उइगर मामले में EU-US के बाद ब्रिटेन ने कसा चीन पर शिकंजा, चीनी अधिकारियों पर लगाया बैन

punjabkesari.in Tuesday, Mar 23, 2021 - 10:14 AM (IST)

लंदन: यूरोपीय संघ, कनाडा और अमेरिका की तरह ब्रिटेन सरकार ने चीन के शिनजियांग प्रांत में उइगर और अन्य अल्पसंख्यकों के मानवाधिकार उल्लंघन के मामले में सोमवार को चीन सरकार के अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने घोषणा की कि ‘‘घोर मानवाधिकार उल्लंघनों के दोषियों'' के खिलाफ प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ समन्वय के तहत उठाया गया कदम है।

 

ब्रिटेन पहली बार चीन के चार सरकारी अधिकारियों और शिनजियांग के एक सुरक्षा निकाय पर यात्रा एवं वित्तीय प्रतिबंध लगाएगा। राब ने कहा, ‘‘हम अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ समन्वय करते हुए मानवाधिकार उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों पर प्रतिबंध लगा रहे हैं।'' बता दें कि चीन ने देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र शिनजियांग में कैंपों में वीगर मुसलमानों को हिरासत में रखा है।

 

आरोप है कि इन कैंपों में बंद लोगों को यातनाएं दी जा रही हैं, उनसे ज़बरदस्ती काम करवाया जा रहा है। यौन उत्पीड़न के आरोप भी सामने आए हैं। अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साझा प्रयास के बाद इन प्रतिबंधों की घोषणा की गई है। इसके जवाब में चीन ने भी यूरोपीय अधिकारियों पर अपने प्रतिबंधों की घोषणा की है। चीन कैंपों में मानवाधिकार उत्पीड़न के आरोपों को नकारता रहा है। हालांकि चीन का कहना है कि ये कैंप पुनर्शिक्षा केंद्र हैं जिनका मक़सद आतंकवाद से लड़ना है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News