कुलदीप बिश्नोई ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 03, 2022 - 06:56 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंंने हरियाणा विधानसभा के स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंपा। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा, कुलदीप बिश्नोई की पत्नी रेणुका बिश्नोई, भाजपा विधायक दूड़ाराम बिश्नोई भी मौजूद थीं। अब वह भाजपा के साथ नई सियासी पारी शुरू कर 6 साल बाद कांग्रेस को फिर अलविदा कहेंगे। वह 4 अगस्त को दिल्ली में केंद्रीय नेताओं की मौजदूगी में भाजपा में शामिल होंगे। कुलदीप ने बताया कि भाजपा के शामिल होने के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहेंगे। कुलदीप ने मुख्यमंत्री को अपने समर्थकों व पूर्व विधायकों की सूची भी सौंपी है जिन्हें भाजपा में शामिल किया जा सकता है। कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफा देने से हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय हो गया है।
 

 

कुलदीप बिश्नोई ने हुड्डा को आदमपुर सीट से उपचुनाव लडऩे की दी चुनौती 
इस्तीफा देने के बाद पत्रकारवार्ता में कुलदीप ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला किया और उनको अपने खिलाफ आदमपुर से उपचुनाव लडऩे की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व व आदमपुर की जनता चाहेगी तो वह खुद या उनका बेटा भव्य बिश्नोई आदमपुर सीट से उपचुनाव लड़ेगा। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मैंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का चैलेंज मान कर इस्तीफा दे दिया। अब हुड्डा मेरे या मेरे बेटे के खिलाफ आदमपुर से चुनाव लड़ें। यह मेरा चैलेंज है।
 

 

कांग्रेस अब इंदिरा और राजीव गांधी की पार्टी नहीं रही
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मैं अपने इस्तीफे की वजह तो कल ही बताऊंगा लेकिन कांग्रेस अब इंदिरा और राजीव गांधी की पार्टी नहीं रही। भाजपा देशहित में सोचती है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच से प्रभावित होकर इस्तीफा दे रहा हूं। मैं साधारण कार्यकत्र्ता के रूप में पार्टी ज्वाइन कर रहा हूं। कांग्रेस अब चाटुकारों की पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस के सारे फैसले गलत होते जा रहे हैं। बिश्नोई ने हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि जिस शरीर में जान होती है उसी का विरोध होता है, मुर्दे का विरोध कौन करेगा। मेरे ई.डी. के सारे केस खत्म हो चुके हैं। 3 वर्ष पहले इनकम टैक्स का नोटिस आया था, उसका जवाब दे चुका हूं। 
 

 

मुसाफिर कल भी था, मुसाफिर आज भी हूं
कुलदीप बिश्नोई चंडीगढ़ रवाना होने से पहले सुबह ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा कि मुसाफिर कल भी था, मुसाफिर आज भी हूं, कल अपनों की तलाश में था, आज अपनों की तलाश में हूं। 
 

 

प्रदेश में गठबंधन की सरकार के तीसरे साल में ही तीसरा उपचुनाव तैयार 
कुलदीप बिश्नोई के विधानसभा के इस्तीफा देने के बाद आदमपुर में उपचुनाव तय है। भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार में यह तीसरा उपचुनाव होगा। सबसे पहले सोनीपत जिले की बरौदा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। बरौदा के कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन की वजह से यहां उपचुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस के इंदुराज नरवाल जीते। दूसरा उपचुनाव सिरसा जिले की ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर हुआ। किसान संगठनों के आंदोलन के समर्थन में इनैलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने यहां से इस्तीफा दे दिया था। उपचुनाव में दोबारा फिर अभय सिंह चौटाला ही जीते। यानी दोनों उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। अब आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफा देने के बाद फिर से उपचुनाव के हालात हैं। 
 

 

छह साल पहले अपनी पार्टी हजकां का कांग्रेस में किया था विलय 
कुलदीप ने 6 साल पहले अपने पिता स्व. भजनलाल द्वारा बनाई पार्टी हजकां का कांग्रेस में विलय कर लिया था, जिससे अब उन्होंने दोबारा नाता तोड़ दिया है। हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष न बनाए जाने से नाराज कुलदीप बिश्नोई ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा समॢथत निर्दलीय उम्मीदवार काॢतकेय शर्मा को वोट दिया था। राष्ट्रपति चुनाव में भी कुलदीप ने एन.डी.ए. की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना वोट दिया था। 
 

 

ट्वीट कर कल भाजपा में शामिल होने का कुलदीप ने दिया था संकेत
कुलदीप बिश्नोई ने अपने ट्विटर हैंडल पर मंगलवार को 4 अगस्त 10-10 लिखकर कांग्रेस को अलविदा कहने का संकेत दिया, जिसके बाद इंटरनैट मीडिया पर उनके भाजपा में शामिल होने का स्वागत और कांग्रेस को अलविदा कहने पर तरह-तरह की टिप्पणियां शुरू हो गई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News