट, पैरों के लिए फू टरैस्ट दिए गए हैं। यात्री सोकर जा सकते हैं। लेटने के लिए अत्यंत सुविधाजनक सीट तैयार की गई है। स्टेशनों के बारे में और दूसरी सूचनाएं माइक के अलावा एल.ई.डी. पर भी मिलेंगी। सीट और कोच के छत के निर्माण में नारंगी और पीले रंग का इस्तेमाल किया गया है।

नई दिल्ली-चंडीगढ़ की योजना फ्लॉप 
साल 2016 में पूर्व रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने चंडीगढ़-नई दिल्ली रूट पर तेजस चलाने की घोषणा की थी।  इसके लिए 1 नवम्बर 2017 से लागू विंटर शैड्यूल में तेजस की टाइमिंग हफ्ते में 6 दिन बुधवार को छोड़कर चलनी थी। दिल्ली से सुबह 9.40 पर चलकर तेजस दोपहर 12.40 पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। ट्रेन चंडीगढ़ से दोपहर 2.35 बजे रवाना होकर शाम को 5.30 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी। इस ट्रेन में 18 कोच होंगे। इनमें 16 चेयरकार, 2 कोच सैकेंड स्लीपर के होंगे। नई दिल्ली से चंडीगढ़ तेजस का ट्रेन नंबर 22425 और चंडीगढ़ से नई दिल्ली तेजस ट्रेन का नंबर 22426 रखा गया था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News

static