‘एक माह में यू.के. से आए 92 लोग केंद्र ने प्रशासन को सौंपी लिस्ट’

punjabkesari.in Thursday, Dec 24, 2020 - 11:44 PM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र) : केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ प्रशासन को यू.के. से आने वाले यात्रियों की लिस्ट सौंप दी है। पिछले करीब एक माह में यू.के. से 92 यात्रियों ने चंडीगढ़ की यात्रा की है। सूची मिलने के बाद प्रशासन ने एक हैल्प डैस्क की स्थापना कर दी है और साथ ही उन यात्रियों से संपर्क साधने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार 9 से 21 दिसम्बर के बीच यू.के. से 52 यात्री चंडीगढ़ पहुंचे हैं। इनमें से वीरवार तक 35 यात्रियों से चंडीगढ़ प्रशासन संपर्क कर पाया है, जबकि 17 यात्रियों ने फोन नहीं उठाया। 

 


एक यात्री तो वापस यू.के. भी चला गया 
प्रशासन ने पता किया तो इनमें से एक यात्री गोवा घूम रहा है, जबकि एक वापस यू.के. लौट गया है। बाकी यात्रियों से प्रशासन अभी तक संपर्क नहीं साध पाया है। वह यात्री अभी कहां घूम रहे हैं, प्रशासन को अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। चंडीगढ़ पुलिस को भी यात्रियों की लिस्ट सौंपी गई है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वह इनके घर जाकर जांच करें कि वह घर में हैं या नहीं। बीट स्टाफ को भी ये सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि क्वॉरंटाइन नियमों की सख्ती से पालना करवाई जानी चाहिए, ताकि अगर इन यात्रियों में संक्रमण पाया जाता है तो उसे आगे फैलने से रोका जा सके। 


इंटरनैशनल हॉस्टल में होगा आइसोलेशन सैंटर 
यू.के. से लौटने वाले यात्रियों में अगर कोविड के लक्षण दिखाई देते हैं तो उन्हें पंजाब यूनिवर्सिटी के इंटरनैशनल हॉस्टल में रखा जाएगा। प्रशासन द्वारा उसे आइसोलेशन सैंटर बनाया गया है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यात्रियों से एक अंडरटेकिंग भी लिया गया है कि उन्हें अगले 14 दिन तक होम क्वॉरंटाइन में रहना होगा। प्रशासन ने जिन यात्रियों से संपर्क साधा है, उन्हें कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं और लक्षण दिखने पर तुरंत संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। 


यात्रियों को ट्रैक करने के लिए प्रशासन ने मांगी थी लिस्ट
गौरतलब है कि प्रशासन ने कुछ दिन पहले केंद्र से उन यात्रियों की सूची मांगी थी, जिन्होंने बीते दिनों यू.के. से चंडीगढ़ की यात्रा की है, ताकि एहतिहात तौर पर प्रशासन समय रहते इन यात्रियों को ट्रैक कर सकें। वीरवार को यह सूची चंडीगढ़ प्रशासन को मिली है। इसके बाद यात्रियों तक पहुंचने के लिए प्रयास शुरु कर दिए गए हैं। बुधवार को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने भी कोरोना वायरस के नए रूप को लेकर चिंता जताई थी और शहरवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News