न्यू OPD में आने वाले मरीजों के लिए बनेगा स्पैशल होल्डिंग प्लेस

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2020 - 03:11 PM (IST)

चंडीगढ़ (रवि) : पी.जी.आई. ने ओ.पी.डी. सर्विस शुरू करने के लिए सभी डिपार्टमैंट के एच.ओ.डी. से सुझाव लिए हैं। इसके बाद तय किया गया है कि पी.जी.आई. न्यू ओ.पी.डी. में आने वाले मरीजों के लिए एक स्पैशल होल्डिंग प्लेस तैयार किया जाएगा।

पी.जी.आई. डायरैक्टर डॉ. जगत राम के मुताबिक ओ.पी.डी. के साथ मल्टी लैवल पार्किंग को होल्डिंग प्लेस बनाने जा रहे हैं, जहां आने वाले मरीजों को बिठाया जाएगा। ओ.पी.डी. में 50 या 100 मरीज को एंट्री दी जाएगी। एक साथ सभी को अंदर आने नहीं दिया जाएगा। पार्किंग में एक हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की क्षमता है। जहां तक कार्डियक, ए.पी.सी., आई सैंटर का सवाल है तो वहां मरीजों के लिए सुविधा है। वहां दिक्कत नहीं होगी।

पहले फेज में सिर्फ चंडीगढ़ के लोगों की होगी एंट्री :
सर्विस को कई फेज में खोला जाएगा पहले फेज में सिर्फ चंडीगढ़ के लोगों को ही पी.जी.आई. में आने को कहा जाएगा। जी.एम.सी.एच. और जी.एम.एस.एच. -16 से रैफर होने वाले मरीजों को लिया जाएगा। आसपास के राज्योंके मरीजों को पी.जी.आई. में अभी इलाज करवाने के लिए इंतजार करना होगा। उनके लिए टेली कंसल्टेशन सर्विस जारी रहेगी। 

कौन-कौन से मरीज आ सकेंगे :
पी.जी.आई. डायरैटर कहते हैं कि यह चुनाव करना मुश्किल काम है कि कौन-कौन से मरीज पी.जी.आई. आएंगे। इसके लिए फैसला लिया गया है कि जिन मरीजों को अभी तक टेली कंसल्टेशन सर्विस दी जा रही थी, उनमें से सीरियस और जिन्हें फिजीकली देखना जरूरी है, उन्हें ही बुलाया जाएगा। 

मरीज के कॉन्टैट नंबर्स और एड्रैस पी.जी.आई. के पास हैं। साथ ही कई विभागों के पास फॉलोअप मरीजों के भी नंबर हैं, जिन्हे कॉल कर ओ.पी.डी. में चैकअप के लिए बुलाया जाएगा।

सबको इलाज देने की कोशिश :
डायरैटर डॉ. जगत राम कहते हैं कि पी.जी.आई. कोशिश कर रहा है कि जरूरतमंद को इलाज मिल सके। अगर सभी मरीजों को बुला लिया गया तो सोशल डिस्टैंसिंग मैंटेन नहीं हो पाएगी। साथ ही संक्रमण का खतरा रहेगा। जैसे-जैसे चीजें सही होती जाएंगी, सर्विस को बढ़ा दिया जाएगा। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News