एम.पी. पुलिस के ए.डी.जी.पी. डायल 112 परियोजना का अध्ययन करने पहुंचे हरियाणा

punjabkesari.in Monday, Sep 13, 2021 - 07:14 PM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल): हरियाणा पुलिस द्वारा नागरिकों को चौबीसों घंटे कम से कम समय में पुलिस सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई ऐतिहासिक पहल ‘हरियाणा 112’ ने थोड़े ही समय में आम लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। हरियाणा 112 की कार्यप्रणाली को समझने के लिए प्रदेश के अन्य राज्यों से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इमरजैंसी रिस्पांस स्पोर्ट सिस्टम (ई.आर.एस.एस.) का अध्ययन करने के लिए हरियाणा 112 परियोजना का दौरा कर रहे हैं। इसी कडी में आज मध्यप्रदेश के ए.डी.जी.पी. एस.के. झा  ने भी हरियाणा 112 की कार्यशैली को जानने के लिए प्रदेश का दौरा किया।

 


झा ने पुलिस मुख्यालय पहुंच कर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.)  प्रशांत कुमार अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। ए.डी.जी.पी. दूरसंचार और आई.टी. हरियाणा ए.एस. चावला, ए.डी.जी.पी. (लॉ एंड ऑर्डर) हरियाणा नवदीप सिंह विर्क, एस.पी. ई.आर.एस.एस. उदय सिंह मीणा भी उपस्थित थे।


इस अवसर पर डी.जी.पी. अग्रवाल ने झा को अवगत कराया कि राज्य सरकार के सहयोग से शुरू की गई हरियाणा 112 सेवा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में कहीं भी 24 घंटे बिना किसी देरी के जरूरतमंदों को सुरक्षा और आपातकालीन सेवाएं प्रदान करना है। 600 से अधिक ई.आर.वी. वाहनों के माध्यम से इसे संचालित किया जा रहा है।


इसके उपरांत झा ने पंचकूला स्थित स्टेट इमरजैंसी रिस्पांस सैंटर का दौरा कर हरियाणा 112 की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल करते हुए इसके सफल कार्यान्वयन की भी सराहना की। इस दौरान चावला, जो हरियाणा 112 परियोजना के नोडल अधिकारी भी हैं ने विस्तार से 112 परियोजना की कार्यप्रणाली के बारे में उन्हें अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि आपातकालीन परिस्थितियों में हरियाणा 112 सेवा सूचना मिलने के तुरंत बाद ही नागरिकों को मदद पहुंचाने के लिए जानी जाती है। हाल ही में बिहार पुलिस से भी सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने इस परियोजना का दौरा कर सराहना की थी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Vikash thakur

Recommended News

Related News