कंज्यूमर कमीशन ने जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड पर लगाया हर्जाना

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 08:03 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज): चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन ने शादी वाले दिन हैलीकॉप्टर की सेवा न देने पर दिल्ली की जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड पर 25 हजार रुपए हर्जाना लगाया है। वहीं, शिकायतकर्ता के हैलीकॉप्टर बुकिंग के लिए दिए 4 लाख भी 9 प्रतिशत ब्याज सहित वापस करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा 8 हजार रुपए अदालती खर्च के रूप में भरने के आदेश दिए गए हैं।

 

 

चंडीगढ़ के सैक्टर 30-बी के अमनदीप जोशी ने यह शिकायत दायर की थी। शिकायतकर्ता ने हैलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ को लेकर संबंधित अथॉरिटी से आवश्यक मंजूरी ली थी। हालांकि इसके बावजूद प्रतिवादी पक्ष सेवा प्रदान नहीं करवा सकी। इसे सेवा में कोताही और गलत व्यापारिक गतिविधियां बताया गया।

 

 

जालंधर से ऊना और फिर वापस जालंधर का रूट था
अमनदीप ने अपनी शादी के लिए संबंधित कंपनी का हैलीकॉप्टर बुक किया था। 23 फरवरी, 2019 को जालंधर में शादी रखी गई थी। जालंधर से ऊना (हिमाचल प्रदेश) और ऊना से फिर वापस जालंधर के लिए बुकिंग की गई थी। एविएशन कंपनी ने अपनी कोटेशन में 4,20,375 रुपए रेट कोट किया था। इसमें उड़ान, ट्रिप प्लान और बाकी खर्च भी शामिल थे।

 

 

सेफ लैंडिंग के प्रबंध किए मगर हेलिकॉप्टर ने लैंड नहीं किया
24 जनवरी, 2019 को शिकायतकर्ता ने 1 लाख एयरलोजिक एविएशन सॉल्यूशंस को दिए थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि 20 फरवरी को 3 लाख और दिए। 21 फरवरी को प्रतिवादी पक्ष के कर्मचारियों ने हैलीकॉप्टर के सुरक्षित टेक-ऑफ और लैंडिंग के आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर लगा दिया था। इसके बावजूद 23 फरवरी को न हैलीकॉप्टर आया और न ही प्रतिवादी पक्ष ने उनके फोन का जवाब दिया। मामले में बाकी 20,375 रुपए सर्विस मुहैया करवाए जाने के बाद शिकायतकर्ता को देनी थी।

 

 

कंपनी की ओर से कोई पेश नहीं हुआ
शिकायतकर्ता को शादी में एविएशन कंपनी की सेवाओं में कोताही बरतने के चलते काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। वहीं आरोपों के मुताबिक कंपनी ने रिफंड भी नहीं किया। जबकि इसे लेकर लीगल नोटिस भी भेजे गए थे। वहीं, कमीशन द्वारा नोटिस भेजने के बावजूद प्रतिवादी पक्ष की ओर से कोई पेश नहीं हुआ तो एक्स-पार्टे घोषित कर दिया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News