शहर को आज मिलेगा नया मेयर

punjabkesari.in Friday, Jan 10, 2020 - 08:38 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : शहर को शुक्रवार को नया मेयर मिलेगा। शुक्रवार को चुनाव होगा जिसमें मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुने जाएंगे। नगर निगम में सत्ताधारी भाजपा का बहुमत है और उसके पास नगर सांसद के वोट को मिलाकर कुल 22 वोट हैं। 

जबकि निगम में विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस के पास मात्र 5 वोट हैं। इससे लगभग साफ ही है कि नया मेयर भाजपा का ही होगा। भाजपा ने मेयर पद के लिए राज बाला मलिक को उम्मीदवार बनाया हुआ है, जबकि कांग्रेस ने इसके लिए गुरबख्श रावत को उतारा है। 

पहले मेयर का चुनाव होगा उसके बाद नया मेयर सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव करवाएगा। भाजपा की ओर से सीनियर डिप्टी मेयर पद का प्रत्याशी रवि शर्मा व डिप्टी मेयर पद का प्रत्याशी जगतार जग्गा को बनाया है। कांग्रेस की ओर से सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए शीला फूल सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए रविंदर कौर गुजराल को खड़ा किया गया है।

मुंगेरी लाल के सपने देख रही कांग्रेस : कालिया 
दूसरी ओर, पहले कांग्रेस पार्षद सतीश कैंथ और उसके बाद दविंदर सिंह बबला ने वीरवार को प्रशासन को लिखा है कि मतदान के समय किसी प्रकार के इलैक्ट्रानिक डिवाइस, फोन आदि साथ ले जाने की अनुमति न दी जाए। 

कांग्रेस को भरोसा है कि भाजपा का आपसी गुटबाजी के चलते उन्हें संभवत: एक सीट पर तो जीत मिल सकती है। इस पर निवर्तमान मेयर राजेश कालिया ने कहा कि कांग्रेस तो मुंगेरी लाल के सपने देख रही है।

चंडीगढ़ में पार्टी की साख बचाने के निर्देश :
चुनाव में सत्तारुढ़ भाजपा के प्रत्याशियों की जीत तो लगभग तय है, लेकिन क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए व पार्षदों को एकजुट रखने के लिए बैठकों का दौर जारी रहा। 

पहले भाजपा मुख्यालय कमलम में सांसद किरण खेर व पार्टी अध्यक्ष संजय टंडन व महामंत्री दिनेश ने निर्देश दिए। उसके बाद शाम की चाय के लिए सभी पार्षदों को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निवास बुलाया गया और वहां भी चंडीगढ़ में पार्टी की साख बचाने के निर्देश दिए गए। 

हरियाणा अधिक महत्वपूर्ण :
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना था कि हाईकमान के लिए चंडीगढ़ से अधिक हरियाणा महत्वपूर्ण है। हरियाणा में सहयोगी दल के उप मुख्यमंत्री की अधिक सुनी गई। हाईकमान ने जहां पार्षदों के विवाद खत्म करने का प्रयास किया, वहीं जाट बिरादरी से मेयर को चुनकर हरियाणा में सहयोगी दल की बात मान उससे रिश्ते मजबूत कर लिए। मनोहर  के निवास पर भी पार्षद चंद्रावति शुक्ला व फर्मीला नहीं पहुंची। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News