नेता प्रतिपक्ष के पुत्र के खिलाफ बलात्कार का आरोप, मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Jan 19, 2023 - 10:42 PM (IST)

रायपुर, 19 जनवरी (भाषा) रायपुर​ जिला पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और विपक्ष के नेता नारायण चंदेल के बेटे के खिलाफ एक महिला से कथित रूप से बलात्कार करने और उसे गर्भपात के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर चंदेल के पुत्र पलाश चंदेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

तहरीर के अनुसार, आरोपी पलाश पिछले कुछ वर्षों से शादी का झांसा देकर उसका कथित तौर पर यौन शोषण कर रहा था।

महिला थाना की प्रभारी कविता धुर्वे ने बताया पलाश चंदेल के खिलाफ महिला थाने में बुधवार को जीरो प्राथमिकी दर्ज की गई और आगे की कार्रवाई के लिए उसे जांजगीर चांपा जिला पुलिस को भेज दिया गया।

पलाश विपक्ष के नेता नारायण चंदेल के बेटे हैं। चंदेल जांजगीर-चांपा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

धुर्वे ने बताया कि महिला ने पुलिस में की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि पलाश जांजगीर-चांपा में पिछले कुछ वर्षों से शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने पलाश पर गर्भवती होने के बाद गर्भपात कराने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पलाश चंदेल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई के लिए केस डायरी जांजगीर—चांपा पुलिस को भेज दिया गया है।

इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल से उनकी टिप्पणी ​के लिए संपर्क किया गया, लेकिन अभी तक कोइ प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

इधर सत्ताधारी दल कांग्रेस ने भाजपा नेता नारायण चंदेल को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने और उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने एक बयान में कहा है, ‘‘नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के पुत्र पर बलात्कार का आरोप लगा है। प्राथमिकी दर्ज हुई है और पीड़िता ने आयोग के समक्ष बयान दर्ज कराया है। इसके बाद भाजपा को तत्काल नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को पद से हटा देना चाहिए और उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।''''

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News