सैक्टर-29 की रेहड़ी मार्कीट के दुकानदारों को पक्के बूथ अलॉट किए जाएं

punjabkesari.in Wednesday, Jul 20, 2022 - 05:51 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा)। उद्योग व्यापार मंडल चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने यू.वी.एम. के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व पार्षद देवेंद्र सिंह बबला के नेतृत्व में चंडीगढ़  प्रशासन के वित्त सचिव विजय नामदेव राव से मुलाकात कर सैक्टर-29 की रेहड़ी मार्कीट के दुकानदारों को पक्के बूथ दिए जाने की मांग की। इस अवसर पर देवेंद्र सिंह  बबला व कैलाश चंद जैन ने वित्त सचिव को बताया कि शहर में रेहड़ी मार्कीटों के दुकानदारों के लिए पक्के बूथ बनाकर देने की स्कीम चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा 1990-91  में लाई गई थी।

 

1991 में सर्वे के हिसाब से रेहड़ी वालों की रजिस्ट्रेशन हुई थी व 3 हजार रुपए प्रति व्यक्ति से रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाकर उनके पहचान पत्र भी बना  दिए गए थे। लगभग 3900 लोगों रजिस्ट्रेशन हुई थी, जिनमें से अधिकतर को बूथ अलॉट कर दिए गए हैं। लेकिन सैक्टर-29 की रेहड़ी मार्कीट वालों को आज तक बूथ अलॉट नहीं किए जा सके। इनको अभी भी कच्ची मार्कीट में ही बसाया गया है, जबकि रेहड़ी वालों के लिए बनाए गए बूथों में से संैकड़ों बूथ खाली पड़े हैं, जिनमें इन दुकानदारों को बसाया जा सकता है। इसलिए इनको भी बूथ अलॉटमैंट की जानी चाहिए। इससे एक तो इन गरीब दुकानदारों का पुनर्वास हो सकेगा। दूसरा प्रशासन को  भी रैवेन्यू मिलेगा। वित्त सचिव ने मामले को ध्यान से सुना और जल्दी उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सैक्टर-29 रेहड़ी मार्कीट के प्रधान हरीश  खरबंदा उनके साथी दुकानदार व जसपाल सिंह शामिल थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News