प्रशासन ने होटल बनाने का प्रस्ताव किया रिजैक्ट

punjabkesari.in Saturday, Aug 17, 2019 - 10:06 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : राजीव गांधी चंडीगढ़ टैक्नोलॉजी पार्क स्थित 5 एकड़ भूमि में पी.पी.पी. मोड पर लग्जरी होटल साइट के चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड के प्रस्ताव को प्रशासन ने रिजैक्ट कर दिया है। 

बोर्ड ने यहां पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पी.पी.पी.) मोड पर होटल का निर्माण करने का फैसला लिया था लेकिन प्रशासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। प्रशासन ने साफ किया है कि ऑक्शन के जरिए ही होटल साइट को अलॉट किया जाना चाहिए। इससे पहले भी बोर्ड यहां पर ऑक्शन के जरिए कई साइट्स की ऑक्शन करने का प्रयास कर चुका है लेकिन इसमें वह सफल नहीं हो पाया है। 

इस संबंध में बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने आई.टी. पार्क में पी.पी.पी. मोड पर होटल निर्माण का फैसला लिया था, जिसे बोर्ड मीटिंग में अप्रूवल देकर प्रशासन को भेजा गया था। इसके लिए कंसल्टैंट हायर करने का भी फैसला लिया गया लेकिन प्रशासन ने उनके इस प्रस्ताव को रिजैक्ट कर दिया। प्रशासन ने यहां ऑक्शन के जरिए ही साइट्स की अलॉटमैंट करने के लिए बोला है, इसलिए अब वह ऑक्शन करने के लिए ही प्रयास शुरू करेंगे। 

बता दें कि बोर्ड केंद्र सरकार से इस प्रोजैक्ट में कंसल्टैंसी की मदद लेने वाला था, क्योंकि केंद्र की तरफ से निशुल्क उन्हें ये सुविधा प्रदान की जानी थी। बोर्ड ने इसके लिए केंद्र को लेटर भी लिखा था, लेकिन अब प्रस्ताव रिजैक्ट होने के बाद ये पूरा प्रोजैक्ट बीच में ही बंद हो गया है।

साइट्स की ऑक्शन नहीं हो सकी :
बोर्ड इससे पहले यहां इन साइट्स की ऑक्शन करने का भी प्रयास कर चुका है। यही कारण है कि इसके बाद बोर्ड ने यहां टर्म एंड कंडीशन्स में छूट देने का फैसला लिया था, लेकिन इस संबंध में भी बोर्ड कुछ फाइनल फैसला नहीं कर पाया। बोर्ड को वर्ष 2005 में लंबे समय चली कानूनी लड़ाई के बाद पाश्र्वनाथ डिवैल्पर्स से 123 एकड़ भूमि वापस मिली थी, जिसके बाद से ही यहां कई साइट्स को डिवैल्प करने के लिए बोर्ड लगा हुआ है। 

दो साइट्स पर बनने हैं फ्लैट्स :
बोर्ड ने यहां पर दो साइटों में एक हजार फ्लैट्स के निर्माण का फैसला लिया है, जबकि बाकी 18 साइट बिल्डर और डिवैल्पर को ऑक्शन की जाएंगी लेकिन रेट अधिक होने के चलते पांच बार ऑक्शन के बावजूद कोई बोलीदाता इसके लिए आगे नहीं आया है। 

इसके अलावा प्रॉपर्टी लीज होल्ड पर होना भी इसका एक बड़ा कारण है। इससे पहले बोर्ड ने 8.23 एकड़ भूमि पर हॉस्पिटल बनाने का फैसला लिया, जिसके लिए रिजर्व प्राइस 308 करोड़ रखा गया था। वहीं, 4.5 एकड़ की स्कूल साइट के लिए रिजर्व प्राइस 188 करोड़ तय किया था। हॉस्पिटल व स्कूल दोनों ही साइटें लीज होल्ड पर हैं, जबकि रैजीडैंशियल साइट फ्री होल्ड पर हैं। 

नए सिरे से तैयार करना होगा प्रस्ताव :
बोर्ड को यहां अब साइट्स की अलॉटमैंट ऑक्शन के जरिए करने के लिए नए सिरे से पूरा प्रस्ताव तैयार करना होगा। इसके लिए बोर्ड जल्द ही अप्रूवल लेने की प्रक्रिया शुरू कर देगा। बोर्ड का यहां पर मॉल बनाने का भी प्रस्ताव है लेकिन साइट्स की अलॉटमैंट न होने के चलते ही इसका काम लटकता जा रहा है। रैजीडैंशियल  साइट्स के लिए भी प्रशासन के पास कुछ अप्रूवल्स लटकी हुईं हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News