भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने कसी कमर

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 07:57 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल/पांडेय): राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने कमर कस ली है। यात्रा की तैयारियों को चंडीगढ़ में पार्टी नेताओं की आज महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल भी पहुंचे। बैठक में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सभी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों सुरेश गुप्ता, श्रुति चौधरी, रामकिशन गुर्जर, जितेंद्र भारद्वाज, पार्टी विधायकों, वरिष्ठ नेता और कार्यकत्र्ताओं ने गोहिल का स्वागत किया, जबकि बैठक में रणदीप सिंह सुर्जेवाला, कु. शैलजा, किरण चौधरी नहीं पहुंचीं। सुर्जेवाला राजस्थान में राहुल गांधी की यात्रा को लेकर व्यस्त हैं तो कु. शैलजा छत्तीसगढ़ प्रभारी नियुक्त होने की व्यस्तता के चलते नहीं आईं। कु. शैलजा ने बताया कि उनके पास अध्यक्ष का फोन आया था लेकिन उन्होंने अध्यक्ष को नहीं आने का कारण बता दिया था। कु. शैलजा ने कहा कि वह दिल्ली में हुई बैठक में शामिल हुई थीं। 

 

 


इस मौके पर शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी नेताओं को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को अपनी बात पार्टी प्लेटफार्म पर रखनी चाहिए। अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिर्फ कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है, जो देश और प्रदेशहित में काम कर सकती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार ने हरियाणा में जो ऐतिहासिक कार्य किए, आज भी देशभर में उनका उदाहरण दिया जाता है। गोहिल ने दीपेंद्र हुड्डा की तारीफ करते हुए कहा कि वो मजबूती के साथ संसद में किसान, जवान और हर वर्ग की आवाज उठाते हैं। गोहिल ने बैठक में मौजूद सभी नेता व कार्यकत्र्ताओं से भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक सकारात्मक संदेश लेकर यात्रा पर निकले हैं। भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को रोकने के लिए राहुल गांधी ने भारत जोडऩे का प्रयास शुरू किया है। इसीलिए जनता इस यात्रा से भावनात्मक जुड़ाव महसूस कर रही है।

 

 


लाखों की तादाद में हरियाणवी यात्रा का हिस्सा बनेंगे: हुड्डा 
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को पूरे देश में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। हरियाणा में यात्रा का आगमन और इससे लोगों का जुड़ाव ऐतिहासिक होगा। लाखों की तादाद में हरियाणवी यात्रा का हिस्सा बनेंगे। अभी से ही राहुल गांधी के आगमन को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
 

 

 

यात्रा प्रबंधन के लिए 14 कमेटियों का गठन किया: उदयभान
उदयभान ने बताया कि उन्होंने यात्रा प्रबंधन के लिए 14 कमेटियों का गठन किया है। साथ ही सभी 22 जिलों के को-ऑर्डीनेटर नियुक्त किए गए हैं। हरियाणा में यात्रा दो चरणों में होगी। 21 दिसम्बर को फिरोजपुर झिरका से यह हरियाणा में दाखिल होकर सोहना, बडख़ल, फरीदाबाद होते हुए आगे बढ़ेगी। तैयारियों को अमलीजामा पहनाने के लिए उदयभान और दीपेंद्र सिंह हुड्डा जिला स्तर पर बैठकें करेंगे। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी की छवि बिगाडऩे के लिए लगातार षड्यंत्र रचे, फिर भी वो सच्ची आत्मा और सकारात्मक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भारत जोडऩे की उनकी कोशिश जरूर सफल होगी। भाजपा द्वारा समाज में अमीर-गरीब और जात-धर्म के नाम पर जो खाई खोदी गई है, यह यात्रा उस खाई को पाटने का काम करेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News