चार लाख नव मतदाता बने भाजपा के सदस्य,23 मार्च को सभी मंडलों में होगा नवमतदाता सम्मेलन

punjabkesari.in Tuesday, Mar 15, 2022 - 09:11 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): इसी माह प्रदेश भर में 4 लाख नए मतदाताओं द्वारा पार्टी की सदस्यता लिए जाने से भारतीय जनता पार्टी गदगद दिखाई दे रही है। आज हरियाणा निवास पर प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों, जिला प्रभारियों व जिला अध्यक्षों की बैठक में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने इस कार्य के लिए युवा मोर्चा की सराहना की। इस बैठक में सभी से विचार विमर्श कर आगे की कार्ययोजना भी बनाई गई। सबसे महत्वपूर्ण कार्य इस बार मोर्चों को दिया गया है।
जिन 4 लाख नव मतदाताओं को 10 से 15 मार्च के बीच युवा मोर्चा द्वारा विशेष अभियान के तहत पार्टी का सदस्य बनाया है, उनका मंडल स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। 23 मार्च को शहीदी दिवस पर प्रदेश के सभी 306 मॉडलों में युवा मोर्चा के तत्वावधान में सम्मेलन कर पार्टी की सदस्यता लेने वाले सभी नव मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा।

 


6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस पर महिला सम्मेलन होगा
धनखड़ की अध्यक्षता वाली इस बैठक में यह भी फैसला हुआ कि 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस पर महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने महिला मोर्चा को इससे पहले 20 मार्च से 5 अप्रैल तक एक सदस्यता अभियान भी चलाने के लिए कहा है। धनखड़ ने महिला मोर्चा को 1700 बूथों पर 50-50 महिलाओं को पार्टी की सदस्य बनाने का टारगेट दिया है। धनखड़ के मुताबिक 6 अप्रैल को होने वाले महिला सम्मेलन में ये सभी नई सदस्या भी हिस्सा लेंगी। स्थापना दिवस पर प्रदेश भर में कार्यकत्र्ताओं को पार्टी का झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाने के लिए कहा गया है। अनुसूचित मोर्चा द्वारा भी 14 अप्रैल को बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर की जयंती पर मोर्चा के नए सदस्यों का सम्मेलन करने का निर्णय इस बैठक में लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने अनुसूचित मोर्चा को भी अनुसूचित मतदाताओं की अधिकता वाले 4 हजार बूथों पर 25-25 ने सदस्य बनाने का टास्क दिया गया।

 


19 मार्च को अम्बाला से शुरू होगी यात्रा
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि अमृत महोत्सव के लगातार चल रहे कार्यक्रमों के तहत 19 मार्च और 20 मार्च को हुसैनीवाला और जलियांवाला बाग की यात्रा कर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव सहित हजारों बलिदानियों को भाजपा याद करेगी। प्रदेश के मीडिया प्रमुख संजय शर्मा ने बताया कि इस यात्रा की जिम्मेदारी युवा मोर्चा को दी गई है। 19 मार्च को यह यात्रा अम्बाला से शुरू होगी और 20 को शहीद सुखदेव और राजगुरु के गांव जाकर भाजपा कार्यकत्र्ता उन्हें नमन करेंगे। इसके बाद प्रदेश भर में 23 मार्च को पार्टी का प्रत्येक कार्यकत्र्ता बलिदानियों को नमन करेगा। इस बैठक में प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, पवन सैनी, मोहनलाल बडोली, संगठन मंत्री रविंद्र राजू, पलवल के विधायक दीपक मंगला, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष सुखविंद्र माण्डी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण पंवार आदि सहित प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, सभी जिला प्रभारी व सभी जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News