सैक्टर-48 और सैक्टर-32 के अस्पताल में लगाए जाएंगे ऑक्सीजन प्लांट

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2020 - 09:50 PM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा) : केंद्र सरकार ने शहर में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए अपनी अनुमति दे दी है। यह प्लांट सैक्टर-48 और सैक्टर-32 के अस्पताल में लगाए जाएंगे। वार रूम की मीटिंग में अधिकारियों ने प्रशासक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद ही प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने इसके लिए पी.एम. नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आक्सीजन प्लांट के लगने से अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई सभी बैड तक पाइप लाइन के जरिए होगी, जो अभी फिलहाल सिलैंडर के जरिए होती है। इससे मरीजों को काफी फायदा मिलेगा। 

 


प्रशासन ने कहा कि हर साल हर बार की तरह सुखना लेक पर कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते इस बार लेजर शो का नहीं होगा। दीवाली पर हर साल  यह आयोजन किया जाता था। वहीं प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर के कई मार्कीट व भवनों पर की जाने वाली लाइटिंग की अनुमति रहेगी। 
रामलीला प्रतियोगिताओं को शर्तों के साथ मंजूरी मिलेगी
रामलीला प्रतियोगिताओं को भी प्रशासन मंजूरी देगा, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें तय की जाएंगी। यह प्रतियोगिताएं किसी बंद जगह पर, जैसे कि थिएटर आदि में आयोजित नहीं कराई जा सकेंगी। यह प्रतियोगिताएं खुली जगह पर की आयोजित की जाएंगी। 

31 विशेषज्ञ डॉक्टरों की हुई भर्ती 
समीक्षा बैठक में प्रशासक को जानकारी दी गई कि चंडीगढ़ प्रशासन ने 31 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की है। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव को आदेश दिए कि वह यह सुनिश्चित करें कि इन डॉक्टरों की तैनाती शहर के विभिन्न डिस्पैंसरी आदि में की जाए, ताकि लोगों को इलाज उनके घर के पास ही मिल सके। उन्हें इलाज के लिए जी.एम.सी.एच.-32, जी.एम.एस.एच.-16 और पी.जी.आई. न जाना पड़े। इससे इन सभी हॉस्पिटलों में भीड़ भी अधिक होती है। 
पी.जी.आई. को ओ.पी.डी. जल्द खोलने के निर्देश 
बैठक में पी.जी.आई. के डायरैक्टर प्रो. जगतराम ने बताया कि नेहरू एक्सटैंशन ब्लॉक में अब कोरोना के सिर्फ 87 गंभीर मरीज ही भर्ती हैं। बदनौर ने पी.जी.आई. को आदेश दिए कि वह ओ.पी.डी. को खोलने की प्रक्रिया शुरू करें, क्योंकि स्थितियां धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही हैं।  जी.एम.सी.एच.-32 के कार्यकारी निदेशक ने बताया कि उनके द्वारा लिए गए 1136 कोरोना के सैंपल में से 37 पॉजीटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की निदेशक ने बताया कि उनके द्वारा लिए गए 2596 कोरोना के सैंपल में से सिर्फ 68 ही पॉजीटिव पाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में मलेरिया और डेंगू को लेकर 11,012 घरों की जांच की गई, जिनमें से सिर्फ तीन संक्रमण के मामले ही सामने आए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

ashwani

Recommended News

Related News