हरियाणा को बैक गियर में चला रही  भाजपा-जजपा सरकार: हुड्डा

punjabkesari.in Tuesday, Jan 24, 2023 - 08:06 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि भाजपा-जजपा सरकार हरियाणा को बैक गियर में चला रही है, क्योंकि 2014 से पहले जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन और विकास में नंबर वन था, उसे भाजपा ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध में नंबर वन बना दिया। हुड्डा आज कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। 
 

 

 

पिछले 2 साल से पी.आर.आई. की ग्रांट भी नहीं दी जा रही
हुड्डा ने कहा कि सरपंचों पर ई-टैंडरिंग थोप कर सरकार पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर कर रही है। पंचायतों और गांव के प्रति सरकार का नकारात्मक रवैया तभी स्पष्ट हो गया था जब उसने बार-बार चुनाव को टाला था। आखिरकार कोर्ट के आदेश पर चुनाव हुए और जनता के वोटों से सरपंच चुने गए। लेकिन अब सरकार उन्हें काम नहीं करने देना चाहती। इसलिए उन्हें ई-टैंडरिंग के जंजाल में फंसा दिया गया। इसी तरह पिछले 2 साल से पी.आर.आई. की ग्रांट भी नहीं दी जा रही।
 

 

 

कालेजों में आधे से ज्यादा 4500 पद खाली 
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था का बंटाधार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूलों के साथ कालेजों में भी टीचर्स का टोटा है। प्रदेश के कालेजों में स्वीकृत करीब 8000 पदों में आधे से ज्यादा 4500 पद खाली पड़े हैं। उन्होंने खाली पड़े पदों पर जल्द व पारदर्शी तरीके से भर्ती की मांग। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने एकबार फिर इस सरकार की फर्जी पारदॢशता की पोल खोल दी है। कंट्री एंड प्लाङ्क्षनग विभाग में हुई जूनियर ड्राफ्ट्समैन की भर्ती में धांधली साबित हो गई है। इसलिए कोर्ट ने एच.एच.एस.सी. को 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। सरकार भर्ती घोटालों का ठीकरा सिर्फ एच.एस.एस.सी. या एच.पी.एस.सी. पर नहीं फोड़ सकती। सरकार के संरक्षण बिना इतने बड़े और बार-बार घोटाले संभव नहीं हैं।  
 

 

 

पाले के चलते सरसों की 60 फीसदी तक फसल खराब हो चुकी 
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मौसम की मार झेल रहे सरसों किसानों के लिए मुआवजे की मांग की। पाले के चलते सरसों की 60 फीसदी तक फसल खराब हो चुकी है लेकिन अब तक सरकार द्वारा स्पैशल गिरदावरी और मुआवजे के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। हुड्डा ने एक बार फिर सरकार से गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों को उनकी फसलों का उचित रेट देने के लिए जो कोशिश शुरू की थी, बी.जे.पी. ने सत्ता में आने के बाद उस पर ब्रेक लगा दी। उदाहरण के तौर पर कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में गन्ने के रेट को 117 से 310 रुपए प्रति किं्वटल तक पहुंचाया। इस दौरान रेट में 165 प्रतिशत यानी हर साल 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। लेकिन बी.जे.पी. ने अपने अब तक के सवा 8 साल के कार्यकाल में कुल 17 प्रतिशत ही बढ़ोतरी की है। यानी कांग्रेस के 1 साल और बी.जे.पी. के सवा 8 साल की बढ़ोतरी बराबर है। 
 

 

 

कुश्ती संघ अध्यक्ष ने अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए मेरा और दीपेंद्र का नाम घसीटा 
हुड्डा ने पहलवानों द्वारा कुश्ती संघ व उसके अध्यक्ष पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि कुश्ती संघ अध्यक्ष ने अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए मामले में उनका और दीपेंद्र का नाम घसीटा। कानूनी सलाह-मशविरा के बाद उन पर मानहानि का मुकद्दमा करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के खेल मंत्री पर लगे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मंत्री के पद पर रहते यह जांच संभव नहीं है। इसलिए नैतिकता के आधार पर उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
 

 

 

कांग्रेस सरकार बनने पर पी.पी.पी. और प्रॉपर्टी आई.डी. को बंद किया जाएगा
पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया कि गठबंधन सरकार ने जनता को परेशान करने के लिए उस पर परिवार पहचान पत्र और प्रॉपर्टी आई.डी. को थोपा है। जबकि इसके जरिए इक_ा किए गए डाटा की गोपनीयता सुनिश्चित नहीं की गई। सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि इस डाटा का कोई राजनीतिक इस्तेमाल या दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि पी.पी.पी. और प्रॉपर्टी आई.डी. के जरिए सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के अलावा कोई काम नहीं किया। कांग्रेस सरकार बनने पर पी.पी.पी. और प्रॉपर्टी आई.डी. को बंद किया जाएगा।
 

 

 

हरियाणा में 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाने जा रही कांग्रेस 
इससे पहले चौधरी उदयभान ने पत्रकारों को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा को ऐतिहासिक सफलता मिली। उदयभान ने बताया कि अब कांग्रेस हरियाणा में कांग्रेस 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाने जा रही है। इसको लेकर 25 जनवरी दोपहर 2 बजे प्रदेश कार्यालय में पार्टी की बैठक होगी। बैठक में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। यह अभियान 2 महीने तक चलेगा। उन्होंने ने बताया कि इस अभियान के तहत कांग्रेस बूथ, ब्लॉक, गांव और जिले तक जाएगी। हर जिले में 1-1 जिला स्तरीय कार्यक्रम किया जाएगा। उदयभान ने कांग्रेस द्वारा भाजपा की कुनीतियों पर तैयार चार्जशीट का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस चार्जशीट को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News